कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान सभा में आज सत्र के दौरान गृह विभाग के बजट पर चर्चा हुई। एक तरफ जहां विपक्षी सदस्यों ने गृह विभाग के बजट पर कटौती प्रस्ताव के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला और सरकार को घेरने की कोशिश की।

वहीं, गृह विभाग के बजट पर चर्चा के बाद डिप्टी सीएम सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने जवाब दिया। सम्राट चौधरी ने कहा कि, बिहार की जनता लालू प्रसाद यादव को भी जानती है और नीतीश कुमार को भी…बिहार में आज सुशासन का राज है। उन्होंने कहा कि, बिहार से कोई भी अपराधी बच के नहीं निकल सकता है।

इस दौरान सम्राट चौधरी ने राजद पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, सुबह उठकर अपराध पर ट्वीट करते हैं, लेकिन कटौती प्रस्ताव तक नहीं दिया, इससे शर्म की बात नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि, लालू प्रसाद यादव का भी शासन लोगों ने देखा है। नीतीश सरकार में मैं तो अभी गृह मंत्री हूं, लेकिन नीतीश कुमार ने ऐसा एक सिस्टम डेवलप किया है कि किसी मंत्री को थाने जाने की जरूरत नहीं पड़ती है। पुलिस को कार्रवाई करने की स्वतंत्रता मिली है।

वहीं, नीट छात्रा मौत मामले में सम्राट चौधरी ने कहा कि, राबड़ी देवी ने कहा की मंत्री का बेटा शामिल है। मैंने कहा कि नाम बताइए 24 घंटे में गिरफ्तार हो जाएगा। वहीं, पप्पू यादव को लेकर भी डिप्टी सीएम ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि, कहते थे कि बिहार पुलिस चींटी तक नहीं मार सकती। एयरपोर्ट पर उतरे, उसके दो घंटे के भीतर गिरफ्तार हो गए। अब हाथी भी गिरफ्तार होकर अस्पताल जाते हैं, वो सिर्फ गलतबयानी करते हैं।

ये भी पढ़ें- ‘मोदी जी के पास चला गया लालू यादव का जिन’, BJP विधायक मिथिलेश तिवारी का बड़ा बयान, ब्राह्मणवाद पर विपक्ष को घेरा