पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। जिले के देवभोग स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में एनसीसी एयर विंग (NCC Air Wing) इकाई द्वारा आयोजित विशेष एयरोमॉडलिंग प्रदर्शन कार्यक्रम ने छात्रों और उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया। यह आयोजन 3 सीजी एयर स्क्वाड्रन रायपुर के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर विवेक कुमार साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें आधुनिक तकनीक और सैन्य क्षमता का आकर्षक प्रदर्शन देखने को मिला।

कार्यक्रम में सार्जेंट एस. के. धनोले, कॉरपोरल अर्जुन कुमार यादव और एयरोमॉडलिंग इंस्ट्रक्टर दीपक भुरले अपनी टीम के साथ विभिन्न लड़ाकू विमानों के मॉडल लेकर पहुंचे। प्रशिक्षित एसडी कैडेट्स के साथ उन्होंने एक के बाद एक मॉडलों की उड़ान और करतब का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहपूर्वक सराहा।

एयर विंग एनसीसी के सेकंड ऑफिसर गणेश सोनी (एएनओ) ने पूरे कार्यक्रम का संचालन करते हुए मॉडलों की तकनीकी बारीकियों और अधिकारियों की उपलब्धियों की जानकारी साझा की। प्रदर्शन के दौरान रेडियो कंट्रोल मॉडल बैनर शो, कंट्रोल लाइन मॉडल डॉग फाइट, ड्रोन के सर्कल, रेक्टेंगल पैटर्न और फिगर ऑफ-8 जैसी उड़ानें प्रस्तुत की गईं। इसके अलावा मिराज-2000 और यूएसए हेलीकॉप्टर के स्टैटिक मॉडल भी प्रदर्शित किए गए, जिनके माध्यम से छात्रों को आधुनिक सैन्य तकनीक से परिचित कराया गया।

कैडेट्स ने मॉडल निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरणों और उनकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से बताया, वहीं अधिकारियों ने लड़ाकू विमानों की कार्यप्रणाली और उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कॉरपोरल अर्जुन कुमार यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि विंग कमांडर विवेक कुमार साहू स्वयं एनसीसी कैडेट रह चुके हैं और उनकी सोच है कि अधिक से अधिक छात्र सेना के शौर्य को समझें, उनमें देशभक्ति की भावना विकसित हो और वे रक्षा क्षेत्र की ओर प्रेरित हों। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में एनसीसी सर्टिफिकेट के महत्व की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल में एनसीसी इकाई की स्थापना बड़ी उपलब्धि है। सेजस समिति के अध्यक्ष सुशील यादव ने इसे ग्रामीण छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अतिथियों ने आयोजन के लिए अधिकारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और एयर विंग सीओ विवेक कुमार साहू के मार्गदर्शन की सराहना की। साथ ही सेकंड ऑफिसर गणेश सोनी और स्कूल के प्राचार्य गिरीश बेहेरा के प्रयासों को भी मंच से सराहा गया। कार्यक्रम में स्कूल समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर सोनवानी, पार्षदगण, बीईओ देवनाथ बघेल, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

