भिलाईनगर। म्यूल अकाउंट से साइबर ठगी करने वाले 10 आरोपियों को मोहननगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इसमें देश के विभिन्न राज्यों से प्राप्त लगभग 86, 33, 247 रुपये की अवैध राशि खातों में ट्रांसफर किया गया है.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : सीएम साय 375 नई एंबुलेंस को दिखाएंगे हरी झंडी, तीन दिवसीय कुंवरगढ़ महोत्सव का होगा आगाज, नए बोर खनन पर पूर्ण प्रतिबंध, जेलों में शुरू होगी वीडियो-ऑडियो कॉलिंग सुविधा, अब नियमित चलेगी रक्सौल-तिरुपति स्पेशल ट्रेन

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत कर्नाटक बैंक शाखा स्टेशन रोड, दुर्ग में संचालित कुल 111 बैंक खातों का विश्लेषण किया गया. जांच में पाया गया कि इन खातों का उपयोग देश के विभिन्न स्थानों से साइबर ठगी की राशि को प्राप्त करने हेतु किया जा रहा था, जिसमें कुल लगभग 86, 33, 247 रुपये का अवैध लेन-देन पाया गया.

प्रकरण में धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. जांच के दौरान खाताधारकों की पहचान कर मधु साहू (45 वर्ष ), ज्योति गौतम (28 वर्ष), फरहद खान (56 वर्ष), भूपेश गोहिल (51 वर्ष), अजय कुमार उर्फ मोनू (29 वर्ष), मसीर आलम (27 वर्ष), नवीन भागवत (24 वर्ष), भूपेंद्र कुमार टंडन (36 वर्ष), संतोष बिसाई (28 वर्ष) व हीरा सिंह (55 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इनके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर सभी को गिरफ्तार किया है.

दो दिनों में जमीन रजिस्ट्री से जिले को मिला 5 करोड़ का राजस्व

दुर्ग। पंजीयक कार्यालय में शनिवार व रविवार अवकाश के दिनों में भी कामकाज जारी रहा. इन दो दिनों में जमीन रजिस्ट्री संबंधी 280 दस्तावेज जमा हुए. इन प्राप्त दस्तावेजों की जमीन रजिस्ट्री से जिले मे विभाग को लगभग 5 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है.

महानिरीक्षक पंजीयन द्वारा शासकीय अवकाश के दिनों में पंजीयन कार्यालय खोले जाकर पंजीयन कार्य संपादित कराए जाने निर्देश जारी किए गए है क्योंकि पंजीयन विभाग राज्य के लिए राजस्व संग्रहण करने वाला एक प्रमुख विभाग है. वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम माह पूर्ण होने में कुछ दिवस ही शेष है. मार्च के माह में पक्षकारों द्वारा सर्वाधिक पंजीयन कराया जाता है. इसलिए नागरिकों की सुविधा एवं राजस्व संग्रहण को दृष्टिगत रखते हुए शासकीय अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालयों में पंजीयन कार्य चालू रखा जाना है जिसके अनुसार अवकाश के दिन अनुसार 22 मार्च माह के चतर्थ रविवार कार्यालय खली रही.

इसी प्रकार 28 मार्च अंतिम शनिवार, 29 मार्च अंतिम रविवार भी कामकाज जारी रहा. 28 एवं 29 मार्च को दो दिनों में जिले में के दुर्ग, पाटन, धमधा, भिलाई 3, बोरी एवं अहिवारा में जमीन रजिस्ट्री संबंधित प्राप्त 280 दस्तावेजों से कुल 4 करोड़ 83 लाख 50 हजार 915 रुपए का आय प्राप्त हुआ. अकेले दुर्ग कार्यालय में 118 दस्तावेज से 2 करोड़ 38 लाख 94 हजार 950 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ कार्यालय में दिन भर जमीन खरीदी बिक्री करने वालों की भीड़ रही.

महावीर जयंती अवकाश के दिन भी आज कामकाज रहेगा चालू : जिला पंजीयक प्रियंका श्रीरंगे का कहना है कि अवकाश के दिनों में भी बड़ी संख्या में लोग जमीन रजिस्ट्री संबंधी कार्य के लिए पहुंच रहे महानिरीक्षक पंजीयन के निर्देशानुसार 31 मार्च महावीर जयंती के अवकाश के दिन भी पंजीयन कार्यालयों में कामकाज चालू रहेगा.

अमृतसर से दुर्ग तक फैला नशे का नेटवर्क, तीन तस्कर गिरफ्तार…

भिलाईनगर। खुर्सीपार पुलिस ने पंजाब से भिलाई- दुर्ग में ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा कर 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों के पास से 43 ग्राम से ज्यादा हेरोइन जब्त की गई है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 8 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई है. पकड़े गए आरोपियों में मुख्य सप्लायर पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है, जो दुर्ग में रहकर नशे का नेटवर्क चला रहा था.

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 29 मार्च को मुखबीर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार इलाके के मिनी स्टेडियम के पास बने सुलभ शौचालय के करीब कुछ लोग संदिग्ध हालत में खड़े हैं और उनके पास ड्रग्स है . वे किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं ताकि ड्रग्स की पुड़िया बेच सकें. सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई. पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर मिनी स्टेडियम के पास से तीन युवकों को धर दबोचा. जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से सफेद रंग का पाउडर मिला, जो जांच करने पर हेरोइन निकला.

पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की तो नशे की इस पूरी चेन का खुलासा हुआ. इस गैंग का मुख्य सरगना विजय सिंह (26 वर्ष) निकला. विजय सिंह मूल रूप से पंजाब के अमृतसर जिले के कलसिया थाने के कलेर गुमान इलाके का रहने वाला है. वह पिछले कुछ समय से खुर्सीपार के एचसीएल कॉलोनी इलाके में रह रहा था. विजय ही वह कड़ी था, जो पंजाब से ड्रग्स लाकर दुर्ग-भिलाई के लोकल युवाओं को सप्लाई करता था.

विजय के साथ पकड़े गए बाकी दो आरोपी दुर्ग जिले के ही हैं. इनमें से एक मीर नौशाद अली (26 वर्ष) है, जो वैशाली नगर के जवाहर नगर का रहने वाला है. वहीं तीसरा आरोपी सुरेंद्र क्षत्रिय (23 वर्ष) है, जो वह भी जवाहर नगर इलाके के वांबे आवास में रहता है. ये दोनों विजय से माल लेकर आगे पुड़िया बनाकर बेचते थे.

कर वसूली के लक्ष्य से 10 करोड़ पिछड़ा भिलाई निगम

भिलाईनगर। वित्तीय वर्ष 2025 26 की राजस्व वसूली के अंतिम दिन के पूर्व 111.36 करोड़ के एवज में 101 करोड़ रुपए की वसूली हो पाई है. प्रतिशत में बात करें तो 90.71% की वसूली रविवार तक की गई है. अंतिम समय में भिलाई नगर निगम के राजस्व विभाग में 23 मार्च से प्रतिदिन 50 लाख रुपए की वसूली 29 मार्च तक हुई है.

मेसर्स पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स प्रा.लि. (रॉची) द्वारा भिलाई नगर निगम के काउंटर में सबसे ज्यादा संपत्ति कर की राशि जमा करने प्रतिदिन लोग आ रहे हैं. स्थिति यह हो गई है कि भिलाई नगर निगम के मुख्यालय में चार काउंटर संपत्ति कर के लिए खोल दिये गए हैं. सोमवार को लगभग 1 करोड़ रुपए की वसूली हुई है. बताया जा रहा है कि बड़े बकायदार साल के अंतिम दिन जमा करने पहुंचते हैं. लगभग डेढ़ से दो करोड़ रुपए की वसूली साल के अंतिम दिन संपत्ति कर जमा होगा. बताया जा रहा है कि लगभग 99% की वसूली की जा सकती है.

एक नजर में वसूली

संपत्ति कर की वसूली 29.98 करोड़ समेकित कर 7.03 करोड, जलकर 3.02 करोड़, निर्यात कर 4.05 करोड़, दुकानों का किराया 1.08 करोड़, भवन भूखंड का किराया 57 करोड़, दुकानों की बिक्री 27.38 लाख, कॉलोनी अनुज्ञा 41 करोड़, विज्ञापन से आय 60 लाख, पार्किंग, पशु पंजीयन, प्रदर्शनी कर 8.86 लाख, यूजर चार्ज 10.25 करोड़ अन्य से आय 34.79 करोड़ रुपए है. इस तरह कुल 101.02 करोड़ रुपए की वसूली 29 मार्च तक हुई है. कर जमा करने की अंतिम दिन आज वित्तीय वर्ष 2025 26 के लिए संपत्ति कर वसूली की अंतिम तिथि आज है. जिन हितग्राहियों ने अभी तक संपत्ति कर की राशि जमा नहीं की है. उन्हें लास्ट मौका दिया जा रहा है. अंतिम तिथि में डेढ़ से 2 करोड़ रुपए की वसूली होने की उम्मीद है.

दामाद की हत्या में सास को उम्रकैद, पत्नी को 7 साल की सजा

रानीतराई। थाना रानीतराई क्षेत्र से जुड़े बहुचर्चित हत्या मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. दरबारमोखली निवासी टिकेश्वर देशमुख की हत्या के मामले में उसकी सास भारती वर्मा को आजीवन कारावास और पत्नी अनिता देशमुख को 7 साल की सजा सुनाई गई है.

अपर सत्र न्यायाधीश दुलार सिंह निर्मलकर ने मामले की सुनवाई के बाद दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए यह सजा सुनाई. शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक शेखर वर्मा ने प्रभावी पैरवी की. घटना 28 अगस्त 2024 की रात करीब 8 बजे की है. बताया गया कि टिकेश्वर देशमुख घर में सो रहा था, तभी उसकी सास भारती वर्मा ने लोहे की गैती और टांगिया से उस पर हमला कर दिया.

सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छुपाने की कोशिश की. सास भारती वर्मा और पत्नी अनिता देशमुख ने शव को बोरे में भरकर घर में ही छुपा दिया और अगले दिन घर में ताला लगाकर बच्चों को लेकर बाहर चली गईं. करीब चार दिन बाद घर से तेज बदबू आने पर ग्रामीणों को शक हुआ और इसकी सूचना पुलिस को दी गई.

पुलिस ने सरपंच, कोटवार और ग्रामीणों की मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा, जहां से सड़ी-गली हालत में शव बरामद हुआ. मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर गहन जांच की. साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपियों को दोषी पाते हुए सजा सुनाई.

हंगामे के बीच पारित हुआ भिलाई तीन निगम का लाभ का बजट

भिलाई तीन। नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा का वर्ष 2026-27 का बहुप्रतीक्षित बजट सोमवार को महापौर निर्मल कोसरे द्वारा निगम सभा में हंगामे के बीच पेश किया गया. यह उनके कार्यकाल का अंतिम बजट है, जिसमें शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है. आयुक्त द्वारा प्रस्तुत बजट अनुमान एवं पुनरीक्षित बजट पर चर्चा के बाद निगम सभा ने इसे सर्वसम्मति से अनुमोदन हेतु अनुशंसित किया.

बजट के अनुसार वर्ष 2026-27 में 38,309.75 लाख की आय तथा 38, 214.98 लाख का व्यय प्रस्तावित है, जिससे निगम को लाभ की स्थिति में रखते हुए 6,790.26 लाख का अंतिम शेष अनुमानित है. वहीं वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट में आय 9,204.65 लाख और व्यय 9,141.42 लाख आंका गया है. आय के प्रमुख स्रोतों में 35,727.02 लाख का अनुदान, संपत्तिकर 484 लाख, जलकर 82.50 लाख एवं अन्य स्रोतों से आय शामिल हैं.

बजट में पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए मोरिद जलाशय में नए इंटेक वेल निर्माण और पाइपलाइन विस्तार के लिए 5000 लाख का प्रावधान किया गया है. विभिन्न वार्डों में छह नई ऊंची पानी टंकियों का निर्माण तथा के लिए भी पर्याप्त राशि निर्धारित की गई नलकूप, पाइपलाइन संधारण और विस्तार है. साफ-सफाई के क्षेत्र में कम्पोस्ट प्लांट निर्माण, सिवर लाइन मरम्मत, सफाई सामग्री क्रय और नए एसएलआरएम सेंटर स्थापित करने के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं.

लोक निर्माण कार्यों के लिए 23,283 लाख का प्रावधान करते हुए केनाल रोड निर्माण ( 6800 लाख), मिनी स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, तालाब सौंदर्यीकरण, बाजार उन्नयन, डामरीकरण सड़कें और मल्टीलेवल पार्किंग जैसे कार्य शामिल किए गए हैं. इसके साथ ही महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट, महिला समृद्धि बाजार, डिजिटल लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर जैसी योजनाएं भी बजट का हिस्सा हैं.

पक्ष-विपक्ष के पार्षर्दों के बीच हुई तीखी बहस

बजट पेश होते ही सभा में पक्ष-विपक्ष के पार्षदों के बीच तीखी बहस और हंगामा देखने को मिला. सभापति कृष्ण चंद्राकर ने पेयजल समस्या को लेकर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए 15 दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए . नेता प्रतिपक्ष रामखेलावन, पार्षद तुलसी ध्रुव, चंद्रप्रकाश पांडे और अन्य पाषर्दों ने भी जल, सफाई और कर वृद्धि के मुद्दों पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की. कुल मिलाकर यह बजट जहां विकास के बड़े दावों के साथ पेश हुआ, वहीं जनसमस्याओं को लेकर राजनीतिक गरमाहट भी साफ नजर आई.

सालेकसा – दर्रेकसा के बीच टूटा विद्युत तार, रोकनी पड़ीं ट्रेनें

राजनांदगांव। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले सालेकसा दर्रे कसा रेलवे स्टेशन के मध्य सोमवार सुबह 6 बजे के आसपास ओएचई विद्युत तार टूट जाने से ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से प्रभावित हुआ है. विद्युत तार टूटने के कारण आसपास के स्टेशनों में ट्रेनों को रोकना पड़ा, जिसके कारण यात्रियों को काफी अधिक परेशानी उठानी पड़ी है. विद्युत तार टूटने के कारण आज छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से लेकर इंटरसिटी एक्सप्रेस, भगत की कोठी सहित लोकल गाड़ियां काफी विलंब से पहुंची है.

सूचना मिलते आसपास के स्टेशनों से सुधार दस्ता पहुंचा और टूटी हुई तार को सुधारने में पूरी तरह से जुट गया. सुबह 7 से लेकर 11 बजे तक सुधार कार्य सुनिश्चित कराया गया. इस बीच विद्युत तार टूट जाने के कारण छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को भी आमगांव के आसपास रोका गया था इसके साथ-साथ इंटरसिटी एक्सप्रेस भी गोंदिया के पहले रोकी गई. भगत की कोठी को भी आसपास के स्टेशनों में ही खड़ा कराया गया. 3 से 4 घंटे तक ट्रेनों का परिचालन नहीं होने के कारण ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को भी भीषण गर्मी से जूझना पड़ा है. इस दौरान यात्री भी काफी परेशान होते रहे.

सुबह 11 बजे के आसपास विद्युत तार का सुधार कार्य हो जाने के बाद ट्रेनों का परिचालन शुरू हो पाया. तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली. तीन से चार घंटे तक गोंदिया से लेकर आमगांव के मध्य ट्रेनों को खड़ा कर देने से यात्री भी काफी अधिक परेशान हुए हैं. सुबह 6. 30 के आसपास आने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस आज अपने निर्धारित समय से 6 घंटे विलंब से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पहुंची है. इसके साथ-साथ इंटरसिटी एक्सप्रेस 3 घंटे, बीकानेर एक्सप्रेस 6 घंटे, जीडी लोकल गाड़ी 5 घंटे और जीडी रायपुर लोकल गाड़ी समय से 4 घंटे विलंब से पहुंची है. ट्रेनों की लेट लतीफी से आज यात्रियों को अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है.

सिलेंडर में विस्फोट से घर जलकर खाक, पड़ोसी झुलसा

डोंगरगढ़। डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुंदगांव में रविवार सुबह लगभग 11 बजे सिलेंडर विस्फोट होने से भीषण आगजनी की घटना हो गई. हादसे में ओम प्रकाश यादव के मकान में आग लगने से पूरा घर जलकर खाक हो गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. जानकारी अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा समस्त सामान जलकर नष्ट हो गया.

घटना के समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था, केवल महिलाएं और बच्चे ही घर पर थे, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो गई. इस दौरान पड़ोसी नारायण वर्मा आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया. उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि उन्होंने ही सबसे पहले किचन से उठते धुएं को देखा और तत्परता दिखाते हुए आग को और विकराल रूप लेने से रोकने का प्रयास किया. इस दौरान वह स्वयं आग की चपेट में आ गया, जिससे झुलस गया.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m