Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (10 फरवरी 2026) की खबरों में दिल्ली में जनगणना की तैयारियाँ शुरू, AAP सरकार के दौरान केंद्र–LG पर दर्ज सभी केस होंगे खत्म, फीस निगरानी समिति को लेकर निजी स्कूलों को राहत, देश का पहला एयर टैक्सी कोरिडोर, 20 मिनट में गुरुग्राम से दिल्ली, तिहाड़ में सरेंडर से पहले राजपाल यादव का इमोशनल बयान प्रमुख रहा।

दिल्ली में जनगणना की तैयारियाँ शुरू
राजधानी दिल्ली में आगामी जनगणना को लेकर तैयारियाँ जोरों पर हैं। सूत्रों के मुताबिक, एनडीएमसी और दिल्ली कैंट क्षेत्र में अप्रैल 2026 से जनगणना प्रक्रिया शुरू हो सकती है, जबकि एमसीडी क्षेत्र में यह मई 2026 से शुरू होगी। जनगणना हर 10 साल में आयोजित होने वाला राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसमें देश के हर हिस्से में रहने वाले हर नागरिक को शामिल किया जाता है। यह न केवल जनसंख्या का आंकड़ा जुटाने का काम करता है, बल्कि सरकार को नीति निर्धारण, विकास योजनाओं और संसाधनों के वितरण में भी मदद करता है।

AAP सरकार के दौरान केंद्र–LG पर दर्ज सभी केस होंगे खत्म
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने सत्ता संभालते ही एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सरकार ने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के कार्यकाल में केंद्र सरकार, उपराज्यपाल और वरिष्ठ नौकरशाहों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों को वापस लेने का निर्णय लिया है। सूत्रों के अनुसार, इस फैसले के तहत संबंधित मामलों को वापस लेने के लिए अदालतों में जल्द सुनवाई की मांग भी की गई है। सरकार का कहना है कि इन मामलों से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा था और केंद्र व दिल्ली सरकार के बीच अनावश्यक टकराव की स्थिति बनी हुई थी।

फीस निगरानी समिति को लेकर निजी स्कूलों को राहत
दिल्ली हाईकोर्ट ने निजी स्कूलों को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली सरकार को निर्देश दिया है कि फीस निगरानी समितियों का गठन न करने वाले स्कूलों के खिलाफ 20 फरवरी तक कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की खंडपीठ ने कहा कि यदि सरकार 20 फरवरी तक स्कूल-स्तरीय फीस विनियमन समिति (SLFRC) के गठन पर जोर नहीं देती है, तो इससे किसी भी पक्ष को कोई नुकसान नहीं होगा। हाईकोर्ट ने यह टिप्पणी निजी स्कूलों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान की, जिसमें 1 फरवरी को जारी दिल्ली सरकार की अधिसूचना को चुनौती दी गई थी। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस अधिसूचना पर रोक लगाने से संबंधित याचिका पर 20 फरवरी को अंतिम फैसला सुनाया जाएगा।

देश का पहला एयर टैक्सी कोरिडोर, 20 मिनट में गुरुग्राम से दिल्ली
दिल्ली और गुड़गांव के बीच यात्रा करना अक्सर शाम के समय एक बड़ी चुनौती बन जाती है। लंबी ट्रैफिक लाइनों और घंटों फंसने के बाद commuters परेशान रहते हैं। लेकिन जल्द ही यह मुश्किल भूतकाल की बात हो सकती है। गुड़गांव के ऑफिस से निकलते ही अब आप लिफ्ट के जरिए छत पर पहुंचेंगे और वहां खड़ी एयर टैक्सी में बैठकर सीधे दिल्ली के कनॉट प्लेस तक उड़ान भर सकते हैं। यह कोई विज्ञान कथा नहीं है, बल्कि भारत का अगला बड़ा ट्रांसपोर्ट इनोवेशन है। सरकार और निजी कंपनियों ने इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू कर दिया है, ताकि आने वाले सालों में सिटी ट्रैवल को तेज, सुरक्षित और स्मार्ट बनाया जा सके।

तिहाड़ में सरेंडर से पहले राजपाल यादव का इमोशनल बयान
एक्टर राजपाल यादव (Rajpaal Yadav) ने दिल्ली की तिहाड़ जेल (Tihad Jail) में सरेंडर कर दिया है। यह खबर सामने आते ही उनके फैंस के बीच हलचल मच गई, लेकिन इससे पहले कि वह जेल के अंदर जाते, उन्होंने तिहाड़ जेल के अधिकारियों से जो कहा, उसने सभी को चौंका दिया। सूत्रों के मुताबिक, सरेंडर के दौरान राजपाल यादव ने बेहद शांत और भावुक अंदाज़ में अपनी बात रखी। उनका बयान केवल एक कानूनी प्रक्रिया तक सीमित नहीं था, बल्कि उसने फिल्म इंडस्ट्री के रिश्तों, अकेलेपन और संघर्ष की तरफ भी इशारा किया। यही वजह है कि उनका यह कथन सामने आने के बाद फिल्म जगत के अंदरूनी समीकरणों पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली सरकार का 2026 रोडमैप तैयार: अगर आप दिल्ली में रहते हैं और इलेक्ट्रिक गाड़ी (EV) खरीदने से सिर्फ इसलिए हिचक रहे हैं कि चार्जिंग कहां करेंगे, तो अब आपकी यह चिंता जल्द दूर होने वाली है। दिल्ली सरकार ने प्रदूषण से निपटने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए 2026 तक का विस्तृत रोडमैप तैयार कर लिया है, जिसमें चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को सबसे बड़ी प्राथमिकता दी गई है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाईकोर्ट ने NMC को 6 महीने में फैसला लेने का दिया निर्देश: दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) को कथित मेडिकल लापरवाही से जुड़ी शिकायत पर छह महीने के भीतर निर्णय लेने का निर्देश दिया है। यह मामला सिंगापुर में रहने वाली भारतीय महिला वी. अनीथा की मौत से संबंधित है। मामले के अनुसार, सितंबर 2021 में वी. अनीथा ने लिपोसक्शन सर्जरी (liposuction surgery) कराई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। (पढ़े पूरी खबर)
गाजियाबाद में तीन बहनों की मौत: गाजियाबाद की हाईराइज बिल्डिंग से तीन सगी बहनों के कूदकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि 5 खतरनाक मोबाइल गेम्स ने इन बच्चियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित किया और उनकी मौत का कारण बने। अब गाजियाबाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर इन मोबाइल गेम्स पर तुरंत बैन लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि ऐसे गेम्स बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं और उनके प्रतिबंध से इसी तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली 5-स्टार होटल में गलत हेयरकट केस: दिल्ली के एक 5-स्टार होटल में गलत बाल काटने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया है। यह मामला पिछले 7 सालों से चर्चा में था। सुप्रीम कोर्ट ने मॉडल आशना रॉय को मिलने वाले 2 करोड़ रुपये के मुआवजे को तर्कहीन मानते हुए रद्द कर दिया। कोर्ट ने कहा कि मुआवजे की रकम ख्याली पुलाव पर तय नहीं की जा सकती। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


