भिलाईनगर। मैत्रीबाग में रविवार को फ्लावर शो देखने के लिए करीब 40 हजार लोग जुटे. बेहद खूबसूरत रंग बिरंगे फूल, विशालकाय लौकी सहित अन्य वेजिटेबल्स, फ्लावर डेकोरेशन, रंगोली वगैरह लोगों के आकर्षण का केन्द्र रहे. बीएसपी स्कूल सेक्टर 7 की प्रिंसिपल रुबी बर्मन राय क्वीन आफ द शो, रीना दीक्षित किंग आफ द शो घोषित की गई.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : केंद्रीय गृहमंत्री शाह के छत्तीसगढ़ दौरे का तीसरा दिन… बस्तर दौरे पर रहेंगे CM साय… बस्तर पंडुम 2026 का आज समापन… दिल्ली में आज कांग्रेस जिलाध्यक्षों की लगेगी क्लास… पढ़ें और भी खबरें

मुख्य अतिथि बीएसपी के डायरेक्टर इंचार्ज चित्तरंजन महापात्र थे, अध्यक्षता कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन पवन कुमार ने की. उन्होंने फ्लावर शो का अवलोकन कर बड़ी संख्या में प्रतिभागिता की सराहना की. विशालकाय लौकी को मुख्य अतिथि डायरेक्टर इंचार्ज चित्तरंजन महापात्र ने उठाकर देखा . उन्होंने खूबसूरत रंगोलियों की फोटो अपने मोबाइल से खींची.

फ्लावर शो में 510 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया. 30 फीट का बारहसिंघा व शेर की कलाकृति सहित 150 से अधिक स्टाल भी आकर्षण का केन्द्र रहे. स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से मनोरंजन किया. विभागीय प्रतिवेदन सीजीएम इंचार्ज नगर सेवाएं एबी श्रीनिवास ने प्रस्तुत किया. उद्यान विभाग के जीएम डॉ. एनके जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया. कार्यक्रम में अन्य कार्यपालक निदेशकगण भी उपस्थित थे.

लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की संदिग्ध मौत

भिलाईनगर। भट्ठी थाना अंतर्गत लिव इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत में हो गई. वह लिव- इन पार्टनर के साथ शराब पी रही थी. इस दौरान महिला के नाक खून निकलने लगा. हालत बिगड़ने पर बॉयफ्रेंड उसे अस्पताल ले गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस मर्ग कायम कर तहकीकात कर रही है.

भट्ठी थाना प्रभारी प्रकाश कांत ने बताया कि महिला राजिंदर कौर (35 वर्ष) था. वह लिव-इन पार्टनर राजा नाथ (नाग) के सेक्टर-2, सड़क 2 में दो से तीन वर्ष से रह रही थी. राजिंदर शादीशुदी थी, और उसके दो बच्चे भी हैं, लेकिन वह पति को छोड़कर बॉयफ्रेंड के साथ रह रही थी. 5 फरवरी की रात दोनों शराब पी रहे थे.

इस दौरान अचानक राजिंदर के नाक से ब्लड आने लगा. किसी तरह उन्होंने ब्लड रोकने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी और राजिंदर की हालत बिगड़ने लगी. इसके बाद राजा नाथ की मां राजिंदर को जिला अस्पताल दुर्ग लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 6 फरवरी को मौत की पुष्टि हुई.

राजिंदर कौर की मौत पर परिजनों ने सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी देर से दी गई. परिजनों का कहना है कि राजिंदर कौर और राजा नाथ के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी राजिंदर घर आती थी, उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई देते थे. ऐसे में परिवार को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है.

भूमि व मकान सौदे के नाम पर 31 लाख की ठगी

भिलाईनगर। छावनी थाना अंतर्गत भूमि एवं मकान विक्रय के नाम पर 31 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है. रिपोर्ट पर पुलिस मामले में धारा 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है.

छावनी पुलिस ने बताया कि सुंदर नगर कोहका निवासी बुशरा कौसर (36 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि आरोपी ज्ञानेन्द्र कुमार निवासी जलेबी चौक छावनी ने नगपुरा स्थित लगभग 2.5 एकड़ भूमि को अपना बताते हुए 31 मार्च 2021 को बिक्री इकरारनामा किया गया. इसके बाद आरोपी ने चेक, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन एवं नगद माध्यम से कुल 31 लाख रुपये प्राप्त किए गए.

पीड़िता ने बताया कि राशि प्राप्त करने के बावजूद आरोपी ने न तो उक्त भूमि की रजिस्ट्री कराई और न ही रकम वापस की. इसके बाद आरोपी ने अपने नाम का बताते हुए प्रगति नगर, केम्प – 01 स्थित एक मकान / मलबा का पुनः सौदा किया गया, जिसका इकरारनामा 29 अगस्त 2024 को निष्पादित हआ.

जांच में यह बात सामने आई कि उक्त मकान भी आरोपी के स्वामित्व का नहीं है . पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने लगातार टालमटोल की और रकम मांगने पर गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी एवं झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है, जिससे वह मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से परेशान है.

एम्बुलेंस चालक समेत 9 वाहन चालक मिले नशे में

भिलाईनगर। नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाकर यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर जांच की. जांच में एम्बुलेंस चालक समेत ब्रीथ एनालाइजर मशीन से 9 वाहन चालक नशे में पाए गए.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नशे में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान जिले के प्रमुख चौक- चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर शाम 7 बजे से देर रात्रि तक विशेष चेकिंग पाइंट लगाए गए. चेकिंग के दौरान चार पहिया वाहनों एवं मालवाहक वाहनों के चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से जांच की गई. इसमें कुल 09 वाहन चालक नशे की अवस्था में वाहन चलाते हुए पाए गए.

जांच के दौरान एक एम्बुलेंस वाहन का चालक भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया जो कि अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक है. सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई.

भिलाई स्टील हाफ मैराथन में दिखा जोश, जुनून और उत्साह

भिलाईनगर। रविवार को भिलाई स्टील हाफ मैराथन के धावकों को बीएसपी के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. भिलाई सहित देश भर के करीब 3000 धावकों ने भाग लिया. विजेता धावकों को 8 लाख रु. की नकद राशि प्रदान की गई. 21.9 किमी की स्पर्धा में आरिफ अली, भास्कर कांबले व मुन्नीदेवी अव्वल रहे.

नागरिकों में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने तथा फिटनेस को जीवनशैली के रूप में अपनाने के उद्देश्य से शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम में भिलाई स्टील हाफ मैराथन में भाग लेने लोगों में जबर्दस्त उत्साह दिखा.

21.09 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी तथा 5 किमी दौड़ की तीन श्रेणियां शामिल थीं. निदेशक प्रभारी (भिलाई (इस्पात संयंत्र) श्री चित्त रंजन महापात्र ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया. 21.09 किमी हाफ मैराथन प्रातः 6.00 बजे प्रारंभ हुई, इसके पश्चात 10 किमी दौड़ 6.30 बजे तथा 5 किमी दौड़ 6.45 बजे शुरू हुई. सभी दौड़ें शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम से प्रारंभ होकर भिलाई टाउनशिप के निर्धारित मार्गों से होती हुई पुनः उसी स्थल पर समाप्त हुईं.

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशकगण प्रवीण निगम, पवन कुमार, कमल भास्कर, अरुण कुमार सहित सहित अध्यक्ष सेफी एवं ओए-बीएसपी एन.के. बंछोर, महाप्रबंधक प्रभारी कार्मिक) जे.एन. ठाकुर, उप महाप्रबंधक एससी सीए) राजेन्द्र प्रसाद आदि उपस्थित थे.

निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने भारी संख्या में सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र अपनी शक्ति, परिश्रम और समर्पण के लिए जाना जाता है तथा आज धावकों ने स्वास्थ्य के प्रति नई प्रतिबद्धता का परिचय दिया है, जो वास्तविक संपदा है. उन्होंने सभी से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए समर्पित करने का आह्वान किया.

विजेता ये रहे : 21.9 किमी (पुरुष, 18 से 45 वर्ष) वर्ग में आरिफ अली प्रथम,, राजन यादव, द्वितीय तथा रवि गुलिया तृतीय रहे. 21.9 किमी (पुरुष, 45 वर्ष से अधिक) वर्ग में भास्कर कांबले प्रथम, जयपाल भोयर द्वितीय तथा अश्विनी आचार्य तृतीय रहे. 21.9 किमी (महिला, 18-45 वर्ष) वर्ग में मुन्नी देवी प्रथम, कुमारी ज्योति द्वितीय तथा कोमल साहू तृतीय रहीं. 45 वर्ष से अधिक महिला वर्ग में रेनू कौर सिद्ध, विद्या धापोड़कर एवं शोभा यादव क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं.

इडली-डोसा बेचने वाला चोर गिरोह गिरफ्तार

भिलाईनगर। दुर्ग पुलिस ने पांच थाना क्षेत्रों में हुई 7 लाख रुपए से अधिक की 8 चोरियों के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा है. आरोपी रायपुर में इडली-डोसा बेचने का कार्य करते हैं. ये सुनसान मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. गिरोह के सरगना को सीसीटीवी कैमरों एवं मोबाइल लोकेशन से रायपुर से गिरफ्तार करने पर बड़ा खुलासा हुआ है.

सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने पत्रवार्ता में बताया कि 8 फरवरी को दुर्ग पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में संयुक्त टीम गठित कर नाकाबंदी एवं संदिग्धों की चेकिंग की. कार्रवाई के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मुखबीर सूचना एवं पूर्व प्रकरणों के विश्लेषण के आधार पूछताछ की गई.

इनमें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी प्रकरणों में सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर मठ पुरैना रायपुर क्षेत्र से घेराबंदी कर मनीष अमोरिया (25 वर्ष), जितेन्द्र गायकवाड़ (23 वर्ष), रवि साहू (23 वर्ष) सभी निवासी ग्राम लखौली, थाना सिटी कोतवाली, जिला राजनांदगांव है.

चन्द्रा ने बताया कि पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया गया कि प्रकरणों में धारा 331 (3), 305 बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए चोरी का माल बरामद किया गया. वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले धर्मेन्द्र साहू (33 वर्ष), उमेश उर्फ पिंटू सोनी (35 वर्ष) व प्रकाश सोनी (38 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया है.

लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों की जमानत राशि नपा ने की राजसात

नंदिनी अहिवारा। नगर पालिका परिषद अहिवारा के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा नहीं करने पर नगर पालिका ने कड़ा रुख अपनाया है. बार-बार निर्देश और नोटिस देने के बावजूद कुछ कार्य एजेंसियों द्वारा संतोषजनक प्रगति नहीं किए जाने पर नगर पालिका ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनकी जमानत राशि राजसात कर ली है.

नगर पालिका परिषद अहिवारा द्वारा अमन कंस्ट्रक्शन कंपनी, पटेल ट्रेडर्स एवं सीआर कंस्ट्रक्शन की कुल 4 लाख 93 हजार 250 रुपये की सुरक्षा जमा राशि को राजस्व में जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.

नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है. लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे. नगर पालिका परिषद अहिवारा ने सभी ठेकेदारों और कार्य एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूर्ण करें, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.