Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (03 अप्रैल 2026) की खबरों में डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का ‘आम आदमी’ को मैसेज, राघव चड्ढा के बयान पर आतिशी ने साधा निशाना, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए फिर से खुलेंगी 13 जोनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी, दिल्ली में फिर होगी आर्टिफिशियल बारिश की तैयारी, पशु कल्याण की दिशा में दिल्ली सरकार का अहम कदम प्रमुख रहा।

डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का ‘आम आदमी’ को मैसेज

अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) में एक बार फिर अंदरूनी कलह उभरती नजर आ रही है। पार्टी ने राज्यसभा में अपने सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) को उपनेता पद से हटाने का अनुरोध किया है, जिसके बाद सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए इशारों–इशारों में पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “मुझे खामोश करवाया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं। यह मेरा ‘आम आदमी’ के लिए संदेश है।” चड्ढा के इस बयान के बाद पार्टी के भीतर मतभेद और बढ़ने की चर्चा तेज हो गई है।

पढ़े पूरी खबर…..

राघव चड्ढा के बयान पर आतिशी ने साधा निशाना

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को पार्टी का उपनेता (डिप्टी लीडर) पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह पंजाब से सांसद अशोक मित्तल को नया उपनेता नियुक्त किया गया है। राघव चड्ढा के इस फैसले के बाद पार्टी और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कई कयास लगाए जा रहे हैं कि चड्ढा पार्टी छोड़ कर बीजेपी ज्वॉइन कर सकते हैं। AAP के सूत्रों के अनुसार, राघव चड्ढा ने राज्यसभा में कई जनहित के मुद्दों को उठाया था, जिन पर पार्टी की सहमति नहीं थी। इस फैसले को पार्टी में अनुशासन और सदन में पार्टी रुख को सुनिश्चित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। इस फैसले पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और AAP की सीनियर नेता आतिशी ने भी प्रतिक्रिया दी।

पढ़े पूरी खबर…..

ड्राइविंग लाइसेंस के लिए फिर से खुलेंगी 13 जोनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी

राजधानी दिल्ली में लोगों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। शहर में एक बार फिर पहले की तरह 13 जोनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (ZTA) ऑफिस खोले जाने की तैयारी है। इस फैसले के बाद अब लोगों को गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य ट्रांसपोर्ट से जुड़े कामों के लिए घर से दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही अधिकतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय और परेशानी दोनों की बचत होगी। ट्रांसपोर्ट विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इन 13 जोनल ऑफिसों के नाम पहले की तरह ही रहेंगे, लेकिन इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों (ज्यूरिस्डिक्शन) में कुछ बदलाव किया जाएगा।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में फिर होगी आर्टिफिशियल बारिश की तैयारी

राजधानी दिल्ली में इस बार गर्मी के दौरान एक बार फिर क्लाउड-सीडिंग के जरिए आर्टिफिशियल बारिश कराने की तैयारी की जा रही है। इसका मकसद बढ़ते तापमान और प्रदूषण से राहत दिलाना है। बता दें कि इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी क्लाउड-सीडिंग के ट्रायल किए गए थे, लेकिन वे सफल नहीं हो सके थे। Indian Institute of Technology Kanpur (आईआईटी कानपुर) ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि उस समय बादलों में नमी का स्तर पर्याप्त नहीं था, जिसके चलते बारिश नहीं हो पाई।

पढ़े पूरी खबर…..

पशु कल्याण की दिशा में दिल्ली सरकार का अहम कदम

दिल्ली सरकार ने राजधानी में पशु कल्याण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब सभी 13 राजस्व जिलों में सोसाइटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (SPCA) (Society for Prevention of Cruelty to Animals) का गठन किया जाएगा। इन सोसाइटीज की कमान संबंधित जिला मजिस्ट्रेट (DM) के हाथ में होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह कदम राजस्व जिलों के हालिया पुनर्गठन के बाद उठाया गया है, ताकि पशु संरक्षण से जुड़े कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन जिला स्तर पर सुनिश्चित किया जा सके।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली शराब नीति पर सख्ती: दिल्ली विधान सभा सचिवालय ने ‘दिल्ली में शराब के विनियमन एवं आपूर्ति पर CAG की कार्यनिष्पादन ऑडिट रिपोर्ट’ पर लोक लेखा समिति (PAC) की दूसरी रिपोर्ट के सदन द्वारा अनुमोदित होने के बाद, संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे समिति की सिफारिशों की विस्तृत समीक्षा करें.  31 दिसंबर 2026 तक की स्थिति के अनुसार कार्यवाही प्रतिवेदन तैयार करें. यह प्रतिवेदन अधिकतम 31 जनवरी 2027 तक सदन में प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य है. (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में MCD का सफाई अभियान: दिल्ली में कूड़े और मलबे की समस्या के बीच नगर निगम (MCD) ने सफाई अभियान के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। निगम ने एक महीने के विशेष अभियान में करीब 1.52 लाख मीट्रिक टन (1,52,000 टन) कंस्ट्रक्शन और डिमोलिशन (C&D) वेस्ट हटाया है। एमसीडी के मुताबिक, यह अभियान शहर के अलग-अलग इलाकों में चलाया गया, जहां निर्माण और तोड़फोड़ के मलबे को हटाकर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को साफ किया गया। इस भारी मात्रा को समझने के लिए इसे आसान भाषा में कहा जाए तो यह करीब 30,000 हाथियों के वजन के बराबर मलबा है, जिसे एक महीने में हटाया गया है। (पढ़े पूरी खबर)

ड्रग तस्करी के खिलाफ दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी: दिल्ली पुलिस को ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन कवच 13.0 के तहत स्पेशल स्टाफ ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.031 किलोग्राम कोकीन बरामद की है। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस कोकीन की बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी के नेटवर्क पर प्रभाव डाल सकती है। आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि इस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन का पता लगाया जा सके। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में IPL मैच के चलते ट्रैफिक अलर्ट: दिल्ली में 4 अप्रैल को आईपीएल 2026 का रोमांच शुरू होने जा रहा है। राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। इस दिन दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, दोपहर से लेकर रात तक स्टेडियम के आसपास और मुख्य सड़क मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाएं और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। (पढ़े पूरी खबर)

LPG सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी का भंडाफोड़: रसोई गैस सिलेंडरों की भारी मांग और मची मारामारी के बीच दिल्ली पुलिस ने सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 75 सिलेंडर जब्त किए हैं और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी बता रहे हैं कि यह रैकेट लोगों को महंगे दाम पर सिलेंडर उपलब्ध कराने का काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में शामिल अन्य लोगों और सप्लाई चैन का पता लगाया जा रहा है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m