विकास कुमार, सहरसा। जिले के पतरघट थाना क्षेत्र के गोलमा पूर्वी पंचायत स्थित तिलाठी गांव के एक बगीचे में 18 वर्षीय युवक का फंदे से झूलता हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आस पास लोगों की भीड़ जमा हो गई।

इधर सूचना मिलते ही मौके पर सदर एसडीपीओ आलोक कुमार पुलिस बलों के साथ पहुंचे और फिर युवक के शव को पेड़ से उतारा गया। मृतक युवक की पहचान ओमप्रकाश मंडल के 18 वर्षीय पुत्र घनश्याम कुमार के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों का कहना है मृतक घनश्याम दो-तीन दिनों से अपने घर पर अधिक रुकता नही था। घर आता भी था, तो खाना खाने के बाद बाहर निकल जाता था।

परिजनों ने बताया कि, कल भी मृतक अपने घर नही आया था। सुबह घर वालों को पता चला कि उसके घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक बगीचे में उसका शव लटका हुआ पड़ा है, जिसे देख मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया।

वहीं, घटना स्थल पर पहुंचे सदर एसडीपीओ ने कहा कि, सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल की टीम पहुंची है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मृतक के शरीर पर किसी तरह के जख्म के निशान नही पाए गए हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो पाएगा।

ये भी पढ़ें- पटना नीट छात्रा मौत मामला: हॉस्टल संचालक मनीष रंजन की जमानत याचिका पर सुनवाई आज, कोर्ट ने CBI से पूछे थे यह सवाल