अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में संचालित आवासीय विद्यालय एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। कभी छात्राओं के लापता होने की घटनाएं तो कभी छात्रावास की अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का कई किलोमीटर पैदल सफर तय कर कलेक्टर कार्यालय पहुंचना। इन सबके बीच अब शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय विचारपुर से एक और गंभीर मामला सामने आया है। यहां कक्षा 12वीं के छात्र सुमित चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, अनूपपुर जिले के ग्राम पयारी निवासी छात्र सुमित चौधरी पिछले कुछ दिनों से विद्यालय के छात्रावास में बीमार चल रहा था। बताया जा रहा है कि विद्यालय प्रबंधन ने उसका प्रारंभिक उपचार भी कराया था। लेकिन 16 फरवरी को अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर छात्र के दादा उसे अपने साथ घर ले गए। जहां उपचार के दौरान 19 फरवरी को उसकी मौत हो गई।
छात्र की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि छात्र की तबीयत लगातार बिगड़ने के बावजूद समय रहते उसे छुट्टी नहीं दी गई, जिससे समुचित इलाज नहीं हो सका और अंततः उसकी जान चली गई। इस घटना ने एक बार फिर आवासीय विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।इधर विद्यालय में कार्यरत एक प्यून लक्ष्मी ने भी छात्रावास के छात्रों को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उनके अनुसार छात्रावास के कई छात्र बेकाबू हैं और पाइप के सहारे हॉस्टल से भागकर शहडोल शहर पहुंच जाते हैं, जहां कथित तौर पर नशे जैसी गतिविधियों में शामिल होते हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर सोहागपुर से दो छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया था। वहीं गोहपारू स्थित सीनियर आदिवासी कन्या आश्रम छात्रावास की छात्राएं करीब 50 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्टर कार्यालय पहुंची थीं और अधीक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके अलावा एकलव्य आवासीय विद्यालय हर्री से 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा भी रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी, जिस पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
इस पूरे मामले में जनजातीय कार्य विभाग के संभागीय उपायुक्त जेपी यादव ने बताया कि छात्र की मौत की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि छात्र बीमार था और 16 फरवरी को उसके दादा उसे घर ले गए थे, जहां 19 फरवरी को उसकी मौत हुई,वहीं छुट्टी नहीं दिए जाने के आरोपों को उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


