राजधानी दिल्ली-NCR इलाकों में मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ठंड, घना कोहरा और बढ़ता प्रदूषण तीनों के एक साथ असर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं और सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही, जिसके कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कम विज़िबिलिटी की वजह से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को दफ्तर व अन्य जरूरी कामों के लिए निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
घने कोहरे के कारण लोगों को हो रही परेशानियां
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह पालम और सफदरजंग इलाकों में दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई थी। घने कोहरे की वजह से दफ्तर जाने वाले लोगों और स्कूल बसों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ठंडी और बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है। हालांकि राजधानी में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है, लेकिन कोहरा और हवाओं के चलते ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
घने कोहरे के चलते दिल्ली में येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए भी दिल्ली में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट लगाया गया है। विभाग के अनुसार, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का, जबकि कई स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। IMD का कहना है कि हवा की रफ्तार ज्यादा तेज नहीं रहेगी। उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बुधवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हवा की गति कम होने से 17 इलाकों में बढ़ा प्रदूषण
राजधानी दिल्ली के लोगों को जहरीली हवा से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। मंगलवार को दिल्ली के 17 इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 से अधिक दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं, राजधानी का औसत AQI 272 दर्ज किया गया।
यह आंकड़ा एक दिन पहले की तुलना में 62 अंक अधिक है। सोमवार को दिल्ली का औसत AQI 210 रिकॉर्ड किया गया था। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अगले दो दिनों तक हवा की गति कम रहने की संभावना है, जिससे प्रदूषण के स्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल लोगों को प्रदूषण से तुरंत राहत मिलने की संभावना नहीं जताई गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


