रेवाड़ी। हरियाणा के धारूहेड़ा में एक ट्रांसपोर्टर पर अपनी ही कंपनी के ड्राइवर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ड्राइवर रात के समय कमरे का दरवाजा तोड़कर जान बचाकर भागने में सफल रहा, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गाड़ी चलाने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद

उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी 36 वर्षीय ड्राइवर पंकज ने बताया कि उसने 20 दिन पहले ही धारूहेड़ा की एक नई ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी शुरू की थी। पंकज के अनुसार कुछ दिन पहले रास्ते में ट्रांसपोर्टर ने गाड़ी रुकवाकर उसमें रखे सामान से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया था, जिसका उसने विरोध किया। इस घटना के बाद उसे उस रूट से हटाकर दूसरी गाड़ी पर लगा दिया गया था। शुक्रवार को जब वह काम से वापस लौटा, तो उसे फिर से वही पुरानी गाड़ी चलाने को कहा गया। पंकज द्वारा इनकार करने पर उसे नौकरी छोड़ने और हिसाब करने के लिए बुलाया गया।

रॉड और डंडों से पिटाई के बाद कमरे में किया बंद

पंकज का आरोप है कि जब वह गाड़ी की चाबी देने गेट पर पहुंचा, तो वहां ट्रांसपोर्टर अपने एक साथी के साथ पहले से मौजूद था। दोनों ने उस पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद उसे जबरन गाड़ी में डालकर करीब आधे घंटे तक इधर-उधर घुमाया गया और फिर कंपनी के ही एक कमरे में बंद कर दोबारा पिटाई की गई। रात के समय पंकज किसी तरह कमरे का दरवाजा तोड़कर वहां से भाग निकला और अपने परिचितों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच

धारूहेड़ा थाना के एसएचओ ने बताया कि पुलिस को अस्पताल से घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद पीड़ित ड्राइवर के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट में ड्राइवर के शरीर पर चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस अब ट्रांसपोर्ट कंपनी के अधिकारियों और आरोपी ट्रांसपोर्टर से पूछताछ की तैयारी कर रही है। एसएचओ ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m