पटना। राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 के चौथे संकल्प उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य के तहत बड़ा फैसला लिया है। इसके अनुसार राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ नहीं जाना पड़े। वर्तमान में 534 प्रखंडों में से 213 प्रखंड ऐसे हैं, जहां एक भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं है। सरकार ने प्रथम चरण में इन्हीं 213 प्रखंडों में कॉलेज खोलने और जुलाई 2026 तक शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने का निर्देश जारी किया है।
55 संस्थान बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
सिर्फ नए कॉलेज ही नहीं, बल्कि राज्य के पुराने और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को भी आधुनिक स्वरूप देने की योजना बनाई गई है। कुल 55 संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने के लिए चयनित किया गया है। इन संस्थानों के बुनियादी ढांचे, शैक्षणिक गुणवत्ता और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को सुदृढ़ करने के लिए चरणबद्ध कार्रवाई की जा रही है।
सरकार ने इन संस्थानों के अनुभवी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति तय करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विकास योजनाएं जमीनी जरूरतों के अनुरूप हों।
लड़कियों की शिक्षा और रोजगार पर फोकस
हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खुलने से विशेष रूप से छात्राओं को बड़ा लाभ मिलेगा। उच्च शिक्षा तक आसान पहुंच से ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक माहौल मजबूत होगा। वहीं, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा मिलेगी, जिससे राज्य के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


