Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (31 मार्च 2026) की खबरों में एलपीजी संकट के बीच दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, लीज एक्सटेंशन और बायोगैस इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए, CM रेखा गुप्ता ने जारी किए 20.26 करोड़ रुपये, लश्कर के निशाने पर थे कालकाजी मंदिर और लोटस टेंपल, ‘डॉ. निमो यादव’ पैरोडी अकाउंट को केंद्र सरकार के निर्देश पर किया ब्लॉक प्रमुख रहा।

एलपीजी संकट के बीच दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते उत्पन्न एलपीजी संकट को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजधानी में चार लाख नए पाइपलाइन नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन मिशन मोड में दिए जाएं। मंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दिल्ली में करीब 18 लाख PNG कनेक्शन देने की कुल क्षमता मौजूद है। इनमें से लगभग 14 लाख कनेक्शन पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष 4 लाख कनेक्शन अब तेजी से उपलब्ध कराने की योजना है।

लीज एक्सटेंशन और बायोगैस इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए, CM रेखा गुप्ता ने जारी किए 20.26 करोड़ रुपये
नई दिल्ली। राजधानी में पशु कल्याण को मजबूत करने और निराश्रित गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार ने अहम पहल की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम में गौशालाओं को लीज एक्सटेंशन समझौते के प्रमाणपत्र वितरित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गायों की सेवा, संरक्षण और संवर्धन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को स्थिरता और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि निराश्रित गोवंश की देखभाल व्यवस्थित तरीके से हो सके।

लश्कर के निशाने पर थे कालकाजी मंदिर और लोटस टेंपल
राजधानी दिल्ली में एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सोमवार, 30 मार्च को एक संदिग्ध आतंकी शब्बीर अहमद को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के तार प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। शब्बीर अहमद ने कबूल किया है कि वह दिल्ली के प्रमुख धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक इलाकों को निशाना बनाने की साजिश में शामिल था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने राजधानी के कालकाजी मंदिर, लोटस टेंपल और छतरपुर मंदिर की रेकी की थी। रेकी के दौरान बनाए गए वीडियो और अन्य जानकारियां उसने पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर को भेजी थीं।

‘डॉ. निमो यादव’ पैरोडी अकाउंट को केंद्र सरकार के निर्देश पर किया ब्लॉक
नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने दिल्ली हाई कोर्ट को बताया कि ‘डॉ. निमो यादव’ नाम से चल रहे पैरोडी अकाउंट को केंद्र सरकार के आदेश पर ब्लॉक किया गया है। कोर्ट में दाखिल हलफनामे के अनुसार यह कार्रवाई सूचना और प्रसारण मंत्रालय के निर्देश पर की गई। X ने कहा कि इस अकाउंट पर ऐसे पोस्ट किए गए थे जिन्हें मानहानिकारक माना गया। आरोप है कि अकाउंट ने फोटो, वीडियो और AI आधारित कंटेंट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को गलत तरीके से पेश किया और उनकी प्रतिष्ठा को प्रभावित करने की कोशिश की।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः–
दिल्ली सरकार की सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड योजना: Saheli Pink Smart Card : दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए लेकर आई सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड (Saheli Pink Smart Card) को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ अफवाहें फैलीं। इन दावों में कहा गया था कि इस कार्ड पर यात्रा की कुछ लिमिट है और एक बस से दूसरी बस में सफर के लिए पैसे अलग से देने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीधे इस बात का खंडन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में स्पष्ट किया कि सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड पर कोई ट्रैवल लिमिट नहीं है और कार्ड धारक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर सकती हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाईकोर्ट में निजी स्कूल फीस विवाद: नई दिल्ली। निजी स्कूलों की फीस नियंत्रण को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में स्कूल प्रबंधन ने दिल्ली सरकार के 2025 के नए फीस नियमों को अदालत में चुनौती दी है। उनका कहना है कि ये नियम उनके प्रशासनिक अधिकारों का उल्लंघन करते हैं। वहीं, दिल्ली सरकार ने अदालत में दलील दी है कि यह कानून शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण और मुनाफाखोरी पर रोक लगाने के लिए लाया गया है, ताकि अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाईकोर्ट ने महिला को 10 साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई: दिल्ली हाईकोर्ट ने 2013 के एक सनसनीखेज मामले में आरोपी महिला को अपने नाबालिग भाई से रेप करवाने में मदद करने का दोषी ठहराते हुए 10 साल की सख्त कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी महिला ने परिवार के भरोसे को तोड़ते हुए अपराध में सक्रिय और जानबूझकर भूमिका निभाई। (पढ़े पूरी खबर)
नेहरू प्लेस बना ‘नो-वेंडिंग’ जोन: नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र नेहरू प्लेस को ‘नो-वेंडिंग’ और ‘नो-हॉकिंग’ जोन घोषित करते हुए वहां अवैध रूप से काम कर रहे सभी वेंडरों को तुरंत हटाने का सख्त निर्देश दिया है। अदालत ने इस मामले में दायर दो वेंडरों की याचिका खारिज कर दी और उन पर 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। कोर्ट ने टिप्पणी की कि ये याचिकाकर्ता पहले भी कई बार इसी तरह की असफल कोशिशें कर चुके हैं, इसलिए इस बार सख्त रुख अपनाया गया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में हाई प्रोफाइल रिश्वत कांड: नई दिल्ली। राजधानी में एक बड़े भ्रष्टाचार मामले का खुलासा हुआ है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के डिप्टी कमिश्नर रैंक के अधिकारी अभिषेक मिश्रा को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अनुसार, अभिषेक मिश्रा पर 4 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह रकम किसी कार्य को कराने या लाभ पहुंचाने के एवज में मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। (पढ़े पूरी खबर)
नाइजीरियाई नागरिक की पुलिस हिरासत में मौत: नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली में पुलिस हिरासत में एक नाइजीरियाई नागरिक की मौत का मामला सामने आया है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, पश्चिमी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने 29 मार्च की रात ‘ऑपरेशन कवच’ के दौरान आरोपी को पकड़ा था। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान क्रिश्चियन एजे प्रॉमिस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हिरासत के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।(पढ़े पूरी खबर)
जानी मानी इंग्लिश टीचर नीतू सिंह के घर में लगी आग: दिल्ली में बड़ा हादसा टल गया है। नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में बीती रात एक रिहायशी मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह मकान देश की जानी-मानी UPSC कोचिंग टीचर नीतू सिंह का बताया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

