रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में एक परिवार उजड़ गया। दरअसल, एक चारा घर समेत तीन मकान जल गए। आग लगने से 4 बकरा-बकरी, 10 मुर्गियां और घर में मौजूद अनाज, बर्तन कपड़े जलकर राख हो गए। ग्रामीण की मेहनत की कमाई और आशियाना सब कुछ आग की चपेट में आने से खाक हो गया।

यह मामला जनपद पंचायत नालछा अंतर्गत ग्राम तितीपुरा का है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8 बजे रूपसिंग पिता बल्लू और पास ही में रह रहे उनकी माता रिचा बाई के अलग-अलग दो मकानों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते दोनों मकान आग की चपेट में आ गए। यही नहीं, आग की लपटे इतनी तेज थी कि, चारा घर को भी चपेट में ले लिया जो जलकर खाक हो गया।

ये भी पढ़ें: MP सड़क हादसे में 2 मौतः मंदसौर में कार ने बाइक को मारी टक्कर, 2 घायल जिला अस्पताल में भर्ती, घटना कैमरे में कैद

इस भीषण आग में घर में रखा लगभग 12 क्विंटल गेहूं और 8 क्विंटल मक्का पूरी तरह जलकर खाक हो गया। साथ ही घर में पल रहे 4 बकरा-बकरी और करीब 10 मुर्गा-मुर्गियां भी जिंदा जल गईं। एक बैल भी आग में बुरी तरह झुलसकर घायल हो गया। घर का सारा सामान, बर्तन, कपड़े, अनाज, दैनिक उपयोग की वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। इतना ही नहीं परिवार की जमा पूंजी के रूप में रखे करीब 50 हजार नगद और सोना-चांदी के जेवर, जिनमें कड़ी, पायल और मंगलसूत्र शामिल थे, वह भी जलकर खाक हो गए।

ये भी पढ़ें: विजय मेवाड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी की क्राइम फाइल: दुर्लभ कश्यप और सलमान लाला जैसा गैंगस्टर बनना चाहता था ‘आसिफ बम’, लग्जरी लाइफस्टाइल का है शौकीन

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर मांडव से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन देरी के चलते तब तक काफी नुकसान हो चुका था और मकान जलकर राख हो गया था। इस घटना से पीड़ित परिवार पूरी तरह से बेघर और आर्थिक रूप से टूट चुका है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m