Donald Trump Press Conference: अमेरिका-ईरान युद्ध (US-Iran War) और भड़कती दिख रही है। सीजफायर की बातचीत के बीच एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिका की जंग अच्छी चल रही है। हम एक रात में पूरे ईरान को खत्म कर सकते हैं, ये कल भी हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान जंग पर सोमवार रात (भारतीय समय के मुताबिक) प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये बातें कही।
साथ ही ट्रंप ने ईरान में फंसे अमेरिकी पायलट को बचाने वाले ऑपरेशन को ‘ऐतिहासिक’ बताया। उन्होंने कहा, “मैंने अमेरिकी सेना को आदेश दिया था। यह बहुत जोखिम भरा फैसला था, क्योंकि हमने 1-2 पायलट को निकालने के लिए 100 जान को दांव पर लगा दिया था। ट्रंप ने इसे हाल के दशकों में सबसे खतरनाक ऑपरेशनों में से एक बताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान मंगलवार (7 अप्रैल) रात तक समझौते के लिए तैयार नहीं होता है तो वह चार घंटे के अंदर तेहरान को पूरी तरह तबाह कर देंगे। ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हमारे पास एक योजना है, हमारी आर्मी के बल पर जिसके तहत ईरान के हर पुल को कल (मंगलवार) रात 12 बजे तक ध्वस्त कर दिया जाएगा। ईरान के हर बिजली संयंत्र को बंद कर दिया जाएगा, जला दिया जाएगा। विस्फोट कर दिया जाएगा और फिर कभी इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। मेरा मतलब है कि 12 बजे तक पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाएगा। अगर हम चाहें तो यह चार घंटे के भीतर हो जाएगा।
ट्रम्प बोले- रेस्क्यू मिशन के दौरान दुश्मन को धोखे में रखा
ट्रंप ने यह भी बताया कि दोनों पायलट को बचाने के लिए दो रेस्क्यू मिशन किए गए। पहले मिशन में 21 अमेरिकी सैन्य विमान लगाए गए थे। जबकि दूसरे रेस्क्यू मिशन में कुल 155 अमेरिकी विमान शामिल थे। इनमें 4 बॉम्बर विमान, 64 फाइटर जेट, 48 ईंधन भरने वाले टैंकर विमान और 13 रेस्क्यू विमान शामिल थे। अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक ये सभी कई घंटों तक ईरान के ऊपर ऑपरेशन करते रहे, कुछ समय तो दिन के उजाले में भी। इस मिशन में धोखे की रणनीति (डिकॉय) का भी इस्तेमाल किया गया। कई विमानों को अलग-अलग रास्तों पर भेजा गया ताकि दुश्मन भ्रमित हो जाए ट्रंप ने कहा, ‘हमने सात अलग-अलग जगहों पर ऐसा माहौल बनाया, जहां उन्हें लगा कि हम अपने सैनिक को ढूंढ रहे हैं।
ईरान ने धमकी पर किया पलटवार
वहीं, तेहरान ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति की धमकियों पर पलटवार किया है। IRGC के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फिकारी ने ट्रंप की धमकियों को बेबुनियाद बताया और आक्रामक कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘अभद्र बयानबाजी’ और अहंकार एक गतिरोध से पैदा हुआ है और इसका मकसद अमेरिकी सैन्य नाकामियों को जायज ठहराना है। जुल्फिकारी ने कहा कि ‘इन बयानों का अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जारी आक्रामक और निर्णायक अभियानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और ऐसी बयानबाजी से पश्चिम एशिया में अमेरिका की हार की भरपाई नहीं हो पाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका-इजरायल का हर कदम उनकी पिछली हारों में एक और हार जोड़ देगा।
यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

