भागलपुर। जिले में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार पंचायत स्तर पर आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्राथमिकता है।

प्रस्तुति में कमी पर नाराजगी

बैठक के दौरान प्रस्तुत की गई पीपीटी में जिला परिषद की रिक्त भूमि से जुड़ी समुचित जानकारी नहीं होने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में सभी प्रस्तुतियां तथ्यात्मक, पूर्ण और पारदर्शी हों। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी जिला परिषदों की खाली जमीन का प्रभावी उपयोग कर पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को नई गति देना चाहती है।

पंचायत भवन और विवाह मंडप योजना पर जोर

मंत्री ने बताया कि जिले की 238 पंचायतों में से 70 पंचायत भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जिनमें 56 भवन क्रियाशील हैं। शेष भवनों को जल्द चालू करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ड्रीम परियोजना ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना’ के तहत भागलपुर की 21 पंचायतों में निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि 45 पंचायतों में भूमि चिन्हित कर ली गई है। बाकी पंचायतों में भी शीघ्र जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विपक्ष पर हमला

मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज विकास पर सवाल उठा रहे हैं, उन्होंने अपने कार्यकाल में पंचायत और ग्रामीण विकास की उपेक्षा की। वर्तमान सरकार घोषणाओं से आगे बढ़कर धरातल पर काम कर रही है और विकास के आंकड़े इसका प्रमाण हैं।