Premium Petrol-Diesel Price Hike: नए फाइनेंशियल ईयर-2026-2027 के पहले ही दिन देशवासियों को महंगाई का डबल झटका लगा है। खाड़ी देशों से आने वाले गैस और तेल की सप्लाई ठप होने से तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी की है। पेट्रोल-डीजल के दाम 11 रुपए लीटर तक बढ़ गए हैं। तेल कंपनियों ने सोमवार रात 12 बजे से प्रीमियम डीजल (Premium Diesel) की कीमत में 1.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। इससे पहले प्रीमियम पेट्रोल (Premium Petrol) के दाम में 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इस फैसले का सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

तेल कंपनियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों और रुपये की विनिमय दर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। लगातार बदलती वैश्विक परिस्थितियों के कारण ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है।

जानकारी के मुताबिक, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने अपने प्रीमियम ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के तहत एक्सपी100 यानी 100 ऑक्टेन पेट्रोल की कीमत 149 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इस तरह प्रीमियम पेट्रोल के दाम में 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं एक्स्ट्रा ग्रीन प्रीमियम डीजल की कीमत 91.49 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 92.99 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इस तरह प्रीमियम डीजल के दाम में 1.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।

उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ
इस बढ़ोतरी से खासकर परिवहन, लॉजिस्टिक्स और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। दिल्ली में अब प्रीमियम डीजल की कीमत करीब 95 से 96 रुपये प्रति लीटर हो गई है। हालांकि प्रीमियम डीजल सामान्य डीजल की तुलना में बेहतर माइलेज और इंजन परफॉर्मेंस देता है, लेकिन बढ़ती कीमतों के कारण इसका उपयोग सीमित हो सकता है।

कुछ दिनों पहले भी बढ़े थे प्रीमियम पेट्रोल-डीजल के दाम

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले भी (20 मार्च को) मिडिल ईस्‍ट में चल रहे संघर्ष और कच्‍चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच भारत में प्रीमियम पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी की गई थी। प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 से 2.30 रुपये का इजाफा किया गया था। नॉर्मल पेट्रोल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया था। मिडिल ईस्ट में जंग शुरू होने से अब तक यह दूसरी बढ़ोतरी है।

क्या होता है XP100 पेट्रोल?

इंडियन ऑयल का XP100 पेट्रोल (100 ऑक्टेन) प्रीमियम फ्यूल है, जो सामान्य पेट्रोल की तुलना में काफी महंगा है। यह उच्च-प्रदर्शन (high-performance) वाली लग्जरी कारों और स्पोर्ट्स बाइक के लिए है।

एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹195.5 की बढ़ोतरी

इससे पहले देर रात युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के कारण सरकारी तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है। वित्तीय वर्ष-2026-27 के पहले दिन देशवासियों को महंगाई का झटका देते हुए तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर दामों में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसी के साथ ही  देश में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 2,078.50 रुपये पहुंच गया है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m