वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से एक बेहद ही खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां रहुई थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि शराबी पति ने सिलबट्टे से पीट-पीटकर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान सारे थाना क्षेत्र के मौलाना बिगहा गांव निवासी राम जी जमादार की 40 वर्षीय पुत्री कुसुम देवी के रूप में हुई है।

परिजनों का आरोप है कि कुसुम देवी का पति शराब का आदी था और नशे की हालत में रोजाना मारपीट करता था। परिजनों ने यह भी दावा किया कि करीब 15 से एक माह पहले आरोपी पति ने अपनी मां को भी पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

मृतका की भाभी शांति देवी, भाई गणेश कुमार और पुत्री पार्वती कुमारी ने बताया कि घटना के बाद घर से खून लगी सिलबट्टा बरामद हुआ है, जिससे साफ होता है कि कुसुम देवी की हत्या बेहद बेरहमी से की गई। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतका के चार मासूम बच्चे अनाथ हो गए हैं। मृतका को तीन बेटे शिव कुमार, जीवा कुमार, भरत कुमार और एक बेटी पार्वती कुमारी थी।

परिजनों का कहना है कि बच्चों के दादा पहले ही गुजर चुके हैं, दादी की भी हत्या हो चुकी है और अब मां को भी मार डाला गया। ऐसे में सवाल उठता है कि इन मासूमों की परवरिश कौन करेगा? परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और बच्चों के भरण-पोषण की मांग की है।

वहीं इस पूरे मामले पर रहुई थाना अध्यक्ष ललित भैया ने बताया कि महिला के पति पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: रिटार्यड फौजी के बेटे ने खुद को गोली से उड़ाया, पटना से गांव लेकर आए थे पिता, बाद में….