प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। कबीरधाम जिले में पुलिस की सतर्कता से आज बड़ी वारदात टल गई। यू-ट्यूब में वीडियो देखकर एटीएम मशीन काटने पहुंचा आरोपी गैस कटर के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। पूरा मामला लोहारा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, लोहारा निवासी आरोपी नंदलाल साहू (30) ने कर्ज से परेशान होकर यूट्यूब पर एटीएम काटने का वीडियो देखकर पूरी टेक्निक सीख ली। इसके बाद गैस कटर, गैस और ऑक्सीजन सिलेंडर समेत अन्य उपकरण जुटाकर एटीएम को काटकर लाखों रुपए लूटने की योजना बनाई थी, जिसे पुलिस ने धरदबोचा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले भी सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान के एटीएम में चोरी की कोशिश कर चुका था, लेकिन हर बार असफल रहा।


ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में छेड़छाड़ की शिकायत के बाद पुलिस पहले से अलर्ट थी। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर लगातार एटीएम की चेकिंग और रात्रि गश्त बढ़ा दी गई थी। 24 मार्च की रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक युवक पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम के पास संदिग्ध हालत में दिखा। शक होने पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से गैस कटर, सिलेंडर, सब्बल, नकाब और अन्य उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी से घटना स्थल पर सीन रीक्रिएट करवाया, जिसमें उसने बताया कि वह गैस कटर से एटीएम मशीन काटने की कोशिश करता था।

आरोपी के पास से जब्त सामान
- गैस कटर मशीन
- गैस व ऑक्सीजन सिलेंडर
- लोहे का सब्बल
- नकाब, रेनकोट, कंबल
- वारदात में इस्तेमाल बाइक
पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
लगातार गश्त और एटीएम चेकिंग की वजह से यह बड़ी चोरी होने से पहले ही नाकाम हो गई। समय रहते कार्रवाई से लाखों रुपए की चोरी टल गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने लोगों से अपील की है कि लालच में आकर अपराध का रास्ता न अपनाएं। शॉर्टकट अपनाने से जिंदगी बर्बाद हो सकती है, ईमानदारी से कमाया गया धन ही सुरक्षित होता है।

