भिलाईनगर। आयोजनों के लिए खेल मैदान का संधारण शुल्क 10,000 रुपए से अधिक नहीं प्रस्तावित किया जाएगा. इसी प्रकार मैदान का संधारण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिव्यक्ति मेंटेनेंस शुल्क 250 रुपए मासिक से अधिक नहीं होगा, ताकि आयोजन सुगमता से संपन्न हो सकें, साथ ही मैदान के रखरखाव में मदद मिले. यह बात भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने खिलाड़ियों और आम नागरिकों से चर्चा के दौरान कही.
भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने शांति नगर स्थित दशहरा मैदान का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने खेल मैदान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां अभ्यास कर रहे स्थानीय खिलाड़ियों और आम नागरिकों से संवाद किया.

आयुक्त पाण्डेय ने इस मौके पर उपस्थित कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा को निर्देशित किया कि मैदान के उपयोग संबंधी नियमावली में आवश्यक संशोधन के लिए महापौर परिषद में पुनर्विचार की कार्रवाई करें, जिससे किराया दरों और सुरक्षा निधि को तर्कसंगत बनाया जा सके, स्थानीय समितियों और खेल प्रेमियों को इसका भरपूर लाभ मिल सके.
निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित करने का मुख्य उद्देश्य मैदान के प्रबंधन को व्यवस्थित करना था, जिससे युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें. आयुक्त ने बताया कि बड़े स्तर के खेल आयोजनों के लिए मैदान का संधारण शुल्क 10,000 रुपए से अधिक नहीं प्रस्तावित किया जाएगा.
नियमों में होगा संशोधन आयुक्त : नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि हमारा लक्ष्य भिलाई की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना है. नियमों में संशोधन का प्रस्ताव कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सार्वजनिक संसाधनों का लाभ बिना किसी बाधा के सीधे स्थानीय खिलाड़ियों और आम नागरिकों को मिले.
पूर्व में 2 लाख रुपए सुरक्षा निधि : खेल मैदान को किराए में देने के लिए निर्धारित सुरक्षा निधि 2 लाख रुपए रखी गई थी. ईओआई में वार्षिक किराया राशि अधिक प्राप्त होने पर स्थानीय प्रतिभाओं को मैदान का उपयोग करने में कठिनाई हो सकती है.
दुर्ग-धमधा रोड पर ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
भिलाईनगर। धमधा थाना अंतर्गत मंगलवार की शाम शादी और पूजा का सामान खरीदकर ससुर और दामाद मोटर साइकिल से घर लौटते समय दुर्ग-धमधा मार्ग पर तेज रफ्तार की ट्रक की चपेट में आने से ससुर की मौके पर मौत हो गई. वहीं दामाद बाल-बाल बच गया. प्रार्थी दयाराम यादव की रिपोर्ट पर पुलिस मामले में धारा 106 (1),281,184 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है.
धमधा पुलिस ने बताया कि प्रार्थी दयाराम यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उनका साला नंदकुमार यादव (24 वर्ष) अपने ससुर नरसिंग यादव निवासी ग्राम सहगांव थाना नंदिनी नगर के साथ शादी और पूजा का सामान खरीदने धमधा साप्ताहिक बाजार आया था. सामान खरीदने के बाद दोनों हीरो एचएफ 100 मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 07 सीएस 7934 से वापस गांव सहगांव लौट रहे थे.
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमएच 0504 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल को ठोकर मार दी. ठोकर के बाद मोटर साइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई और पीछे बैठे नरसिंग यादव ट्रक के ड्राइवर के साइड के पहिए के नीचे आ गए, इससे उनके सिर और छाती में गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है.
मां से दुष्कर्म करने वाले आरोपी बेटे को 25 वर्ष सश्रम कारावास
दुर्ग। अपनी ही मां के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है. अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एफटीसी कोर्ट दुर्ग अवध किशोर की कोर्ट ने आरोपी को 25 वर्ष सश्रम कारावास एवं 500 रुपए अर्थदंड से दंडित किया है. अर्थदंड न दे पाने पर 15 दिन के कारावास की सजा सुनाई है.
अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी करने वाले अपर लोक अभियोजक संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने 23 अगस्त 2025 की रात 12 बजे जब घर में कोई नहीं था तब आरोपी ने अपनी मां के कमरे को खटखटाया और दरवाजा खोलने पर मां के साथ पहले गाली गलौज की, इसके बाद उसने अपनी मां के साथ ही दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. किसी तरह महिला भाग कर पड़ोसी के घर में शरण ली थी. सुबह अपने पति के ड्यूटी से लौटने पर उसने नेवई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी के विरुद्ध चालान पेश किया था.
अफीम की खेती कर किसे की जा रही थी सप्लाई, खुलासा होना बाकी
भिलाईनगर। अफीम की खेती का दुर्ग पुलिस ने तो खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है प्रशासन ने भी बड़ा एक्शन लेकर सख्ती दिखाते हुए निलंबित भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत और उसके भाई बृजेश ताम्रकार के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाया. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि अफीम की खेती कर आखिर किसे सप्लाई की जा रही थी, यह जांच का विषय है. इसके पीछे और कौन-कौन शामिल हैं अभी खुलासा होना बाकी है.
गौरतलब हो कि तीनों आरोपियों को पुलिस ने 7 मार्च को गिरफ्तार किया था. इसके बाद पूछताछ के लिए आरोपियों का रिमांड लिया था. पुलिस पूछताछ और जांच में पता चला है कि आरोपी विकास विश्नोई ने अफीम की खेती करना यू- ट्यूब वीडियो देखकर सीखा था. उसके मोबाइल की हिस्ट्री में खेती से लेकर अफीम तैयार करने और खपाने तक के सैकड़ों वीडियो मिले हैं.
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि उसने समोदा गांव में अफीम की खेती की और करीब 150 ग्राम अफीम दुर्ग से राजस्थान अपने गांव भी ले गया था. बताया जा रहा है कि आरोपी विकास विश्नोई पिछले करीब 6 वर्षों से दुर्ग में रह रहा था. वह भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के कपास के फॉर्म हाउस में अपनी पत्नी के साथ रहता था.
महिला आयोग की महा जनसुनवाई में 113 प्रकरणों में से 41 मौके पर नस्तीबद्ध
दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक एवं प्रभारी सदस्य ओजस्वी मंडावी, सदस्य दीपिका सोरी, सदस्य सरला कोसरिया द्वारा राज्य की महिलाओं को त्वरित राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एक वृहद और संवेदनशील निर्णय लिया गया है.
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोग द्वारा 11 मार्च को दुर्ग संभाग के लिए महाजन- सुनवाई सप्ताह का आयोजन प्रेरणा सभा कक्ष, बालगृह परिसर पांच बिल्डिंग महिला एवं बाल विकास कार्यालय में किया गया. आज दुर्ग संभाग में 01 महा जनसुनवाई व प्रदेश स्तर पर 384 वीं एवं जिला स्तर पर 15वीं सुनवाई हुई. जिसमें दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले जिले दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, मोहला मानपुर- अं. चौकी, खैरागढ़- छुईखदान- गंडई, राजनांदगांव के कुल 113 प्रकरणों की एक साथ सुनवाई की गई.
इस महा जन सुनवाई में दुर्ग संभाग के जिला दुर्ग प्रस्तुत 62 प्रकरण में से 30 नस्तीबद्ध, जिला बालोद के 04 प्रकरण में से 01 नस्तीबद्ध, जिला बेमेतरा के 17 प्रकरण में से 04 नस्तीबद्ध, जिला कबीरधाम 04 प्रकरण में से 01 नस्तीबद्ध, जिला राजनांदगांव 14 प्रकरण में से 04 नस्तीबद्ध एवं जिला मोहला मानपुर- अंबागढ़ चौकी 07 प्रकरण में से 01 नस्तीबद्ध तथा जिला खैरागढ़-छुईखदान- गंडई 05 प्रकरण में से 0 नस्तीबध्द किया गया. कुल 113 प्रकरण में से 41 प्रकरण नस्तीबद्ध किए गए. दोनो पक्षों के कुल 155 पक्षकारों ने पंजीयन कराया था बाकी पक्षकार अनुपस्थित रहें, जिसमें आगामी निराकरण हेतु प्रकरण प्रस्तुत किया जायेगा.
आकाशगंगा सब्जी मंडी बंद करने की दी चेतावनी
भिलाईनगर। आकाशगंगा सब्जी मण्डी को कृषि उपज मण्डी के तर्ज पर राधिका नगर (सुपेला थाने के पीछे) स्थानान्तरित किए जाने की मांग को लेकर आज आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी के अध्यक्ष रवि जोन सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने भिलाई नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय से मिलकर गुहार लगाई है.
उन्होंने कहा कि थोक सब्जी विक्रेताओं ने फैसला किया है कि एक माह के भीतर हमारी इस समस्या का समाधान नहीं किया तो थोक दुकान बंद कर देंगे. उन्होंने कहा कि हमें नगर निगम भिलाई द्वारा चयनित शासकीय भूमि जो कि राधिका नगर में स्थित है. राधिका नगर में थोक सब्जी मंडी कृषि उपज मंडी के तर्ज पर दिया जाए. व्यापारियों ने कहा कि हमारी इस अनिश्चितकालीन व्यापार बंद का अन्य मंडियों द्वारा समर्थन किया गया है.
छोटा पड़ने लगा थोक सब्जी मंडी : आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी की रूपरेखा 25 थोक व लगभग 300 चिल्हर सब्जी विक्रेताओं को ध्यान में रखकर की गई थी, परंतु वर्तमान में शहर की बढ़ती आबादी एवं थोक सब्जी व्यवसायियों की संख्या जो कि 110 हो गई है.
इनका मिला समर्थन : आकाशगंगा चिल्हर सब्जी विक्रेता संघ, नेताजी सुभाष मार्केट, सब्जी विक्रेता संघ, पावर हाउस, लक्ष्मी मार्केट सुपेला चिल्हर सब्जी विक्रेता, समस्त साप्ताहिक चिल्हर सब्जी बाजार भिलाई
सीएसवीटीयू खेल एवं एनएसएस के विद्यार्थियों की परीक्षा लेगा 16 से
भिलाईनगर। सीएसवीटीयू भिलाई ने खेल एवं एनएसएस के विद्यार्थियों के लिए नवंबर-दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षाओं को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है. परीक्षाएं 16 मार्च से विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग (परीक्षा केंद्र) में आयोजित की जाएगी. परीक्षाएं दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक होगी.
परीक्षाओं का समय-सारणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है और सभी पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि संबंधित विद्यार्थियों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराएं. साथ ही छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाएं लिखित परीक्षाओं के बाद 2 अप्रैल से 7 अप्रैल के बीच आयोजित की जाएंगी.
प्रायोगिक परीक्षाओं के प्राप्तांक विश्वविद्यालय के डिजिटल पोर्टल पर 18 अप्रैल तक अपलोड करने के निर्देश भी संबंधित संस्थानों को दिए गए हैं. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रवेश-पत्र के साथ अपना पहचान-पत्र परीक्षा केंद्र में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा.
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना : पौने दो लाख घरेलू उपभोक्ताओं में सिर्फ 5 फीसदी ने लगाई अर्जी
राजनांदगांव। जिले में घरेलू बिजली के एक लाख 70 हजार से अधिक उपभोक्ता है. लेकिन इसमें प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सिर्फ 8416 ने ही अर्जी लगाई है. पिछले दो तीन साल से चल रही केन्द्र की इस योजना में सिर्फ पांच फीसदी उपभोक्ताओं का ही कनेक्शन लेना लोगों की उदासीनता को दर्शाता है. जबकि लागत राशि की व्यवस्था नही होने के बाद भी उन्हें छह प्रतिशत सालाना ब्याज पर बैंक से कर्ज लेने की सुविधा मिलने के बाद भी लोग सामने नहीं आ रहे है.
पड़ताल में पता चला है कि. सोलर उर्जा कंपनी की लापरवाही के कारण प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना तेजी नहीं पकड़ पा रही है. आनलाइन अर्जी लगाने के बाद छह महिनों से उपभोक्ता सिस्टम लगाने वेंडरों से संपर्क कर रहे है. लेकिन उनके द्वारा स्टाल में देरी किया जा रहा है. साथ ही आवेदन के बाद बैंको में भी लोन की प्रक्रिया में देरी हो रही है. जिसके चलते उपभोक्ता पीछे हट रहे है. हांलाकि प्रशासन द्वारा दावा किया जा रहा है कि सोलर लगने के बाद लोगों बिजली बिल जीरो आ रहा है. इसके बाद भी लोग सिस्टम लगाने से बच रहे है. जबकि बैंक द्वारा महज छह प्रतिशत सालाना ब्याज पर फायनेंस सुविधा दस साल के लिए दे रही है. इसके बाद लोग सोलर लगाने सामने नही आ रहे है.
वेंडर चयन के बाद भी आधा कनेक्शन स्टाल : जिले में अब तक कल 8 हजार 416 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से 3 हजार 727 लाभार्थियों ने वेंडर का चयन कर लिया है. वहीं 1 हजार 584 घरों में सोलर पैनलों की स्थापना पूरी हो चुकी है, तथा 991 उपभोक्ताओं को सब्सिडी राशि का वितरण भी किया जा चुका है. इधर अफसरों का कहना है कि, कई घरों में बिजली बिल शून्य अथवा नकारात्मक भी आ रहा है, यानी उपभोक्ता अतिरिक्त उत्पादित सौर ऊर्जा को ग्रिड में आपूर्ति कर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं.
ऐसे समझे केन्द्र और राज्य की सब्सिडी : सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने पर शासन द्वारा विशेष सब्सिडी प्रदान करने के साथ ही सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों को 6 प्रतिशत की ब्याज दर से अधिकतम 10 वर्षो के लिए लोन की सुविधा प्रदान करने की पहल की गई है. इस योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर 30,000 केंद्र से व 15,000 राज्य से, कुल 45,000 की वित्तीय सहायता दी जाती है. इसी प्रकार 2 किलोवाट प्लांट पर 90,000 तक कुल सब्सिडी (60,000 केंद्र व 30,000 राज्य) मिलती है. 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है.
राजपूत क्षत्रिय समाज की बैठक 15 को
राजनांदगांव। राजपूत क्षत्रिय महासभा छ.ग. रहटादह पं क्र. 1282 महासभा की वार्षिक सामान्य में 15 सभा की बैठक उपसमिति डोगरगाँव मार्च दिन रविवार 2 बजे स्थान अंबेडकर भवन नया बस स्टैंड के पीछे डोगरगाँव में आहूत कि गयी है. बैठक की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष ठा. बजरंग सिंह बैस के द्वारा की जाएगा महासभा के कोषाध्यक्ष नीरज सिहं क्षत्रिय द्वारा प्रस्तुत वार्षिक प्रतिवेदन पर चर्चा एवं निर्णय, महासभा के महासचिव अशोक ठाकुर के द्वारा प्रस्तुत महासभा के वार्षिक प्रतिवेदन पर चर्चा एवं निर्णय. बैठक में सभी पदाधिकारी से उपस्थित होने की अपील की है.
आसरा में तीन दिवसीय कबीर सत्संग 14 से
डोंगरगांव। अंचल के ग्राम आसरा में तीन दिवसीय कबीर सत्संग महोत्सव १४ से १६ मार्च तक आयोजित किया गया है. आयोजनकर्ता सत्य कबीर सत्संग सेवा परिवार के सदस्यों ने बताया कि इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रखर वक्ता के रूप में अनिल साहेब जी एवं अमन साहेब जी कबीर आश्रम सकरी, जिला रायपुर होंगे. इस धार्मिक आयोजन में सत्संग महोत्सव दोपहर १ बजे से संध्या ५ बजे तक होगा. इस कार्यक्रम के आयोजकों ने धार्मिक बंधुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर लाभ लेने कहा है.
नेशनल लोक अदालत का आयोजन 14 को
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के निर्देशानुसार 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को व्यवहार न्यायालय खैरागढ़ में बैठक आयोजित की गई.
बैठक की अध्यक्षता तहसील विधिक सेवा समिति खैरागढ़ की अध्यक्ष मोहनी कंवर ने की. बैठक में अधिवक्ता संघ, राजस्व विभाग, बैंक, बीमा कंपनियों, नगर पालिका, बीएसएनएल व विद्युत विभाग के प्रतिनिधियों के साथ लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों निराकरण को लेकर चर्चा की गई. इस दौरान सीजेएम निधि शर्मा, जेएमएफसी आकांक्षा खलखो सहित विभिन्न बैंकों व विभागों के अधिकारी, अधिवक्तागण और पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे.
परिवाहन व्यवस्था सुस्त सोसायटियों में हजारों क्विंटल धान अब भी जाम
डोंगरगढ़। जिले में लगभग ढाई माह तक चली धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसानों ने अपनी उपज समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेच दी है और उन्हें बोनस की राशि भी होली जैसे बड़े त्यौहार के पहल प्राप्त हो चुकी है. लेकिन खरीदी के बाद धान का परिवहन अब भी धीमी गति से चल रहा है, जिसके कारण कई सोसायटियों में हजारों क्विंटल धान अब तक उठाव के इंतजार में पड़ा हुआ है.
जानकारी के अनुसार, धान खरीदी समाप्त हुए करीब डेढ़ महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद कई समितियों में धान का परिवहन अब भी पूरा नहीं हो पाया है. इस स्थिति से समिति प्रबंधक और कर्मचारी काफी परेशान नजर आ रहे हैं. बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच खुले में रखे धान को लेकर उन्हें सुखत ( धान खराब होने) का डर भी सताने लगा है. अगर खैरागढ़ ब्लॉक की केवल पांच सोसायटियों के आंकड़ों पर ही नजर डालें तो परिवहन की जमीनी स्थिति साफ दिखाई देती है.
मिली जानकारी के अनुसार, भंडारपुर सोसाइटी में अब भी लगभग 21,314 क्विंटल धान का परिवहन बाकी है. मुढ़ीपार सोसाइटी में करीब 34,000 क्विंटल धान उठाव का इंतजार कर रहा है. गातापार सोसाइटी में लगभग 24,000 क्विंटल धान अब भी जमा है. पारादाह सोसाइटी में करीब 27.760 क्विंटल धान का परिवहन शेष है. वहीं इटार सोसाइटी में लगभग 12,000 क्विंटल धान अभी तक नहीं उठाया गया है.
धान की गुणवत्ता पर पड़ सकता है असर : इन आंकड़ों से साफ है कि हजारों क्विंटल धान अभी भी समितियों में जमा है, जिससे व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं. समिति प्रबंधकों का कहना है कि यदि जल्द ही परिवहन की व्यवस्था नहीं की गई तो बढ़ती गर्मी और मौसम के प्रभाव से धान की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है.
नवागांव में लाखों की लागत से बना हाट बाजार जर्जर
राजनांदगांव। शहर के नवागांव वार्ड दो में हाट बाजार के लिए दो दर्जन से अधिक दुकाने बनाई गई थी. लेकिन अब तक इसका व्यवस्थित उपयोग नही किए जाने के कारण दुकाने जर्जर हो गई हैं. जगह जगह दीवारों में जहां दरारे आ गई है, वहीं दुकान के आसपास आसामाजिक तत्वों का ढेरा हो गया है.
मिली जानकारी अनुसार, नवगांव वार्ड दो में पन्द्रह साल पहले हाट बाजार का निर्माण किया गया था. ताकि इस मैदान मे व्यापारिक चहल पहल हो सके. लोगों की दुकान बनने के बाद आबंटन नगरनिगम द्वारा यहां की प्रक्रिया तक पूरी नही की है. जिसके चलते दुकाने अब जर्जर होने लगी है. वार्ड दो के पार्षद सावन वर्मा ने बताया कि, पूर्व के कार्यकाल में हाट बाजार का निर्माण किया गया था. उन्होंने कहा कि यह मेरे कार्यकाल में नही बनाया गया है. यह सही है कि बाजार बनने के बाद इसका उपयोग होना था. लेकिन वर्तमान में सभी दुकान जर्जर हो गई और आसामाजित तत्वों का ढेरा हो गया है.
रास नहीं आई दुकान की बनावट : वार्ड के लोगों ने बताया कि, हाट बाजार मुख्य सड़क से सीधा बनाने का प्रस्ताव था. लेकिन इसमें बदलाव कर इसे अंदर मैदान में बनाया गया. जिसके चलते फुटकर दुकानदार दुकान लेने से पीछे हट रहे हैं. जबकि इसके निर्माण में नगरनिगम द्वारा चालीस लाख रूपए तक की राशि खर्च की गई. लेकिन इसका कौड़ी का लाभ भी आम लोगों को नहीं मिल पाया.
आसामाजिक तत्वों ने डाला डेरा : वार्डवासियों ने बताया कि सालों पहले बनाए गए इस हाट बाजार का उपयोग अब तक नही हो पाया है. उन्होने बताया कि शाम होते ही यहां आसामाजिक तत्वों का ढेरा हो जाता है. युवा वर्ग नशे की लत में यहां शाम होते ही जमघट बनाकर एकत्रित हो जाते है. जिसका वार्ड के लोगों ने कई बार शिकायत की गई. यहां पेट्रोलिंग करने के भी निर्देश दिए गए थे.
एस्ट्रोटर्फ और सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव अटका, काम शुरू नहीं
राजनांदगांव। अखिल भारतीय हाकी स्पर्धा में लगातार देरी होने से खिलाड़ियों का उत्साह कम हो रहा हैं. एस्ट्रोटर्फ की खराब स्थिति के चलते इस बार खेल स्पर्धा का आयोजन नही हो पाया है. लेकिन हाल ही में राज्य शासन से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है. इसके बाद भी टेंडर प्रक्रिया को पूरा नही किया गया. जिसके चलते हाकी स्पर्धा ठंडे बस्ते में चला गया.
अखिल भारतीय सर्वेश्वरदास हाकी टूर्नामेंट का आयोजन अक्टूबर नवंबर माह में हर साल होता है. लेकिन इस बार एस्ट्रोटर्फ की गुणवत्ता पूरा तरह से खराब हो चुकी है. जिसके चलते स्पर्धा टालना पड़ गया था. हांलाकि जिला प्रशासन स्तर पर गठित कमेटी जिसमें कलेक्टर, महापौर और सदस्यों की बैठक में नवंबर माह में स्पर्धा कराने की सहमति दी थी. लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा एस्टीमेट बनाने के बाद राज्य स्तर से अप्रूवल अब तक नही लिया गया है. जिसके चलते नया एस्ट्रोटर्फ अब तक नही लग पाया हैं. विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डां रमन सिंह के प्रयास पर पूर्व में सात करोड़ रूपए की स्वीकृति नवंबर माह में ही मिल चुकी.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

