दिल्ली-एनसीआर के कई इलाके आज एक बार फिर घने कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए। एम्स, अक्षरधाम, इंडिया गेट, द्वारका, आईजीआई एयरपोर्ट, महिपालपुर के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद के अधिकांश हिस्सों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। कोहरे के साथ-साथ कुछ इलाकों में हवा की गुणवत्ता भी खराब दर्ज की गई। घने कोहरे के कारण ट्रेनों और उड़ानों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। खासकर सुबह और देर रात के समय सफर करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली के मौसम पर रविवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला। रविवार तड़के राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिसके बाद दिनभर धूप खिली रही और मौसम साफ बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार की सुबह दिल्ली में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरे के धीरे-धीरे छंटने और मौसम के सामान्य रहने का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है, जबकि दिन में मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के कुछ इलाकों में हवा की गुणवत्ता मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज की गई। आईजीआई एयरपोर्ट और महिपालपुर के पास एक्यूआई 134, मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग पर एक्यूआई 118, जबकि द्वारका में एक्यूआई 243 रिकॉर्ड किया गया।

प्रदूषण से दिल्लीवालों को मामूली राहत

हवा की गति बढ़ने से दिल्ली के प्रदूषण में मामूली सुधार दर्ज किया गया है। एक दिन पहले की तुलना में वायु गुणवत्ता के स्तर में गिरावट आई है, हालांकि इसके बावजूद राजधानी की हवा अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। मौसम के अलग-अलग कारकों के चलते इस बार दिल्लीवासियों को पहले से अधिक प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। हवा की गति कमजोर पड़ने के कारण शनिवार को दिल्ली की हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई थी। हालांकि रविवार को इसमें हल्का सुधार देखने को मिला।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 265 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। इससे एक दिन पहले यह सूचकांक 315 था। यानी बीते 24 घंटों में प्रदूषण स्तर में करीब 50 अंकों का सुधार हुआ है।

पहाड़ों में जारी रहेगी बर्फबारी!

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मध्य और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में 3 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। हालांकि मैदानी और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 4 फरवरी से मौसम के साफ होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी के मुताबिक, अब दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बारिश की गतिविधियां लगभग खत्म हो जाएंगी। वहीं उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। पहाड़ी इलाकों में अभी भी हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m