डोंगरगढ़। शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने पांच शिकायतों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कथित मुख्य सरगना अब भी फरार है. पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 एवं 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.

यह भी पढ़ें : CG Morning News: छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों के लिए आज जारी होगी अधिसूचना, विधानसभा बजट सत्र का चौथा दिन, सहयोग केंद्र में मंत्री राजेश अग्रवाल सुनेंगे समस्याएं, सीके नायडू ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचा छत्तीसगढ़

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ताओं ने देवेंद्र कुमार गोरले एवं भिलाई निवासी भाजपा नेता जयप्रकाश यादव के विरुद्ध लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था. मंगलवार देर शाम थाना डोंगरगढ़ में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने अब तक पांच पीड़ितों से कुल 11 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि की है. हालांकि क्षेत्र में 53 लाख रुपये से अधिक की ठगी की आशंका जताई जा रही है.

इनसे ली गई राशि

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने धीरज साहू (डोंगरगढ़) से 2 लाख रुपये, बसंत साहू (पनियाजोब ) से 2 लाख 50 हजार रुपये, बृजभूषण सिन्हा (डोंगरगढ़) से 2 लाख रुपये, उमा भारती लिल्हारे ( इंदिरा नगर ) से 1 लाख 50 हजार रुपये तथा शिव टेंभुरकर (मुसरा) से 3 लाख रुपये लिए. राशि नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग समय पर वसूली गई. अधिकांश को शासकीय विभागों में कंप्यूटर ऑपरेटर एवं सहायक ग्रेड-3 पद पर नियुक्ति का भरोसा दिया गया था.

गर्मी की आहट मात्र से सूख रहा नांदगांव का कंठ

राजनांदगांव। जीवनदायिनी शिवनाथ नदी में पानी की कमी हो जाने के बाद अब नगर निगम द्वारा मोखली एनीकट से पानी लिया जा रहा है. प्रथम चरण में मोगली एनीकट से 50 एमसीएफटी पानी लेकर जलापूर्ति कराई जा रही है. सुबह और शाम के समय नलों से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. आगामी दिनों मटिया मोती जलाशय और मोगरा बैराज से पानी लेकर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.

ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिला मुख्यालय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 51 वार्ड में शहरवासियों को पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए वितरण पाइपलाइन का अधिक से अधिक विस्तार सुनिश्चित किया गया है. 45000 से अधिक नल कनेक्शन के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. 15 से अधिक स्थानों पर बृहद टंकियों का निर्माण सुनिश्चित कराने के साथ-साथ शहर वासियों को प्रतिदिन चार करोड़ लीटर पानी की जलापूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है.

शिवनाथ नदी के तट पर बनाए गए एनीकट में पानी की कमी हो जाने के बाद अब नगर निगम द्वारा प्रथम चरण में मोखली एनीकट से 50 एमसीएफटी पानी लेकर शहरवासियों की प्यास बुझाई जा रही है. नगर निगम के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में मोखली एनीकट से पानी लिया जा रहा है.

गर्मी में बढ़ेगी दिक्कतें

फरवरी के मध्य से ही शहर वासियों की बुझाने के लिए नगर निगम द्वारा अभी से ही मोगली एनीकट से 50 एमसीएफटी पानी लिया जा रहा है. आने वाले दिनों में मटिया मोती जलाशय से लेकर मोगरा बैराज से भी पानी लिया जाएगा जिसके लिए अभी से ही कार्य योजना तैयार कर ली गई है. प्रतिदिन 4 करोड़ लीटर से अधिक की पानी की खपत होने के कारण अगले दिनों में दिक्कतें भी बढ़ सकती है.

145 आरोग्य मंदिरों में प्रति बुधवार चलेगा विशेष अभियान

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में जिले को निरोग बनाने की दिशा में अब हर बुधवार को स्वस्थ्य जीवनशैली हेतु जिले के सभी 118 उपस्वास्थ्य केंद्रो और 27 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रत्येक बुधवार को नियमित योगा क्लास के साथ बीपी, शुगर और कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. साथ ही स्वास्थ्य विभाग के द्वारा, लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवन के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि वे बीपी और शुगर जैसी बीमारियों से बच सकें.

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नेतराम नवरतन ने बताया कि एनसीडी (गैर-संचारी रोग) कार्यक्रम के तहत 30 अधिक आयु के सभी पुरूशों एवं महिलाओं का बीपी एवं शुगर जांच, ओरल कैंसर स्क्रीनिंग एवं महिलाओं का ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है. जांच के दौरान जिन व्यक्तियों में लक्षण पाये जाएगें उन्हें योग, जीवन शैली में बदलाव, खानपान में सुधार के साथ निरोग रहने के लिए आवष्यक परामर्श दिया जा रहा है.

जिले के समस्त अधिकारी एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों के सलाहकार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जाकर निरीक्षण एवं योगा भी कर रहे है. उक्त पहल के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर में योग एवं परामर्श लेने वाले व्यक्तियों की हर माह पुनः बीपी, शुगर एवं कैंसर स्क्रीनिंग की जावेंगी. जिन लोगों में बीपी एवं शुगर नियंत्रण में पाया जाएगा उन्हें सम्मानित भी किया जावेंगा. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि प्रति बुधवार निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जाकर योग करें तथा बीपी, शुगर एवं कैंसर स्क्रीनिंग निःशुल्क करवायें.

न्याय शुल्क स्टाम्प व टिकट व्यवस्था पर अधिवक्ता संघ का विरोध

छुईखदान। अधिवक्ता संघ छुईखदान ने उप कोषालयों से न्याय शुल्क स्टाम्प एवं न्याय शुल्क टिकट विक्रय बंद करने के राज्य शासन के निर्णय पर कड़ा विरोध जताया है. इस संबंध में संघ ने माननीय राज्यपाल, छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखकर शासन के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है.

अधिवक्ता संघ ने पत्र में उल्लेख किया है कि संचालनालय कोष एवं लेखा, छत्तीसगढ़ द्वारा 11 फरवरी 2026 को जारी पत्र के अनुसार जिला कोषालयों से सुरक्षा की दृष्टि से स्टाम्प विक्रय बंद कर तहसील स्तर पर न्याय शुल्क स्टाम्प एवं टिकट की उपलब्धता समाप्त करने का निर्णय लिया गया है. इस निर्णय के चलते अब तहसील स्तर के अर्जीनवीशों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों को स्टाम्प एवं न्याय शुल्क टिकट प्राप्त करने के लिए जिला मुख्यालय पर निर्भर होना पड़ेगा.

संघ का कहना है कि इससे वादकारियों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ के साथ-साथ समय की भी अनावश्यक हानि होगी. साथ ही अधिवक्ताओं के कार्य में भी बाधा उत्पन्न होगी, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि तहसील स्तर पर यह सुविधा समाप्त की जाती है, तो अधिवक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आंदोलन के लिए विवश होना पड़ सकता है.

अधिवक्ता संघ छुईखदान ने शासन से आग्रह किया है कि उक्त आदेश को वापस लेते हुए तहसील स्तर पर ही स्टाम्प, न्याय शुल्क स्टाम्प एवं न्याय शुल्क टिकट की व्यवस्था यथावत बनाए रखने के निर्देश दिए जाएं, ताकि आम जनता और अधिवक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

गांवों में बाहरी ईंट-भट्टा संचालकों की जांच के साथ कार्रवाई की मांग

छुईखदान। छुईखदान और इसके आसपास के गांवों में ईंट-भट्टों के संचालन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. स्थानीय ग्रामीणों और पारंपरिक ईंट व्यवसाय से जुड़े लोगों का आरोप है कि उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश से आए कुछ बाहरी संचालक क्षेत्र में ईंट- भट्टों का संचालन कर रहे हैं, जिससे स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ व्यवहार को लेकर भी तनाव की स्थिति बन रही है. कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि बाहरी लोगों द्वारा स्थानीय निवासियों के साथ दबावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे गांवों में असहजता और भय का माहौल पैदा हो रहा है. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो आवश्यक कार्रवाई की जा सके. ग्रामीणों के अनुसार खैरी, कुटेली, शाखा और पुरैना सहित कई गांवों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा जमीन खरीदने के मामले भी सामने आ रहे हैं. इसको लेकर लोगों ने संबंधित संपत्तियों और लेन-देन की वैधानिकता की जांच की मांग उठाई है.

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन से अपील की है कि ईंट-भट्टों के संचालन, पर्यावरणीय मानकों, श्रम कानूनों और भूमि संबंधी नियमों के पालन की समीक्षा की जाए. समय रहते ठोस कदम उठाए जाने से क्षेत्र में बढ़ते तनाव को रोका जा सकता है और स्थानीय आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है.

डिप्लोमा इंजीनियर ने दो साल में चुराये 31 लाख रुपए के दोपहिया वाहन

भिलाईनगर। चंगोराभाठा रायपुर के रहने वाले ई. पापा राव ने भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा किया, लेकिन पोकलेन के हाइड्रोलिक मैकेनिक को दोपहिया वाहन चुराने का ऐसा शौक लगा कि दो वर्षों में उसने 31 लाख के 31 वाहन चुरा लिए. खास बात यह है कि आरोपी ने भिलाई- रायपुर के अलावा बीएसपी के गेट से सबसे ज्यादा होंडा साइन की चोरियां की है. वाहन चुराने के बाद उसे कुनकुरी (जिला जशपुर ) क्षेत्र में ले जाकर अपने सहयोगियों के माध्यम से खपाता था. बुधवार को राज्यस्तरीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश पुलिस ने कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में पत्रवार्ता में एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि भिलाई- दुर्ग क्षेत्र में वर्ष 2024 से लगातार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं हो रही थी . विशेष रूप से बीएसपी के मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग तथा भिलाई-भट्ठी क्षेत्र को आरोपी ने निशाना बनाया था. इस मामले में अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरणों की समीक्षा, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबीर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी ई. पापा राव निवासी कुशालपुर चंगोरा भाठा जिला रायपुर को चिन्हित कर गिरफ्तार किया.

पूछताछ में आरोपी ने बताया गया कि वह स्वयं वाहन चोरी कर उन्हें कुनकुरी (जिला जशपुर ) क्षेत्र में ले जाकर अपने सहयोगियों के माध्यम से खपाता था. चोरी के वाहनों को मनोज राम निवासी कुनकुरी जिला जशपुर एवं राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि तथा अन्य सहयोगियों के माध्यम से बेचने की प्रक्रिया अपनाई जाती थी. मुख्य आरोपी ई. पापा राव भोपाल से मेकनिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा है और पोकलेन का हाइड्रोलिक मैकेनिक है. जांच के दौरान कुल 31 दोपहिया वाहन, अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये जब्त किए गए.

होंडा साइन की पसंदीदा बाइक : आरोपी होंडा साइन व अन्य लोकप्रिय दोपहिया वाहनों को टार्गेट बनाता था. आरोपी ने पुलिस के पूछताछ में बताया कि होंडा साइन बाइक का लॉक तोड़ने में उसे आसानी होती थी, इसलिए वह सिर्फ होंडा साइन बाइक ही सबसे ज्यादा चुराता था. जांच में पता चला कि आरोपी ने रायपुर में 30 लाख का घर बनाया है. ई पापा राव के बच्चे शहर के बड़े स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं.

महिला गारमेंट फैक्ट्री बनकर तैयार, लेकिन शुरू नहीं हो रहा काम

भिलाईनगर। खुर्सीपार के आईटीआई ग्राउंड में महिला गारमेंट फैक्ट्री शहरी महिला आजीविका केंद्र का निर्माण लगभग 4 करोड रुपए से किया गया है. 4 करोड रुपए से फैक्ट्री बनकर तैयार है. अध संरचना मद अंतर्गत चार करोड़ से अत्याधुनि के मशीन एवं अन्य संसाधन की खरीदी होनी है.

यह परियोजना 500 से अधिक महिलाओं को सीधे रोजगार प्रदान करने बनाई गई है, जो क्षेत्र की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का एक बड़ा केंद्र बनता, लेकिन 3 साल से अब तक इस योजना को अमल नहीं किया जा रहा है. भिलाई नगर निगम के अधिकारी इस योजना को लेकर बड़े-बड़े वायदे कर रहे थे, लेकिन फैक्ट्री बनकर तैयार होने के बाद अभी तक शुरू नहीं हो पाना अधिकारियों की लापरवाही को उजागर कर रहा है. कांग्रेस सरकार में यह योजना शुरू की गई थी, लेकिन अब तक 500 महिलाओं को स्वालंबन बनाने तथा भिलाई में छत्तीसगढ़ की खुद के ब्रांड के कपड़ों की गारमेंट फैक्ट्री को शुरू करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई दे रही है.

अल्प्राजोलम की बड़ी खेप जब्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। अवैध मदाक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तह भट्ठी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1650 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जब्त मादक पदार्थ रुपए की अनुमानित कीमत 6 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है.

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 24 फरवरी की रात लगभग 11:56 बजे थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर 01 स्थित पंप हाउस के पास दो व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से प्रतिबंधित मादक पदार्थ अल्प्राजोलम टेबलेट का परिवहन एवं विक्रय किए जाने की सूचना मिली. सूचना पर तत्काल पुलिस टीम घेराबंदी कर दोनों संदेहियों सागर सिंह राजपूत (21 वर्ष) निवासी वार्ड 18, सेक्टर 03, व अतुल यादव (20 वर्ष) निवासी सेक्टर 01 को पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1650 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद हुआ.