Delhi International Film Festival 2026: दिल्ली में अगले महीने फिल्मी सितारों का मेला लगने जा रहा है, जहां सिनेमा, कला और ग्लैमर एक साथ देखने को मिलेगा। राजधानी दिल्ली में पहली बार इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल-2026 आयोजित किया जा रहा है। दिल्ली सरकार की पहल पर 25 मार्च से 31 मार्च तक प्रतिष्ठित कन्वेंशन सेंटर ‘भारत मंडपम’ में पहले राजधानी के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFD) का आयोजन किया जाएगा। सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने ‘भारत मंडपम’ में दिल्ली के पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFD) का भव्य उद्घाटन किया, जिसमें 100 से ज्यादा देशों की फिल्मों की झलक देखने को मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के 365 दिन पूरे होने के मौके पर आयोजित इस फेस्टिवल में 100 से ज्यादा देशों से 2,000 से ज्यादा फिल्मों की एंट्री आई है। इस आयोजन के तहत केवल बड़े सभागारों में ही नहीं, बल्कि दिल्ली की विभिन्न बस्तियों में भी स्क्रीन लगाकर पंजाबी, गुजराती, तमिल और तेलुगु सहित कई भारतीय भाषाओं की फिल्में दिखाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सोच का उत्सव है। यह एक ऐसा पब्लिक फेस्टिवल होगा जिसमें हर दिल्लीवासी की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और विश्व सिनेमा को आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, इसके माध्यम से स्थानीय फिल्मकारों और तकनीशियनों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा और राष्ट्रीय व वैश्विक प्रतिभाओं के साथ संवाद के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि 25 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाला यह सिटी-वाइड फिल्म फेस्टिवल भारत मंडपम सहित नई दिल्ली के विभिन्न प्रतिष्ठित स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन दिल्ली को फिल्म पर्यटन, प्रतिभा विकास, एवीजीसी, रचनात्मक उद्योग और रोजगार सृजन के नए अवसर प्रदान करेगा।

हर राज्य का कल्चर है दिल्ली का कल्चर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की विविधता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह शहर पूरे भारत का आईना है। उनके मुताबिक दिल्ली का कोई एक अलग कल्चर नहीं है, बल्कि यहां देश के हर कोने की झलक मिलती है। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ फिल्में बनाने की अपील की और कहा कि सिनेमा समाज को दिशा देने की ताकत रखता है।

मिरांडा हाउस और फिल्मों से जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने अपने व्यक्तिगत फिल्म प्रेम का साझा करते हुए बताया कि उन्हें फिल्मों का काफी शौक है। उन्होंने मिरांडा हाउस में पढ़ाई के दौरान आमिर खान और सोनाली बेंद्रे की फिल्म की शूटिंग के दिनों को याद किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद वक्त की कमी के बावजूद, उन्होंने इस फेस्टिवल में तीन से चार फिल्में देखने की इच्छा जताई है।

युवाओं, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा फायदा

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली तेजी से क्रिएटिव कैपिटल बन रही है और यह फिल्म फेस्टिवल उसी दिशा में बड़ा कदम है. देश-विदेश के फिल्मकार, कलाकार और तकनीकी विशेषज्ञ इसमें हिस्सा लेंगे। CineXchange फिल्म मार्केट और Cineverse एक्सपो के जरिए निवेश और सहयोग के नए अवसर मिलेंगे। युवा प्रतिभाओं को अपनी फिल्में दिखाने और इंडस्ट्री से सीधे जुड़ने का मंच मिलेगा। फिल्म पर्यटन बढ़ने से शहर की अर्थव्यवस्था को फायदा होगा, नए रोजगार बनेंगे और दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी।

125 से अधिक फिल्मों का होगा प्रदर्शन

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली सरकार द्वारा संचालित, शहरव्यापी फिल्म महोत्सव है, जिसका उद्देश्य भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को प्रदर्शित करना और फिल्म संस्कृति को आम नागरिकों तक पहुंचाना है। यह महोत्सव नई दिल्ली के विभिन्न स्थलों पर आयोजित होगा। इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम द्वारा किया जा रहा है। आईएफएफडी को दीर्घकालिक सांस्कृतिक परियोजना के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य दिल्ली को वैश्विक फिल्म हब के रूप में स्थापित करना है। दिल्ली फिल्म नीति के अनुरूप यह महोत्सव फिल्म पर्यटन, प्रतिभा विकास, उद्योग सहयोग तथा ऑरेंज इकॉनमी को नई गति देगा। इस फिल्म महोत्सव में 125 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही गाला प्रीमियर, मास्टरक्लास, इंडस्ट्री संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

ये चीजें होंगी मुख्य आकर्षण का केंद्र

फेस्टिवल के मुख्य आकर्षणों में भव्य गाला प्रीमियर और सितारों से सजी विशेष स्क्रीनिंग शामिल होंगी, जो दर्शकों को सिनेमा की चमक-दमक और रचनात्मक उत्कृष्टता का अनूठा अनुभव देंगी। डिजिटल और उभरते सिनेमा को समर्पित विशेष प्रस्तुतियां नई तकनीक और नवाचार की दिशा में हो रहे प्रयोगों को मंच प्रदान करेंगी। हाई ऑक्टेन CineXchange फिल्म मार्केट और Cineverse एक्सपो के माध्यम से फिल्म उद्योग से जुड़े पेशेवरों को नेटवर्किंग, वितरण और निवेश के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, प्रतिष्ठित फिल्मकारों और विशेषज्ञों की मास्टरक्लास तथा इंडस्ट्री पैनल चर्चाएं प्रतिभागियों को गहन ज्ञान और व्यावहारिक समझ प्रदान करेंगी। सांस्कृतिक संध्याएं और लाइव परफॉर्मेंस इस आयोजन को बहुआयामी उत्सव का स्वरूप देंगी, जहां कला और मनोरंजन का संगम दिखाई देगा।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m