Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (04 फरवरी 2026) की खबरों में रजत शर्मा मानहानि मामले में कांग्रेस नेताओं को समन जारी, 16 फरवरी से भारत मंडपम में ‘AI इम्पैक्ट समिट’, दिल्ली के स्कूलों में ‘10 बैगलेस डे’ लागू, PNG कनेक्शन धारकों को भी मिलेगी मुफ्त सिलेंडर की राशि, दिल्ली में तीन मर्डर से दहशत प्रमुख रहा।

1 रजत शर्मा मानहानि मामले में कांग्रेस नेताओं को समन जारी

दिल्ली की साकेत कोर्ट ने वरिष्ठ टीवी पत्रकार रजत शर्मा द्वारा दायर मानहानि मामले में कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने कांग्रेस नेताओं रागिनी नायक, पवन खेड़ा और जयराम रमेश को  आपराधिक मानहानि और जालसाजी के आरोपों में समन जारी किया है और 27 जुलाई 2026 को पेश होने का आदेश दिया। शिकायत में रजत शर्मा ने आरोप लगाया कि रागिनी नायक ने उन पर दुर्व्यवहार करने का झूठा आरोप लगाया और दावा किया कि 4 जून 2024 को लोकसभा चुनाव नतीजों की लाइव डिबेट में उनके खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद पवन खेड़ा और जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर नायक के दावों को दोहराया और वीडियो साझा किया, जिससे मामले ने गंभीर रूप लिया।

पढ़े पूरी खबर…..

2. 16 फरवरी से भारत मंडपम में ‘AI इम्पैक्ट समिट’

राजधानी दिल्ली एक बार फिर दुनिया के सबसे बड़े वैश्विक जमावड़े की मेजबानी के लिए तैयार है। 16 फरवरी से भारत मंडपम में ‘AI इम्पैक्ट समिट’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स, गूगल CEO सुंदर पिचाई और दुनिया भर के दिग्गज CEOs, टेक लीडर्स व पॉलिसी मेकर्स शामिल होंगे। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट को लेकर दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। हालांकि, दिल्लीवासियों के लिए राहत की बात यह है कि इस बार G20 समिट जैसी सख्त पाबंदियां और बड़े पैमाने पर ट्रैफिक प्रतिबंध नहीं लगाए जाएंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

3 दिल्ली के स्कूलों में ‘10 बैगलेस डे’ लागू

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए पढ़ाई अब क्लासरूम से निकलकर अनुभव आधारित होती नजर आएगी। भारी-भरकम स्कूल बैग से राहत देने और बच्चों की रचनात्मकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 से कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए 10 ‘बैगलेस डे’ लागू करने का फैसला किया है। इन बैगलेस दिनों में बच्चे किताबें लाने की बजाय आर्ट, क्राफ्ट, खेल, विज्ञान प्रयोग, स्थानीय भ्रमण, स्किल-बेस्ड एक्टिविटी और ग्रुप वर्क जैसी गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

4. PNG कनेक्शन धारकों को भी मिलेगी मुफ्त सिलेंडर की राशि

दिल्ली सरकार ने होली और दीवाली पर राशन कार्ड धारकों को मुफ्त गैस सिलेंडर देने का फैसला किया है। इस योजना का लाभ एलपीजी के साथ-साथ PNG कनेक्शन धारकों को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को महंगाई से राहत देने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी निर्णय लिया है।

पढ़े पूरी खबर…..

5 दिल्ली में तीन मर्डर से दहशत

देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हत्या की तीन अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई। पहली घटना कनॉट प्लेस इलाके की है, जहां देर रात पार्टी में शामिल होने गए 36 वर्षीय एक बिजनेसमैन की तीन फूड डिलीवरी राइडर्स ने कथित विवाद के बाद हेलमेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दूसरी वारदात गुलाबी बाग की है। यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग ने एक रेलवे कर्मचारी पर पहले गैस सिलेंडर से हमला किया और फिर उसका गला काटकर हत्या कर दी। नाबालिग का दावा है कि रेलवे कर्मचारी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। पुलिस इस आरोप की जांच कर रही है। तीसरी घटना पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में हुई, जहां तीन नाबालिगों ने एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक पर आरोप है कि उसने पहले एक नाबालिग पर हमला किया था, जिसके बाद बदले की भावना में यह वारदात अंजाम दी गई।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

कोहरा, ठंड और प्रदूषण का ट्रिपल अटैक: राजधानी दिल्ली-NCR इलाकों में मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ठंड, घना कोहरा और बढ़ता प्रदूषण तीनों के एक साथ असर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं और सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही, जिसके कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कम विज़िबिलिटी की वजह से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को दफ्तर व अन्य जरूरी कामों के लिए निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। (पढ़े पूरी खबर)

Delhi Traffic Police Zero Tolerance Drive: राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों को राहगीरों के लिए सुरक्षित और जाम-मुक्त बनाने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस इन दिनों ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत पिछले एक महीने में बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 4,800 से अधिक चालान काटे गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान आजादपुर चौक और शालीमार बाग चौक पर सबसे ज्यादा सख्ती बरती गई। ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की गई, जिससे इन व्यस्त चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिली है। (पढ़े पूरी खबर)

तड़पते शख्स को मरता छोड़ मोबाइल लूट ले गए स्कूटी सवार: दिल्ली के रन्होला इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। सड़क पर चलते समय एक शख्स अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों से मदद की उम्मीद थी, लेकिन इसी दौरान एक राहगीर ने कथित तौर पर उसकी सहायता करने के बजाय उसका सामान चुराने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद उस शख्स की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। (पढ़े पूरी खबर)

AAP नेता का BJP सरकार पर हमला: आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्राइवेट स्कूल फीस कंट्रोल एक्ट को लेकर भाजपा सरकार पर कड़ा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता सरकार और प्राइवेट स्कूल लॉबी ने मिलकर कोर्ट में ड्रामा किया और आखिरकार सरकार ने सरेंडर कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्राइवेट स्कूल एक्शन कमिटी ने कोर्ट में मुकदमा दायर किया, उसके अध्यक्ष भाजपा के दिल्ली शिक्षक प्रकोष्ठ के सदस्य हैं। सौरभ भारद्वाज का कहना है कि इससे स्पष्ट होता है कि सरकारी नीतियों और प्राइवेट स्कूलों के बीच गठजोड़ आम छात्रों और अभिभावकों के हित के खिलाफ गया।  (पढ़े पूरी खबर)

किताबों की जगह हथकड़ी: दिल्ली की जेलों में कैदियों की ताजा रिपोर्ट ने एक चौंकाने वाली तस्वीर पेश की है। जिस उम्र में नौजवानों को कॉलेज, करियर और भविष्य संवारने का समय होना चाहिए, उस उम्र के हजारों युवा जेल की सलाखों के पीछे अपने जीवन का सबसे अहम समय बर्बाद कर रहे हैं। दिल्ली जेलों के आंकड़ों के मुताबिक, कुल कैदियों में से 55% से अधिक की उम्र 30 साल से कम है, जो इस बात का संकेत है कि युवाओं के बीच अपराध और जेल जाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। यह स्थिति समाज और प्रशासन दोनों के लिए चिंताजनक संकेत मानी जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m