शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को पत्र सौंपा है। अपनी शादी की सालगिरह पर उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया है। इसके पीछे की वजह उन्होंने परिवार को समय न दे पाना बताया है।

एमपी कांग्रेस ने दी इस्तीफे की जानकारी

एमपी कांग्रेस ने हेमंत कटारे के इस्तीफे की जानकारी दी है। इस संबंध में संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने जानकारी देते हुए बताया कि हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक दायित्वों और समय की कमी का उल्लेख किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे, इसी कारण उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र दिया है।

संगठन महासचिव बोले- इस्तीफा सिर्फ पद से संबंधित

संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने यह भी स्पष्ट किया कि हेमंत कटारे का यह इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, न कि पार्टी की सदस्यता से। वे कांग्रेस पार्टी के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ रहेंगे। उन्होंने बताया कि हेमंत कटारे का इस्तीफा स्वीकार किया जाए या नहीं, यह कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विवेकाधिकार पर निर्भर है।

करीबी को भी नहीं लगी भनक

हेमंत कटारे के करीबी और मुरैना के जौरा से विधायक पंकज उपाध्याय को भी उनके इस्तीफे की भनक नहीं लगी। उन्होंने कहा, ‘मुझे अभी-अभी पता लगा तो हम भी हैरान हैं। थोड़ी देर पहले साथ में खाना खाया था। ऐसा कुछ होगा, हमे खबर नहीं थी। आज उनकी मैरिज एनिवर्सरी है, मैने बधाई दी है। ये उनका पारिवारिक मामला है। शादी की सालगिरह है, ऐसा कोई विशेष मामला नहीं है। आगे जो होगा देख लेंगे।

इस्तीफे को लेकर संगठन महासचिव संजय कामले ने कहा कि हेमंत हेमंत कटारे ने सिर्फ उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दिया है, न की पार्टी की सदस्यता से। वह कांग्रेस पार्टी के साथ थे, हैं और रहेंगे। इस्तीफा उनका स्वीकार किया जाएगा या नहीं यह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तय करेंगे।

कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने हेमंत कटारे को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि ऐसा उन्होंने क्या किया क्यों किया यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। जल्द उनसे संगठन स्तर पर चर्चा की जाएगी।

उमंग सिंघार हुए हैरान

हेमंत कटारे के इस्तीफे पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, ‘इस प्रकार का कोई कदम हेमंत कटारे तो नहीं उठाएंगे। मैं हाउस में था, मामले की जानकारी लूंगा। साथी विधायकों ने बताया है, अच्छा काम कर रहे थे, अच्छा परफॉर्मेंस था। सबके साथ खाना खाया लेकिन किसी को नहीं पता था कि ऐसी बात होने वाली है। यह आश्चर्य की बात है। मेरी जानकारी में कुछ भी बात नहीं है। उनका परिवार कांग्रेस का पुराना परिवार है। इस प्रकार का कोई कदम हेमंत कटारे तो नहीं उठाएंगे।

कांग्रेस विधायक बोले- बीजेपी डोरे डालने की करती है कोशिश

कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने कहा कि बीजेपी डोरे डालने की पूरी कोशिश करती है। हम सभी एकजुट हैं, जीतू और उमंग के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। भाजपा हमेशा डोरे डालने का प्रयास करती है। हम लोग एक हैं और हमेशा रहेंगे। कई ऐसे हैं जिन पर पहले भी बीजेपी ने डोरे डाले।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m