Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (06 अप्रैल 2026) की खबरों में दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली हाईकोर्ट ने केजरीवाल की दलील पर जताई आपत्ति, राइट टू एजुकेशन का अधिकार मतलब पसंद का स्कूल नहीं; दिल्ली हाई कोर्ट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का कायाकल्प; एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होगा स्टेशन, दिल्ली हाईकोर्ट ने ‘डॉ. निमो यादव’X अकाउंट बहाल करने के दिए निर्देश प्रमुख रहा।

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली विधानसभा का गेट तोड़कर कार लेकर घुसने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने ड्राइवर समेत तीन लोगों को पकड़ा है. साथ ही आरोपियों के कब्जे से कार भी बरामद कर ली गई है. जांच में पता चला है कि बरामद कार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले पर रजिस्टर्ड है. कार का नंबर UP-26 AZ 8090 है. पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसा करने के पीछे आरोपियों का मकसद क्या था. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

दिल्ली हाईकोर्ट ने केजरीवाल की दलील पर जताई आपत्ति
नई दिल्ली। दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में आज दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में सुनवाई हुई। इस दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने याचिका दाखिल कर जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा से खुद को मामले की सुनवाई से अलग करने (रिक्यूजल) की मांग की। केजरीवाल ने खुद कोर्ट में पेश होकर अपनी दलीलें दीं। सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने रिक्यूजल याचिका दाखिल की है और इसे रिकॉर्ड में लिया जाए। यह याचिका इस आधार पर दायर की गई है कि न्यायाधीश को खुद मामले से अलग किया जाए ताकि सुनवाई निष्पक्ष रहे। सुनवाई की अगली तारीख 13 अप्रैल, सोमवार निर्धारित की गई है।

राइट टू एजुकेशन का अधिकार मतलब पसंद का स्कूल नहीं; दिल्ली हाई कोर्ट
नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने शिक्षा के अधिकार (Right to Education) को लेकर एक महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए स्पष्ट किया है कि किसी बच्चे के शिक्षा के अधिकार में यह शामिल नहीं है कि वह अपनी पसंद का कोई खास स्कूल चुन सके। कोर्ट का यह फैसला एक महिला की अपील पर आया, जिसमें उसने अपने बच्चे को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) श्रेणी के तहत एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा में दाखिला दिलाने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि शिक्षा का अधिकार बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने की गारंटी देता है, लेकिन यह किसी विशेष स्कूल में प्रवेश का अधिकार सुनिश्चित नहीं करता।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का कायाकल्प; एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होगा स्टेशन
नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का जल्द ही पूरी तरह से कायाकल्प होने जा रहा है। स्टेशन का पुनर्विकास हवाईअड्डे की तर्ज पर किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव मिल सके। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पूरा ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया गया है और अब इसके काम को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार, स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिसमें बेहतर वेटिंग एरिया, अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, स्मार्ट एंट्री-एग्जिट सिस्टम और साफ-सुथरा इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होगा।

दिल्ली हाईकोर्ट ने ‘डॉ. निमो यादव’ X अकाउंट बहाल करने के दिए निर्देश
दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने सोमवार को अहम आदेश सुनाते हुए ‘डॉ. निमो यादव’ नाम से चल रहे सटायरिकल (व्यंग्यात्मक) X अकाउंट को बहाल (restore) करने के निर्देश दिए हैं। यह अकाउंट हाल ही में भारत में केंद्र सरकार के अनुरोध पर ब्लॉक किया गया था। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अकाउंट बहाल होने का मतलब यह नहीं है कि सभी सामग्री तुरंत सार्वजनिक हो जाएगी। न्यायालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए गए कुछ कथित आपत्तिजनक ट्वीट फिलहाल ब्लॉक ही रहेंगे। इन ट्वीट्स को समीक्षा प्रक्रिया के बाद ही सार्वजनिक किया जा सकेगा।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
करिप्टेड पोस्ट के जरिए राघव चड्ढा का केजरीवाल पर तंज: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) से चल रहे विवाद के बीच बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। राघव चड्ढा ने अमेरिकी लेखक रॉबर्ट ग्रीन की किताब ‘द 48 लॉज ऑफ पावर’ पढ़ते हुए फोटो शेयर की। राघव चड्ढा ने किताब के पहले पन्ने की स्टोरी भी लगाई। जिसमें लिखा कि मैने पहला चैप्टर खोला। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में LPG आपूर्ति पर सख्ती: राजधानी में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और नियंत्रित बनाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब गोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (ओएमसी) ने सभी गैस वितरकों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि गोदाम से सीधे सिलेंडर बेचना अवैध गतिविधि मानी जाएगी। यदि कोई वितरक नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने शहर में 11 एकीकृत जनस्वास्थ्य लैब (Integrated Public Health Labs) स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस परियोजना को गति देते हुए दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन ने इन लैब्स के संचालन के लिए 116 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये नियुक्तियां कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएंगी। भर्ती के तहत पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ-साथ प्रशिक्षित लैब तकनीशियन भी शामिल किए जाएंगे। इन विशेषज्ञों की नियुक्ति से लैब्स में आधुनिक और सटीक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। (पढ़े पूरी खबर)
IIT दिल्ली रीडेवलपमेंट प्लान: नई दिल्ली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने अपने कैंपस को आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी रीडेवलपमेंट प्लान तैयार किया है। इस योजना के तहत अगले एक दशक में पूरे परिसर का बड़े स्तर पर कायाकल्प किया जाएगा। संस्थान की इस योजना में शैक्षणिक, शोध और आवासीय ढांचे को पूरी तरह से अपग्रेड करने पर जोर दिया गया है। पुराने भवनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, वहीं नई तकनीकों के अनुरूप अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली शराब नीति केस: कथित दिल्ली शराब घोटाला मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने इस मामले में खुद अदालत में पेश होकर अपनी दलीलें रखने का फैसला किया है। मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) ने जानकारी दी है कि केजरीवाल आज अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होंगे और अपना पक्ष रखेंगे। इस बीच, केजरीवाल और अन्य आरोपियों ने दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के समक्ष एक रिक्यूजल (Recusal) आवेदन दाखिल किया है। इस अर्जी में न्यायाधीश से मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने का अनुरोध किया गया है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज में धमकी भरा ई मेल: नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज को सोमवार को एक धमकी भरा ई मेल मिला, जिसमें लिखा गया कि कॉलेज के परिसर में 13 बम लगाए गए हैं और दोपहर तक धमाके हो सकते हैं। इस सूचना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में तुरंत हलचल मच गई। ई मेल में आरोप था कि परिसर में कई विस्फोटक बम लगाए गए हैं और दोपहर तक धमाके संभव है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

