हरियाणा के रोहद टोल प्लाजा पर हांसी डिपो की रोडवेज बस ने 22 साल के टोल कर्मचारी कपिल को कुचल दिया। नौकरी के पहले ही दिन हुई इस मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। बस ड्राइवर विश्वजीत बिना टोल दिए भागने की कोशिश कर रहा था। रोहतक पीजीआई में डॉक्टरों ने कपिल को मृत घोषित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रोहतक/रोहद: हरियाणा के रोहद टोल प्लाजा पर आज सुबह रोहतक से दिल्ली की ओर जा रही हांसी डिपो की एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ड्यूटी पर तैनात टोल कर्मचारी को कुचल दिया। घायल हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पहले ही दिन मातम में बदली खुशियां
दरअसल, मृतक की पहचान 22 वर्षीय कपिल पुत्र आनंद के तौर पर हुई । कपिल ने आज ही रोहद टोल पर अपनी नौकरी ज्वाइन की थी। नौकरी के पहले ही दिन वह सुबह-सुबह अपनी ड्यूटी पर तैनात था, उसे क्या पता था कि जिस बस को वो रुकवाने की कोशिश कर रहा है, वही उसकी जान ले लेगी।
बिना टोल दिए भागने की कोशिश में वारदात
घटना के वक्त मौजूद लोगों ने बताया कि हांसी डिपो की बस जिसे ड्राइवर विश्वजीत, निवासी गढ़ी हांसी चला रहा था, दिल्ली की तरफ जा रही थी। बस ड्राइवर ने टोल टैक्स देने के बजाय बस की रफ्तार बढ़ा दी और वहां से भागने की कोशिश की। टोल को बचाने के लिए कपिल बस के आगे खड़ा हो गया और उसे रुकने का इशारा किया।
ड्राइवर ने बस रोकने के बजाय कपिल को सीधी टक्कर मार दी और उसे कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
पीजीआई में डॉक्टरों ने तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल कपिल को रोहतक पीजीआई (PGI) ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई और परिवार का रोना
गौरतलब है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर ड्राइवर विश्वजीत के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। एक तरफ जहां रोडवेज ड्राइवर की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं कपिल के घर में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर से आज सुबह बेटा नौकरी पर निकला था, वहां अब उसकी लाश पहुंचने का इंतजार हो रहा है।

