Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : भिलाई। आईपीएल सट्टा का संचालन करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कंडरापारा के ऋषभ नगर स्थित मकान में आईपीएल क्रिकेट मैच (चेन्नई बनाम दिल्ली) में ऑनलाइन सट्टा संचालित हो रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर ऋषभ नगर निवासी विकास जैन, शिवपारा निवासी रौनक ताम्रकार, गवलीपारा निवासी प्रवीण ताम्रकर को पकड़ा। युवकों के पास से नगदी 9810 रुपए, चार मोबाइल उक्त सामानों की कुल कीमत 49 हजार 800 रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने युवकों के खिलाफ धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022, धारा 112(2) के तहत जुर्म दर्ज किया है। पुलिस ने अपील किया है कि आम नागरिक किसी भी प्रकार के अवैध सट्टा एवं जुआ गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें।

नहीं थम रहा पीलिया का संक्रमण, लगातार चौथे दिन मिले 7 नए केस

भिलाई। टाउनशिप के वार्ड-67 सेक्टर 7 पश्चिम सड़क 37 ए में पीलिया का प्रकोप जारी है। रविवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हेल्थ कैम्प लगाया। साथ ही घर-घर जाकर संदिग्ध मरीजों की जांच की गई। क्षेत्र में अब तक पीलिया के 31 मरीज मिल चुके हैं। रविवार को जांच के दौरान 7 नए मरीज सामने आए हैं।

पीलिया के लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पीलिया का संक्रमण प्रदूषित जल और भोजन के माध्यम से मनुष्य की शरीर में पहुंचता है।

पूरी संभावना है कि पेयजल के माध्यम से पीलिया का वायरस लोगों के शरीर में पहुंचा। बहरहाल स्थानीय निकाय और बीएसपी प्रबंधन की टीम नियमित रूप से प्रभावित क्षेत्र में जांच कर रही है। इधर स्वास्थ्य विभाग से शास्त्री अस्पताल सुपेला के प्रभारी डॉ. पियाम सिंग, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट ऋतिका सोनवानी, विजय सेजुले, हितेन्द्र कोसरे ने बीईटीओ एवं स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनों के साथ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया गया। सेक्टर-07, स्ट्रीट-37ए भिलाई में पीलिया ग्रस्त होने के कारण लक्षण पाये गये मरीजों का रक्त नमूना लिया गया।

11 स्पेशन ट्रेन : डेढ़ लाख यात्रियों को मिलेगी कंफर्म सीट

भिलाई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेन शुरू की है। इस बार 11 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो करीब 87 फेरों में दौड़ेंगी। इन ट्रेनों का संचालन 2 अप्रैल से शुरू हो चुका है। जो 16 जुलाई 2026 तक अलग-अलग तारीखों पर चलेंगी।

ये ट्रेनें देश के 20 से ज्यादा प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेंगी, जिससे मध्य भारत, महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। इन ट्रेनों से करीब 1.5 लाख से अधिक यात्रियों को कन्फर्म सीट और राहत मिल सकेगी। ये स्पेशल ट्रेनें लंबी दूरी के व्यस्त रुट को कवर करेंगी। जो दुर्ग, हरिद्वर, इतवारी, शालीमार, एलटीटी, संतरागाछी, हटिया, पटना-एलटीटी, तिरुपति-रक्सौल, चर्लपल्ली, गोंदिया, रक्सौल, एलटीटी, हावड़ा, इतवारी मालदा टाउन और पुणे, संतरागाछी शामिल हैं। इन मार्गो पर हर साल गर्मियों में भारी भीड़ रहती है, ऐसे में यह सुविधा यात्रियों के लिए काफी राहत देने वाली है। छत्तीसगढ़ में ये एक्सप्रेस ट्रेनें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, रायगढ़ समेत सभी प्रमुख स्टेशनों में रुकेगी। गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इन स्पेशल ट्रेनों से वेटिंग लिस्ट कम होगी। लंबी दूरी के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

30 अप्रैल तक संपत्तिकर नहीं पटाया तो देना होगा 17 प्रतिशत अधिभार

दुर्ग। शासन के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए संपत्तिकर सहित अन्य सभी प्रकार के कर पटाने के लिए दुर्ग निगम ने हितग्राहियों को 30 अप्रैल तक मौका दिया है। इस दौरान किसी भी प्रकार का अतिरिक्त चार्ज नहीं वसूला जाएगा। इसके बाद 1 मई से 17 प्रतिशत अधिभार वसूलने की तैयारी है। जानकारी के मुताबिक लक्ष्य का 80 प्रतिशत तक टैक्स वसूला जा चुका है। वर्तमान में लगातार अभियान भी चलाया जा रहा है।

साथ ही तीन साल से अधिक पुराने बकाएदारों द्वारा टैक्स नहीं जमा करने पर नल कनेक्शन काटने से लेकर अन्य कार्रवाई की तैयारी की गई है। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल नियमित रूप से टैक्स वसूली की समीक्षा भी कर रहे हैं। शासन के निर्देश पर टैक्स जमा करने की तारीख 30 अप्रैल की गई है। यह निर्णय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक करदाता समय पर कर जमा कर शासकीय छूट का लाभ प्राप्त कर सकें। अप्रैल माह के अंत तक संपत्तिकर जमा करने वाले करदाताओं से किसी भी प्रकार की पेनल्टी नहीं ली जाएगी। वहीं 1 मई के बाद पिछले वर्ष का संपत्तिकर जमा करने पर 17 प्रतिशत तक सरचार्ज वसूला जाएगा। राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया है कि आगामी दिनों में घर-घर जाकर बकायादारों से वसूली की जाए तथा नागरिकों को ऑनलाइन टैक्स भुगतान के लिए भी प्रेरित किया जाए। आयुक्त ने अमले को निर्देश दिए गए हैं कि वसूली के दौरान टीम अपनी गतिविधियों की फोटो व्हाट्सएप पर अपडेट करें, ताकि कार्य की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस कॉम्बिंग गश्त से बदमाशों में हड़कंप

राजनांदगांव। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने बीती रात शहर के कई स्थानों पर कॉम्बिंग गश्त किया। इस दौरान संदिग्धों से पूछताछ की गई। वहीं देर रात तक घूमने वालों को समझाईश दी गई। पुलिस की इस गश्त से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा रहा।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में 11 अप्रैल को रात्रि 10 बजे से प्रारंभहोकर देर रात तक जिला पुलिस द्वारा शहर क्षेत्र में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में 5 राजपत्रित अधिकारियों के अंतर्गत 9 निरीक्षक तथा कुल 165 पुलिस बल की 4 विशेष टीम गठित कर विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन चेकिंग एवं तस्दीक की कार्रवाई की गई।

चिन्हित व्यक्तियों के निवास पर पहुंची पुलिस

कॉम्बिंग गश्त के दौरान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुंडा-बदमाश, निगरानी बदमाश, माफी बदमाश, स्थायी वारंटियों एवं किशोर पंजी में दर्ज ऐसे किशोरों की सघन चेकिंग की गई, जो अपराध प्रवृत्ति के हैं अथवा जिन पर अपराध में संलिप्त होने का संदेह है। सभी चिन्हित व्यक्तियों के निवास स्थानों पर पहुंचकर तस्दीक की गई तथा उन्हें कड़ी समाझाइश दी गई कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार के आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही उन्हें समय पर घर में उपस्थित रहने, अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने एवं शराब सेवन कर किसी भी प्रकार का विवाद व झगड़ा न करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए।

नगर निगम की टीम ने शहर से हटाए विज्ञापन के 130 अवैध बोर्ड

राजनादगांव। नगर निगम सीमा क्षेत्र में निजी भवन के दीवाल, छत पर लगे होडिंग्स बोर्ड, विद्युत पोलों में लगे छोटे बैनर-पोस्टर, फ्लाई ओवर के पिल्हर में विज्ञापन बिना अनुमति के लगाया गया है, जिसे नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर निगम की टीम हटाने की कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आज लखोली नाका चौक, नंदई, गंज चौक, रामाधीन मार्ग, कामठी लाइन के विद्युत पोली एवं अन्य जगह में लगे लगभग 130 पोस्टर व छोटे विज्ञापन बोर्ड निगम टीम ने हटाया।

आयुक्त विश्वकमा ने कहा कि विज्ञापन बोर्ड लगाने नगर निगम से नियमानुसार विधिवत अनुमति एवं स्वीकृति ले लें। उन्होंने सर्वसंबंधित विज्ञापन एजेंसियों/ संस्थानों एवं संबंधित व्यक्तियों को सूचित करते कहा है कि निकाय के बिना पूर्वानुमति एवं स्वीकृति के लगाए गए होडिंग्स बोर्ड, बैनर पोस्टर एवं अन्य प्रकार के विज्ञापन स्वेच्छा से हटा लें अन्यथा भविष्य में बिना किसी पूर्व सूचना के निगम सीमाक्षेत्रातंर्गत बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग्स बोर्ड/बैनर पोस्टर के लिए अर्थदंड अधिरोपित करते बैनर-पोस्टर एवं अन्य प्रकार के विज्ञापन बोर्ड निगम द्वारा हटा/जब्त कर लिया जाएगा एवं अवैध विज्ञापनकर्ताओं के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। जिससे उत्पन्न क्षति तथा संपूर्ण हर्जे खर्चे के लिए संबंधित एजेंसी/संस्थान एवं व्यक्ति स्वयं उत्तरदायी होंगे।