Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (17 मार्च 2026) की खबरों में नोरा फतेही-संजय दत्त का गाना ‘सरके चुनर’ विवादों में, दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके में पवन ने पिस्टल के साथ वीडियो बनाते हुए गंवाई जान, अर्नब गोस्वामी को दिल्ली हाई कोर्ट का समन, दिल्ली मेट्रो में सफर कर नॉर्वे की राजदूत ने की तारीफ, मेट्रो स्टेशनों के पास गंदगी और अतिक्रमण पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त प्रमुख रहा।

नोरा फतेही-संजय दत्त का गाना ‘सरके चुनर’ विवादों में
बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही और अभिनेता संजय दत्त का नया गाना ‘सरके चुनर, तेरी सरके’ अपनी कथित अश्लीलता के कारण विवादों में घिर गया है। गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसे लेकर जमकर आलोचना और ट्रोलिंग हो रही है। गाने को आपत्तिजनक बताने के बाद शिकायतकर्ता ने दिल्ली पुलिस में मामला दर्ज कराया। शिकायत में कहा गया है कि गाने के बोल और दृश्य बेहद अश्लील और आपत्तिजनक हैं, जो सार्वजनिक शालीनता और सामाजिक मानदंडों के खिलाफ हैं।

दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके में पवन ने पिस्टल के साथ वीडियो बनाते हुए गंवाई जान
नई दिल्ली। दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पवन ने खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना के समय पवन अपने चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल के साथ वीडियो बना रहा था और स्टंटबाजी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, पवन ने पिस्टल में मैगजीन डाली और अपने सीने पर रखकर ट्रिगर दबा दिया, जिससे गोली उसके दिल में लगी और तुरंत उसकी मौत हो गई। घटना के बाद न्यू अशोक नगर थाने में मामले की एफआईआर दर्ज की गई है। शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

अर्नब गोस्वामी को दिल्ली हाई कोर्ट का समन
नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने वरिष्ठ टीवी पत्रकार अर्नब गोस्वामी (Arnab Goswami) को समन जारी कर तलब किया है। यह कार्रवाई कांग्रेस पार्टी द्वारा दायर मानहानि मामले में की गई है। मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने गोस्वामी को नोटिस भेजते हुए पेश होने का निर्देश दिया। मामला उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने एक टीवी शो के दौरान दावा किया था कि कांग्रेस पार्टी का तुर्की में भी कार्यालय है। इस दावे को आधार बनाते हुए कांग्रेस ने इसे मानहानिकारक बताते हुए अदालत का रुख किया है। पार्टी ने गोस्वामी के खिलाफ ₹2 करोड़ के हर्जाने की मांग की है।

दिल्ली मेट्रो में सफर कर नॉर्वे की राजदूत ने की तारीफ
भारत में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर(May-Ellin Steiner) ने वीकेंड पर दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में यात्रा कर इसके संचालन और स्वच्छता की खुलकर सराहना की। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर सफर की तस्वीरें और वीडियो क्लिप्स साझा कीं, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई हैं। राजदूत ने करीब 5 सेकंड और 7 सेकंड की दो छोटी क्लिप्स पोस्ट कीं। हालांकि उन्होंने यात्रा का विस्तृत विवरण साझा नहीं किया, लेकिन वीडियो में उनके खुशी भरे पल और अनुभव साफ नजर आए। पोस्ट में उन्होंने खास तौर पर मेट्रो की साफ-सफाई, व्यवस्था और बेहतर संचालन की तारीफ की। उनके इस अनुभव ने एक बार फिर दिल्ली मेट्रो की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बन रही सकारात्मक छवि को उजागर किया है।

मेट्रो स्टेशनों के पास गंदगी और अतिक्रमण पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने राजधानी में मेट्रो स्टेशनों (Metro Station) के आसपास फैली गंदगी और अवैध कब्जों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने साफ कहा कि मेट्रो दिल्ली की शान है, इसे अतिक्रमण और गंदगी से खराब नहीं होने दिया जा सकता। न्यायमूर्ति अमित बंसल ने सरोजिनी नगर मेट्रो स्टेशन के बाहर से अवैध दुकानों और रेहड़ी-पटरी वालों को हटाने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रियों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। वहीं, मुख्य न्यायाधीश ने आश्रम मेट्रो स्टेशन के आसपास दीवारों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने संबंधित एजेंसियों को साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित रखने को कहा है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली सरकार लेकर आई नई EV पॉलिसी: नई दिल्ली। अगर आपकी पुरानी कार अब सिर्फ गैरेज में खड़ी धूल खा रही है, तो उसे कबाड़ समझने की गलती न करें। दिल्ली सरकार की नई ई-वाहन (EV) नीति के तहत अब ऐसी गाड़ियों के बदले नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर बड़ा फायदा मिल रहा है। सरकार ने साफ किया है कि जो लोग अपनी पुरानी कार को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्र पर जमा कराते हैं, उन्हें नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर ₹1 लाख तक की छूट दी जाएगी। इसके लिए वाहन मालिक को पहले अपनी पुरानी गाड़ी को स्क्रैप कराना होगा और वहां से मिलने वाले स्क्रैपिंग सर्टिफिकेट के आधार पर नई ईवी खरीदनी होगी। नीति के मुताबिक, स्क्रैपिंग सर्टिफिकेट मिलने के छह महीने के भीतर नई इलेक्ट्रिक कार खरीदना अनिवार्य होगा, तभी इस छूट का लाभ मिल सकेगा। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली-बिहार DTC की बस सेवा पर सरकार का जोर: नई दिल्ली। राजधानी से अन्य राज्यों के बीच बस कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने बड़ी पहल की है। निगम अब बिहार समेत 17 अंतरराज्यीय रूटों पर एसी बसें चलाने की योजना पर काम कर रहा है। इस संबंध में दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से बिहार रूट की फिजिबिलिटी स्टडी भी शुरू कर दी गई है, ताकि यात्रियों की मांग और संचालन की संभावनाओं का आकलन किया जा सके। मंत्री के मुताबिक, योजना को अंतिम रूप देने के बाद बिहार सरकार के साथ जल्द ही एक समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किया जाएगा। इसके बाद इन रूटों पर AC बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में ढांचों और गड्ढों से मौतों का सिलसिला जारी: दिल्ली के रूपनगर में मदर डेयरी के पास, ब्लॉक नंबर तीन में नाले के ऊपर बने पुराने लोहे के पैदल पार करने वाले पुल का अचानक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में एक महिला नाले में गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की कि दुर्घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं और बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में ट्रैफिक सुधार को बड़ा बढ़ावा: राजधानी में ट्रैफिक जाम कम करने और आवाजाही को आसान बनाने के लिए दिल्ली सरकार (Delhi Government) ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में दो अहम परियोजनाओं के लिए फंड को मंजूरी दी गई। इनमें प्रमुख परियोजना सराय काले खां से मयूर विहार फेज-1 तक बारापूला एलिवेटेड रोड (फेज-3) (Barapullah Phase-3) का निर्माण है। इसके लिए सरकार ने संशोधित परियोजना लागत ₹1635.03 करोड़ को मंजूरी दी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद पूर्वी दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के बीच ट्रैफिक दबाव कम होने और लोगों की यात्रा आसान होने की उम्मीद है। बारापूला कॉरिडोर के विस्तार से खासतौर पर पीक आवर्स में जाम की समस्या में राहत मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी में मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत दिए हैं। विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे, वहीं कई इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ सकता है। इसके अलावा तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के अनुसार, कई स्थानों पर हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। (पढ़े पूरी खबर)
LPG लीकेज की वजह से मासूम की मौत: देश में एलपीजी के संकट के बीच दिल्ली से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। दिल्ली में एलपीजी रिसाव की वजह से आशीर्वाद अपार्टमेंट में ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई है। इस घटना से बच्ची के परिवार में हड़कंप मच गया है और लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

