रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (नई दिल्ली नगरपालिका परिषद) द्वारा आयोजित चार दिवसीय फ्लावर फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की राजधानी होने के नाते दिल्ली को और अधिक सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ाते हैं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल के प्रति जागरूकता भी पैदा करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “एक समय था जब लोग ट्यूलिप देखने कश्मीर जाते थे, लेकिन आज एनडीएमसी के प्रयासों से दिल्ली में ही ट्यूलिप और अन्य खूबसूरत पुष्पों का नजारा देखने को मिल रहा है।” उन्होंने इस आयोजन को ‘सेल्फी फेस्टिवल’ की संज्ञा देते हुए कहा कि यह महोत्सव नागरिकों के लिए आनंद और उत्साह का अवसर बन गया है। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर फूलों के बीच तस्वीरें ले रहे हैं और परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। सीएम ने कहा कि राजधानी को और अधिक सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ाते हैं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी फैलाते हैं।
पुष्पोत्सव से राजधानी खुशबुओं से सराबोर
रेखा गुप्ता ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद द्वारा आयोजित फ्लावर फेस्टिवल 2026 के दौरान कहा कि फाल्गुन माह में आयोजित यह पुष्पोत्सव राजधानी को रंगों और खुशबुओं से सराबोर कर रहा है। मुख्यमंत्री ने एनडीएमसी के उद्यान विभाग के माली और अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम से पूरा क्षेत्र फूलों से खिल उठा है। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों को भी इन प्रयासों से प्रेरणा लेकर दिल्ली के प्रत्येक क्षेत्र को हरित और सुंदर बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।
सीएम ने एनडीएमसी द्वारा विकसित आकर्षक पुष्प संरचनाओं, पिरामिड आकृतियों और विविध फूलों की सज्जा की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि इसी प्रकार परिश्रम जारी रहा तो पूरी दिल्ली को फूलों से सजाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित इस सुंदर फ्लावर फेस्टिवल में आएं, वसंत ऋतु की इस मनमोहक पुष्प-छटा का आनंद लें और दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने के संकल्प में सहभागी बनें।
18 थीम आधारित सेक्शन के रंग
कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित इस महोत्सव में 48 विभिन्न प्रजातियों के 15,500 से अधिक पोटेड प्लांट्स को 18 अलग-अलग सेक्शनों में प्रदर्शित किया गया है। डहेलिया, पेटूनिया, पैंसी, साल्विया और मैरीगोल्ड जैसे मौसमी पुष्पों के समूह दर्शकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। रंग-बिरंगे फूलों से सजा पूरा परिसर वसंत ऋतु की छटा बिखेर रहा है। उत्सव में ट्रे गार्डन, लैंडस्केप गार्डन, बड़े आकार की हैंगिंग बास्केट और टेरारियम विशेष आकर्षण हैं। इसके अलावा पूर्वी एवं पश्चिमी शैली की पुष्प सज्जा (इकेबाना) भी प्रदर्शित की गई है।
पशु-पक्षी आकृतियों वाले फ्लोरल फिगर, रंग-बिरंगे फ्लोरल बोर्ड तथा पिरामिड, हार्ट शेप, कोनिकल और सिलेंडर आकार की पुष्प संरचनाएं खासतौर पर सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित की गई हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग तस्वीरें ले रहे हैं।
नागरिकों के लिए निःशुल्क प्रवेश
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद द्वारा आयोजित यह चार दिवसीय फ्लावर फेस्टिवल 3 मार्च से 6 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुला रहेगा। कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित इस उत्सव में नागरिक खिले हुए पुष्पों की प्राकृतिक सुंदरता का भरपूर आनंद ले सकेंगे।
फूलों की प्रदर्शनी के साथ-साथ परिसर में कई उपयोगी स्टॉल भी लगाए गए हैं। यहां नर्सरी पौधों, बोन्साई, कैक्टस एवं सक्यूलेंट, हर्बल पौधों और हाइड्रोपोनिक्स से जुड़ी सामग्री उपलब्ध है। इसके अलावा बागवानी उपकरण, बीज, गमले, उर्वरक तथा सजावटी सामग्री की बिक्री भी की जा रही है, जिससे बागवानी में रुचि रखने वाले लोग अपनी जरूरत की वस्तुएं एक ही स्थान पर खरीद सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

