पटना/नई दिल्ली। राजधानी के तालकटोरा स्टेडियम में रविवार को ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के तहत ‘बिहार डेवलपमेंट समिट’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आईपीएस अधिकारी विकास वैभव के नेतृत्व में हो रहे इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिहार में औद्योगिक क्रांति लाना और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। समिट में भाग लेने के लिए 5,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है।
हर जिले में स्टार्टअप और सिंगल विंडो सिस्टम
संस्था का लक्ष्य बिहार के हर जिले में कम से कम 5 नए स्टार्टअप शुरू करना है। उद्यमियों की मदद के लिए एक ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ तैयार किया गया है, जहां बिना किसी शुल्क के मार्गदर्शन और नेटवर्किंग की सुविधा मिलेगी। विकास वैभव ने युवाओं से अपील की कि वे केवल सरकारी नौकरियों पर निर्भर न रहकर उद्यमिता की ओर कदम बढ़ाएं।
दिग्गज राजनेता और निवेशक होंगे शामिल
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल और सांसद मनोज तिवारी, राजीव प्रताप रूडी समेत कई विधायक और पूर्व सांसद शामिल होंगे। समिट में देश-विदेश (अमेरिका, कनाडा, यूरोप) के निवेशक और एक्सपर्ट्स पैनल डिस्कशन के जरिए युवाओं को गाइड करेंगे।
संस्कृति और स्वास्थ्य का संगम
उद्यमिता के साथ-साथ बिहार की सांस्कृतिक विरासत को भी मंच दिया जाएगा। इसमें मनोज तिवारी, कल्पना पटवारी और शंभू शिखर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही, मेदांता अस्पताल द्वारा एक हेल्थ कैंप भी लगाया गया है। इस समिट का विजन बिहार की प्रतिभा को सही निवेश और मार्गदर्शन से जोड़कर राज्य की आर्थिक स्थिति को वैश्विक पहचान दिलाना है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


