DSP Gautam Kumar Case: बिहार में आय से अधिक संपत्ति मामले में घिरे निलंबित डीएसपी गौतम कुमार की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। दरअसल जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक दो मंजिला मकान पर छापेमारी की, जो कागजों पर उनकी महिला मित्र के नाम से है, लेकिन जांच में इसे गौतम कुमार की ही संपत्ति बताया जा रहा है।

शगुफ्ता शमीम के नाम से कराई रजिस्ट्री

EOU के मुताबिक, यह मकान 10 जुलाई 2025 को बागडोगरा रजिस्ट्री ऑफिस में शगुफ्ता शमीम के नाम से रजिस्टर्ड कराया गया था। टीम ने जब इसकी जांच पड़ताल की तो कई ऐसे इनपुट मिले, जो सीधे तौर पर गौतम कुमार की ओर इशारा करते हैं। फिलहाल इन तथ्यों की जांच की जा रही है।

60 फीसदी से अधिक संपत्ति जुटाने का आरोप

आपको बता दें कि निलंबित डीएसपी गौतम कुमार पर आय से करीब 60 फीसदी ज्यादा संपत्ति जुटाने का आरोप है। इस मामले में 26 मार्च को ईओयू ने केस दर्ज किया था। इसके बाद 31 मार्च को किशनगंज, पूर्णिया और पटना समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। उस दौरान जो कुछ सामने आया, उसने जांच एजेंसियों को भी हैरान कर दिया।

4 करोड़ से बनाया चार मंजिला मकान

जांच एजेंसी के मुताबिक, गौतम कुमार ने अपने नाम के अलावा पत्नी, सास और कुछ करीबी लोगों के नाम पर भी निवेश किया है। सिलीगुड़ी में टी-स्टेट, नोएडा में फ्लैट और पटना में नर्सिंग होम से जुड़े कागजात भी मिले हैं। पूर्णिया के इंदिरा नगर में करीब 4 करोड़ की लागत से बना चार मंजिला मकान, लग्जरी गाड़ियों के कागजात, कैश और भारी मात्रा में जेवरात भी बरामद हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो गौतम कुमार के पास 80 करोड़ रुपये से ज्यादा की बेनामी संपत्ति हो सकती है।

कथित प्रेमिका के घर से मिले 60 लाख के गहने

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उनकी कथित प्रेमिका के घर से ही करीब 60 लाख रुपये के गहने मिले हैं। इसके अलावा जमीन के कई डीड और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी हाथ लगे हैं। फिलहाल EOU की टीम पूर्णिया और किशनगंज में कैंप कर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अभी और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें- ‘नीतीश जिंदाबाद’ का नारे लगाने पर भड़के संजय सरावगी, मंच पर ही लगाई फटकार