दुर्ग। पीड़िता के साथ सामूहिक गैंगरेप वाले मामले में कोर्ट में अपने अधिवक्ता माध्यम आरोपियों ने जमानत के लिए आवेदन लगाया है. आरोपी अनिल चौधरी ने नियमित जमानत एवं मामले में पुलिस की पकड़ से बाहर फरार आरोपी संजय पंडित ने अग्रिम जमानत के लिए अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी दुर्ग अनीश दुबे की कोर्ट में आवेदन लगाया है.
यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज छत्तीसगढ़ दौरा, बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय का करेंगी शुभारंभ
विशेष लोक अभियोजक रूपवर्षा दिल्लीवार ने बताया कि न्यायालय ने संजय पंडित के अग्रिम जमानत आवेदन को खारिज कर दिया है. वहीं अनिल चौधरी के नियमित जमानत आवेदन पर शनिवार को सुनवाई के लिए रखा है. इस मामले में पीड़िता महिला ने शुक्रवार को कोर्ट में उपस्थित होकर जमानत आवेदन पर आपत्ति लगाई है. उल्लेखनीय है कि पीड़िता ने 30 जनवरी को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि छह लोगों ने मिलकर वर्ष 2018 के अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह से 11 अक्टूबर 2025 तक उसके साथ बार-बार अनाचार और सामूहिक दुष्कर्म किया है.

आरोपियों ने पहले पीड़िता को नाबालिग रहते पीडब्ल्यूडी में संविदा पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया इसके बाद बारी-बारी से सामूहिक रूप से अनाचार करते रहे. इस दौरान आरोपीगण पीड़िता का अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए उसे चुप करते रहे. लंबे समय तक आरोपियों ने पीड़िता का शोषण किया था. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों गोविंद सिंह नागवंशी, अनिल चौधरी एवं विजय स्वाइन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं रसूखदार आरोपी बीएन पांडेय, ठेकेदार संजय पंडित की तलाश में टीम लगाई है.
मुख्य आरोपी यूपी में पकड़ाया : सामूहिक दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी राजू कश्यप उर्फ कृपा शंकर को उत्तर प्रदेश में पुलिस ने पकड़ लिया है. पुलिस की टीम आरोपी को दुर्ग लाने के निकल गई है. जानकारी के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी के ईई के आदेश पर आरोपी की भाभी को भी काम से हटा दिया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, राजू कश्यप मूलतः यूपी के गोरखपुर जिले का रहने वाला है. हालांकि पीडब्ल्यूडी में नौकरी लगने के बाद अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ दुर्ग में बस गया था. केस दर्ज होने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए गोरखपुर में अपने रिश्तेदारों के घर छुप गया था. आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीम लगाई गई थी. टीम सीडीआर और टॉवर लोकेशन समेत अन्य तकनीकी के माध्यम से आरोपी की तलाश में जुटी थी.
इस बीच आरोपी की तलाश में टीम अलग-अलग छापेमारी कर रही थीं. उत्तर प्रदेश में आरोपी के मोबाइल का लोकेशन क्लियर होने पर उसे पकड़ लिया गया. अब टीम उसे पकड़ने के लिए रवाना हो गई. वहीं फरार दो अन्य आरोपियों भीम नारायण पांडेय और संजय पंडित की तलाश में टीम लगी हुई है. उम्मीद लगाई जा रही है कि वह भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
राशनकार्डधारी 28 फरवरी तक कराए ई-केवाईसी
दुर्ग। भारत सरकार, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा दिए गए निर्देशानुसार जिले में एक राष्ट्र एक राशनकार्ड (वन नेशन वन राशनकार्ड) योजनांतर्गत सभी हितग्राहियों को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न वितरण किया जाना है.
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत 4,96,354 राशनकार्ड प्रचलित है. इन राशनकार्डों में 16,86, 164 सदस्य पंजीकृत है. इन सदस्यों में 14,86,690 सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण हो गया है. 1,99,474 लाख सदस्यों का ई- केवाईसी शेष है. भारत सरकार द्वारा 05 वर्ष से कम उम्र के सदस्यों को ई-केवाईसी में छूट दिया गया है. खाद्य नियंत्रक दुर्ग से मिली जानकारी अनुसार सभी उचित मूल्य दुकानों में संचालित ई-पॉस मशीन में ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है. इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा जारी मेरा ई-केवाईसी एप के माध्यम से भी ई-केवाईसी की जा सकती है.
मेरा ई-केवाईसी एप के माध्यम से ई- केवाईसी करने हेतु एन्ड्रायड मोबाईल में गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर हितग्राही राज्य का चयन कर अपना आधार नम्बर डालकर, आधार ओटीपी के माध्यम से फेस ई-केवाईसी कर सकते हैं. सभी राशनकार्डधारकों से अपील की गई है कि वे अपने राशनकार्ड में सम्मिलित ऐसे सदस्यों जिनका ई-केवाईसी अपूर्ण है, उनका ई- केवाईसी समीपस्थ शासकीय उचित मूल्य दुकान / मेरा ई-केवाईसी एप के माध्यम से 28 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं.
मरार पटेल समाज का वार्षिक महोत्सव कल
दुर्ग। कोसरिया मरार पटेल समाज का मां शाकंभरी देवी पूजा एवं वार्षिक महोत्सव का आयोजन 8 फरवरी को सुबह 9 बजे से पटेल धर्मशाला गया नगर दुर्ग में किया गया है. कार्यक्रम के प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि भूपेश बघेल पूर्व मुख्यमंत्री होंगे. अध्यक्षता पूर्व विधायक अरुण वोरा करेंगे. विशेष अतिथि गया पटेल अध्यक्ष दुर्ग राज कोसरिया पटेल समाज, सुनील पटेल प्रदेश अध्यक्ष पटेल समाज, धीरज बाकलीवाल अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी, राजेंद्र साहू प्रदेश महामंत्री, पूर्व महापौर शंकर लाल ताम्रकार व आर. एन. वर्मा, संजय कोहले नेता प्रतिपक्ष एवं विजयंत पटेल पार्षद होंगे. द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विशेष अतिथि विधायक ललित चंद्राकर व महापौर अलका बाघमार होंगे.
पशु पर क्रूरता कर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। पशु क्रूरता एवं मारपीट करने वाले मामले के आरोपी को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. घटना में प्रयुक्त लोहे के हथौड़े को पुलिस ने जब्त किया है. आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया है. पुलिस ने बताया कि 5 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति द्वारा घरेलू पशु के साथ क्रूरता करते हुए लोहे के हथौड़े से मारपीट की गई जिससे पशु की मृत्यु हो गई है. सूचना मिलते ही थाना छावनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया था. इस मामले के आरोपी बाबूराव उर्फ पंडू 55 वर्ष निवासी थाना छावनी को 6 फरवरी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है.
डीजल के नाम 66 लाख का भुगतान, गाड़ियों में डीजल व पेट्रोल देना शुरू
भिलाईनगर। तीन दिनों के बाद भिलाई नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने गुरुवार की देर शाम लगभग 66 लाख 1 रुपए का भुगतान पेट्रोल पंप संचालक का कर दिया है. इसके बाद से निगम की थमी सभी गाड़ियों को पेट्रोल डीजल देना शुरू हो गया है. 1.30 करोड रुपए की राशि अब भी उधारी है.
वाहन शाखा के कार्यपालन अभियंता वेशराम सिन्हा व इंजीनियर शशिकांत वर्मा के नेतृत्व में सभी गाड़ियों को डीजल पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है. इन्हीं इंजीनियरों के माध्यम से बिलों के भुगतान के लिए भिलाई निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के पास फाइल आती है. सूत्रों की मानें तो डीजल देने के मामले में आयुक्त ने गड़बड़ियों को पकड़ लिया है. इसके चलते ही भुगतान को लेकर आयुक्त ने फाइलों को रोका था.
मिली जानकारी मुताबिक, ऐसी गाड़ियों में डीजल एवं पेट्रोल डाले जाने की शिकायत मिल रही थी कि जो गाड़ी शहर में चल नहीं रही है. वैसे गाड़ियों के नाम में डीजल की राशि का भुगतान कागजों में कराया जा रहा है.
8 फरवरी को भिलाई स्टील हाफ मैराथन पर रूट डायवर्ट रहेगा
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा 8 फरवरी को भिलाई स्टील हाफ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है. शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम से आयोजित होने वाली इस हाफ मैराथन के लिए रूट डायवर्ट रहेगा. करीब 3000 ने पंजीयन कराया है. विभिन्न श्रेणियों में कुल 8,00,000 रुपए की आकर्षक नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी.
21.09 कि.मी. हाफ मैराथन का मार्ग जयंती स्टेडियम से प्रारंभ होकर इंडियन ऑयल चोपड़ा पेट्रोल पंप से टर्न लेते हुए बीएसपी मेन गेट मार्ग, इक्विपमेंट चौक, रेल चौक सर्कल, रिसाली रोड टर्न पॉइंट, सेक्टर-9 अस्पताल रोड, तालपुरी चौक होते हुए पुनः जयंती स्टेडियम में समाप्त होगा.
10 किलोमीटर दौड़ का मार्ग जयंती स्टेडियम से प्रारंभ होकर जवाहर पार्क सर्कल, सेल परिवार चौक, रेल चौक सर्कल, रिसाली रोड टर्न पॉइंट (भिलाई निवास रोड के समीप), रशियन कॉम्प्लेक्स, रोटरी सर्कल, पंथी चौक सर्कल होते हुए पुनः जयंती स्टेडियम में समाप्त होगा . वहीं 5 किलोमीटर दौड़ का मार्ग जयंती स्टेडियम से प्रारंभ होकर फॉरेस्ट एवेन्यू रोड, जवाहर पार्क सर्कल होते हुए 2.5 किलोमीटर के टर्न पॉइंट से वापस जयंती स्टेडियम में समाप्त होगा.
ट्रैफिक प्रबंधन एवं संभावित ट्रैफिक जाम क्षेत्र : इन मार्गों एवं चौराहों पर वाहन आवागमन प्रभावित होने तथा ट्रैफिक जाम की संभावना रहेगी- फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर चोपड़ा पेट्रोल पंप की ओर दायाँ मोड़ एवं यू- टर्न, जवाहर उद्यान चौक, जे.पी. सीमेंट चौक, बोरिया गेट चौक, मेन गेट चौक (फॉरेस्ट एवेन्यू), इक्विपमेंट चौक (सेंट्रल एवेन्यू), बीएसएनएल चौक, भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 चौक, आई लव भिलाई चौक सेक्टर-5, सेल परिवार चौक, रेल चौक से भिलाई निवास जंक्शन की ओर बायाँ मोड़ एवं पुनः रेल चौक की ओर यू-टर्न, स्टील क्लब चौक सेक्टर-8, सेक्टर- 9 हॉस्पिटल चौक, तालपुरी चौक, पंथी चौक, डीपीएस चौक, चोपड़ा पेट्रोल पंप क्रॉसिंग तथा फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग से जयंती स्टेडियम के पीछे (मरोदा सेक्टर की ओर) जाने वाला मार्ग. यह व्यवस्था सुबह 6 बजे से 9.15 बजे तक लागू रहेगी.
मैत्री बाग में बीएसपी के फ्लावर शो की व्यापक तैयारी
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग के उद्यानिकी अनुभाग द्वारा फ्लावर शो का आयोजन 08 फरवरी को मैत्री बाग में किया जाएगा. इसकी व्यापक तैयारी की जा रही है. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र होंगे.
फ्लावर शो 2026 के अंतर्गत बीएसपी एवं नॉन-बीएसपी के रेसीडेंशियल हाउस गार्डन ( सेक्टर – 01 से 10 ), हॉस्पिटल सेक्टर, मरोदा सेक्टर, रिसाली तथा रुआबाँधा क्षेत्र में निवासरत प्रतिभागी प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं. इसके अतिरिक्त हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल (बीएसपी/ नॉन- बीएसपी) के स्कूल गार्डन, पॉटेड प्लांट, कट फ्लावर, फ्लोरल डेकोरेशन, फल एवं सब्जियों से बने मॉडल, रंगोली, फल एवं सब्जियों की विशेष प्रदर्शनी, माला निर्माण, बुके तथा सलाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा. सभी प्रतिभागियों को अपने गमले, फूल एवं प्रदर्शनी सामग्री 08 फरवरी को संध्या 7.00 बजे से पूर्व नहीं हटाने के निर्देश दिए गए हैं.
फ्लावर शो 2026 के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें किंग ऑफ द शो एवं क्वीन ऑफ द शो सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. पुरस्कारों का वितरण मुख्य अतिथि एवं अन्य सम्मानित अतिथियों द्वारा किया जाएगा. इसके साथ ही फ्लावर शो के अवसर पर स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी.
डीपीएस भिलाई में शिक्षकों की भर्ती को लेकर उठ रहे सवाल
भिलाई। डीपीएस भिलाई में कई विषय शिक्षकों की भर्ती की तैयारी चल रही है. विज्ञापन में वैकेंसी की संख्या स्पष्ट नहीं है. सीबीएसई व एनसीटीई के स्पष्ट निर्देश के बावजूद समान पद के लिए पात्रता शर्तों को बदल दिया गया है. प्रिंसिपल 31 मार्च 2026 को रिटायर हो रहे हैं, लेकिन उन्हें भर्ती का अधिकार दे दिया गया है जबकि उन पर पूर्व में कई अनियमितताएं बरतने का आरोप लग चुका है. ऐसे में भर्ती में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
डीपीएस भिलाई में सत्र 2026-27 के लिए कई विषय शिक्षकों की भर्ती की जा रही है. 27 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किया गया था. बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं जिनकी स्क्रूटनी चल रही है. अगले सत्र के पहले ही प्रिंसिपल परशांत वशिष्ठ 31 मार्च 2026 को ही रिटायर हो जाएंगे लेकिन वे कई विषय शिक्षक-शिक्षिकाओं की भर्ती करके जाएंगे. ऐसे में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता व निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं .
कारण, उन पर पहले ही कई गंभीर अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं. ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि बोर्ड आफ मैनेजमेंट के नामित सदस्य भर्ती प्रक्रिया का अधिकार उन्हें नहीं देंगे लेकिन उन्होंने इस पर अब तक संज्ञान नहीं लिया है. यदि समय रहते बोर्ड आफ मैनेजमेंट के नामित सदस्यों ने इसे संज्ञान में नहीं लिया तो आगे उनके लिए दिक्कतें आ सकती है.
इन पदों पर की जा रही है भर्ती : पीजीटी-इंग्लिश, पीजीटी/टीजीटी-फिजिक्स, पीजीटी / टीजीटी- कम्प्युटर साइंस, टीजीटी-इंग्लिश, टीजीटी-संस्कृत, टीजीटी-आर्ट एंड क्राफ्ट, टीजीटी-फिजिकल एजुकेशन, टीजीटी / पीआरटी- म्युजिक, पीआरटी-मैथ्स, पीआरटी-सोशल साइंस, पीआरटी-प्री विंग, पीआरटी-फिजिकल एजुकेशन, पीआरटी – आर्ट्स एंड प्राइमरी क्राफ्ट, स्टाफ नर्स
48 लाख से अधिक की फॉरेक्स ट्रेडिंग ठगी
दुर्ग। शिर्डी में ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाता खोलकर ठगी की राशि मंगवाने वाले आरोपी मनोहर लक्ष्मण मोरे निवासी संगन मेयर जिला अहमदनगर महाराष्ट्र को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड जब्त किया गया है. 48 लाख से अधिक की फॉरेक्स ट्रेडिंग ठगी प्रकरण मामले में पूर्व में भी आंध्र प्रदेश से दो आरोपी रफ्तार किए गए हैं.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि साइबर अपराधों के विरुद्ध सशक्त कार्रवाई करते हुए साइबर थाना दुर्ग द्वारा फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर की गई 48, 67,500 रुपए की ऑनलाइन ठगी के प्रकरण में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. 9 अक्टूबर 2025 को प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए लिंक भेजा गया था. लिंक पर क्लिक करने के पश्चात विभिन्न किस्तों में कुल 48, 67,500 रुपए की ठगी आरोपियों द्वारा की गई थी.
विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पूर्व में आंध्र प्रदेश के जिला अनकापल्ली से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि ठगी की राशि अहमदनगर जिला सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में संचालित एक ट्रस्ट के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कराई गई थी. आरोपी द्वारा शिर्डी क्षेत्र में ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाता खुलवाकर ठगी की राशि अपने खाते में मंगवा रहा था. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है. इस कार्रवाई में साइबर थाना दुर्ग के निरीक्षक जितेंद्र वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक पूर्ण बहादुर, आरक्षक अनूप कुमार शर्मा, कामेश देशमुख एवं विक्रम सिंह राजपूत की उल्लेखनीय भूमिका रही.
फर्जी लूट की कहानी गढ़ने वाला आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। बीमा व मुआवजा की राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से फर्जी लूट की कहानी गढ़ने वाले आवेदक को कुम्हारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. कथित लूटी गई ज्वेलरी आवेदन कर्ता की दुकान से बरामद की गई है. झूठी सूचना देने पर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है.
पुलिस ने बताया कि 5 फरवरी को थाना कुम्हारी में आवेदक नितेश देवांगन निवासी ग्राम कुगड़ा ने सूचना दी थी कि ज्वेलरी खरीद कर लौटते समय कुगड़ा रोड सार्थक हथियार अड़ाकर उससे सोने की ज्वेलरी एवं नगदी होम के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा धारदार रकम लूट ली गई है. सूचना मिलते ही तत्काल थाना पुलिस एवं एसीसीयु टीम मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ कर दी थी.
आसपास लगे सीसीटीवी कुम्हारी कैमरे का अवलोकन किया गया था. किंतु प्रार्थी द्वारा बताए गए किसी भी संदेही का फुटेज प्राप्त नहीं हुआ. प्रार्थी की रिपोर्ट संदिग्ध मानते हुए उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तब आवेदक ने स्वीकार किया कि व्यापार में हुए नुकसान के कारण मुआवजा बीमा राशि प्राप्त करने की नीयत से उसने लूट की झूठी सूचना दी थी तथा कथित लूटी हुई ज्वेलरी उसकी स्वयं की दुकान में रखी हुई है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


