इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में एक बड़ा हादसा सामने आया है। जहां रेलवे की एक जर्जर बिल्डिंग अचानक मौत का जाल बन गई। स्क्रैप निकालने के दौरान भरभराकर गिरी इमारत के मलबे में दबकर एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

खंडवा के तीन पुलिया क्षेत्र में मीटरगेज के एक पुराने और जर्जर रेलवे भवन से स्क्रैप निकालने का काम चल रहा था। तभी अचानक इमारत का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और वहां काम कर रहे कर्मचारी मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया गया और दबे हुए कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रेलवे में पदस्थ मास्टर क्राफ्ट्समेन शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गई। 

वहीं, सहायक कर्मचारी वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। और यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी जर्जर इमारत में सुरक्षा के बिना काम क्यों कराया जा रहा था?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m