दुर्ग। शिक्षकों को जनगणना कार्य में घर-घर जाकर सर्वे करने से सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई ठप होने की स्थिति बन गई है. इस पर नाराजगी जताते हुए छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक / समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधीश दुर्ग के नाम एडीएम वीरेन्द्र सिंह और एसडीएम उत्तम ध्रुव को ज्ञापन सौंपकर इस व्यवस्था का विरोध किया गया है.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : नर्मदा कुंड मंदिर जाएंगे सीएम साय, हनुमान जयंती पर मंदिरों में भक्तों की उमड़ी भीड़, जग्गी हत्याकांड मामले में फैसला आज, ट्राइबल गेम्स : मेंस हॉकी में छत्तीसगढ़ ने जीता ब्रॉन्ज, गांवों में चौपाल लगाएंगे मंत्री, विधायक और सांसद, मांगों को लेकर आंदोलन करेगी कांग्रेस…

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया बच्चों की परीक्षा का परिणाम भी उन्हें समय पर बनाकर देना है एवं कमजोर बच्चों को शिक्षा देकर उन्हें भी सुधार लाने का कार्य करना है. परंतु शिक्षकों को निरंतर गैरशिक्षकीय कार्यों जैसे बीएलओ ड्यूटी, सर्वेक्षण, ऑनलाइन डाटा एंट्री और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में लगाया जा रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.

व्यवस्थापन की मांग को लेकर चक्काजाम

भिलाईनगर . वार्ड 1 जुनवानी पेट्रोल पंप से लेकर आईआईटी कुटेला भाटा तक सड़क चौड़ीकरण को लेकर ग्राम खम्हरिया के प्रभावित लोगों ने सड़क पर बुधवार को चक्का जाम कर दिया. इस दौरान ग्राम खम्हरिया के साहू समाज अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद महेन्द्र साहू ने प्रभावितों के व्यवस्थापन की भांग रखी.

सड़क चौड़ीकरण में कई परिवार के घर सड़क में आ रहे हैं. कई दिनों से जुनवानी क्षेत्र में निवासरत लोग परेशान थे. आज अचानक पीडब्लूडी विभाग द्वारा सड़क अतिक्रमण को हटाने जेसीबी लेकर पहुंची थी इसके चलते पूर्व पार्षद के नेतृत्व में सड़क पर आए और आवागमन की प्रमुख सड़क पर चक्काजाम कर दिए. 30 से 50 वर्ष से रहने वाले हितग्राहियों के पास पट्टा भी उपलब्ध हैं. इसके बावजूद उन्हें यहां से हटाने की कार्रवाई जबर्दस्ती कर रहे थे . पुलिस प्रशासन के समझाइश के बाद सड़क से हितग्राही हटाए गए.

अधिवक्ता संघ चुनाव में प्रत्याशी लग‍ा रहे जोर

दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग के दो वर्षीय कार्यकाल वाले प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव के लिए अब मात्र दो दिनों का समय ही शेष रह गया है. इसको लेकर प्रत्याशियों ने प्रचार-प्रसार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इस चुनाव में कुल 17 पदों के लिए 64 प्रत्याशी मैदान पर में है. जिनके भाग्य का फैसला कुल 1702 अधिवक्ता मतदाता करेंगे.

4 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच जिला न्यायालय परिसर स्थित बार क्रमांक-4 के पास मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे से पदाधिकारी पदों के प्रत्याशियों की मतगणना और 6 अप्रैल को सुबह 9 बजे से कार्यकारिणी सदस्य पद के प्रत्याशियों की मतगणना की जाएगी. मतगणना उपरांत अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे. यह चुनाव अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष (महिला आरक्षित 1 पद), सचिव, सह-सचिव के 2 पदों में 1 पद महिला आरक्षित कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव के 2 पदों में 1 पद महिला आरक्षित के अलावा 7 कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए हो रहा है.

कार्यकारिणी के 7 पदों में 2 पद महिला आरक्षित किया गया है. चुनाव में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, और कोषाध्यक्ष पद के लिए कड़ा मुकाबला होने के आसार है. वहीं चुनाव में कुछ मुद्दे व दावे भी काफी ही है. चुनाव के लिए मात्र दो दिन का समय ही शेष रहने से जिला अधिवक्ता संघ चुनाव टीम द्वारा मतदान की सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई है.

प्रत्याशी आजमा रहे है अपना भाग्य

जिला अधिवक्ता संघ के इस चुनाव में संघ के चार पूर्व अध्यक्ष नीता जैन, गिरीश चंद शर्मा, रमेश शर्मा, गुलाब सिंह पटेल एक बार फिर चुनाव मैदान में है . लगातार चार बार सचिव रहे रविशंकर सिंह एवं कोषाध्यक्ष पद पर अनिल जायसवाल चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं सह सचिव पद पर कृष्णराज चंदेल (छोटू) ने दावेदारी की. इसके अलावा विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों द्वारा चुनावी मैदान में अपनी ताल ठोकी गई है.

6 बूथ, 1702 अधिवक्ता करेंगे मतदान

इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव पांडेय ने बताया कि मतदान के लिए 6 बूथ बनाए जाएंगे. प्रत्येक बूथ में 1 पेटी पदाधिकारी पद और 1 पेटी कार्यकारिणी सदस्य पद के मतदान के लिए रखी जाएगी. पदाधिकारी पद के मतदान के लिए नीले रंग की मतपत्र और कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए सफेद रंग की मतपत्र मतदाताओं को उपलब्ध करवाई जाएगी. मतदान के लिए मतदाताओं को जिला अधिवक्ता संघ का पहचान पत्र या अन्य पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा.

संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने चारों लेबर को के विरुद्ध मनाया काला दिवस

भिलाईनगर। केंद्र सरकार ने एक अप्रैल 2026 से चार लेबर कोड लागू करने का ऐलान किया है. संयुक्त श्रम संगठन भिलाई इंटक, सीटू, एटक, एच एम एस ऐक्टू, लोइमू ने बुधवार को चार लेबर कोड रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और काला दिवस मनाया गया. एक ज्ञापन प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर, दुर्ग के माध्यम से सौंपा गया.
ज्ञापन में कहा गया है कि ट्रेड यूनियन लगातार इन श्रम विरोधी समर्थक श्रम संहिताओं का विरोध करती रही है. यह श्रम संहिताएं देश के श्रमिकों को फिर से ब्रिटिश औपनिवेशिक काल जैसी शोषणकारी परिस्थितियों में धकलेने का प्रयास है. श्रमिक वर्ग ने औपनिवेशक काल मे अत्यधिक शोषण के खिलाफ और स्वतंत्र भारत में भी 8 घंटे के कार्य दिवस, कार्य स्थल पर सुरक्षा, यूनियन बनाने और संगठित होने के अधिकार, सामूहिक सौदेबाजी, आंदोलन और हड़ताल के अधिकार के लिए संघर्ष किया है. उन्होंने सम्मानजनक करने वेतन, सामाजिक सुरक्षा, ठेका श्रमिकों के नियमित कारण, स्थाई कार्यों में ठेका प्रथा समाप्त करने, समान काम के लिए समान वेतन, बोनस, ग्रेच्युटी और पेंशन के अधिकार के लिए भी लड़ाई लड़ी है.

पुल की मरम्मत के पहले ही दिन घंटों फंसे वाहन

भिलाईनगर। रायपुर और दुर्ग को जोड़ने वाले कुम्हारी टोल प्लाजा के पास स्थित खारुन नदी पुल पर शुरू हुए मरम्मत कार्य के पहले ही दिन लोगों को भारी जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा. सुबह 10.30 बजे के बाद और शाम के समय पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे रायपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को कुम्हारी टोल पार कर दाहिने पुल से सिंगल लाइन में चलने की अनुमति दी गई है. वहीं राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को सुबह 8.30 से 10.30 बजे तक दुर्ग बायपास स्थित बाफना टोल प्लाजा के पास रोका जा रहा है. भिलाई औद्योगिक क्षेत्र और ट्रांसपोर्ट नगर से निकलने वाले भारी वाहनों के लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक कुम्हारी की ओर आवागमन प्रतिबंधित रखा गया है. इसके अलावा नंदिनी, अहिरवारा और बेरला से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को मुरमुंदा-ओटेबंध-गुधेली- पठारीडीह मार्ग से उरला (रिंग रोड नंबर- 4) की ओर डायवर्ट किया गया है. रायपुर से दुर्ग आने वाले भारी वाहन भी कुम्हारी खारुन पुल पर सिंगल लाइन में ही चल रहे हैं, जिससे यातायात की रफ्तार धीमी हो गई है.

महासमुंद से दुर्ग आने वाले वाहनों को शाम 5 से रात 8 बजे तक मंदिर हसौद के पास रोका जा रहा है. वहीं उरला- सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र और बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहनों को भी इसी समयावधि में नंदन वन कटिंग के पास रोका जा रहा है.

पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 5.60 करोड़ की अतिरिक्त वसूली

भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2025 26 में 31 मार्च तक संपत्तिकर की राशि 54,03, 10, 120 वसूल की है. पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 48,43,00,278 रुपए की वसूली हुई थी. इस वर्ष लगभग 5,60,09,842 रुपए की अधिक राशि वसूल की गई है. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 5 करोड रुपए का संपत्तिकर में इजाफा हुआ है.

31 मार्च को भिलाई नगर निगम ने संपत्तिकर की राशि 2,14,06,809 रुपए वसूल किया है. 1 मार्च से लेकर 31 मार्च तक लगभग 13,13,66,305 रुपए की वसूली की गई है. भिलाई नगर निगम में राजस्व विभाग में लंबे समय से पदस्थ रहे श्री असाटी के जाने के बाद नए अधिकारी विनय शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है. आज 1 अप्रैल को अविनाश डेवलपर द्वारा 507640 रुपए का चेक जमा कराया है. राजस्व विभाग के विनय शर्मा ने उनका चेक लिया है.

1 से 31 मार्च तक की वसूली

सम्पत्तिकर में 11,770,351 रुपए, समेकितकर में 1,599,960 रुपए, शिक्षाकर में 1,984,714 रुपए जुर्माना में 1,052,083 रुपए, शास्ति शुल्क में 1,062,000 रुपए, विवरण शुल्क में 15,090 रुपए, अंतर की राशि 84,381 रुपए, यूजर चार्ज में 3,041,446 रुपए, जल कर में 525,964 रुपए, भूभाटक में 259,186 रुपए व दुकान का किराया में 4,956 रुपए हैं.

रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 38.25 लाख की ठगी

भिलाईनगर। फर्जी निवेश कंपनी बनाकर लोगों को रकम दोगुनी करने का लालच देने वाले गिरोह के एक आरोपी को वैशाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है. आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 38.25 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था.

ग्रामीण एएसपी मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थी जयदीप सिंह कंडा (35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 26 संतराबाड़ी दुर्ग, ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे एवं उसके साथियों ने फर्जी कंपनी बनाकर महज तीन महीने में रकम दोगुनी करने का प्रलोभन दिया और अलग- अलग किश्तों में कुल 38,25,000 रुपये निवेश करा लिए. रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो निवेश की कोई वैध जानकारी दी और न ही पैसा वापस किया, जिससे ठगी का मामला सामने आया. पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) एवं 3 ( 5 ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी करते हुए उसे रायपुर के सड्डू क्षेत्र से हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेजा गया है, वहीं पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है.

एक क्लिक से खुलेगी अपराधी की जन्म कुंडली

भिलाईनगर। दुर्ग जिले की पुलिस व्यवस्था इतनी हाईटेक हो रही है कि अब बस एक क्लिक में किसी भी अपराधी की जन्मकुंडली खुल जाएगी. इससे अपराधियों का बचना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है.

पुलिस ने बायोमैट्रिक डिवाइस इस्तेमाल से 385 गुंडा व 182 निगरानी बदमाशों फिंगर प्रिंट सिस्टम में अपलोड कर लिया है. भविष्य में कोई भी अपराधी अगर किसी भी अपराध में संलिप्त होता है तो उसकी पहचान की जा सकेगी. ऑनलाइन डाटा रखने के लिए गिरफ्तार अपराधियों का फिंगर प्रिंट लेकर उनकी डिजिटल कुंडली तैयार की जा रही है.

फिंगर प्रिंट को ऑनलाइन कर दिए जाने के बाद अगर कोई अपराधी किसी घटना में गिरफ्तार होता है तो उसकी पहचान करना आसान हो जाएगा. इसके साथ ही मौके पर मिले फिंगर प्रिंट से मिलान कर भी उसे पहचाना जा सकेगा.

डीआईजी व दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि अपराधी तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं और इससे उन्हें छुपने के लिए भी पर्दा मिल रहा है. पुलिस के लिए जरूरी है कि उनसे आगे बढ़कर तकनीक का इस्तेमाल करें. इसलिए आने वाले समय में अपराधी अपराध कर किसी भी देश में छिपा हो उस पकड़ने में आसानी होगी.

आधा दर्जन से अधिक स्थानों में मारा छापा मुरूम और गिट्टी और गिट्टी से भरी गाड़ियां पकड़ाई

राजनांदगांव। जिले भर खनिज के अवैध परिवहन और उत्खनन के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्यवाही की जा रही है . इसी के तहत आज आधा दर्जन से अधिक स्थानों में छापामार कार्रवाई करते हुए मुरूम और गिट्टी से भरी गाड़ियों को पकड़ने में सफलता मिली है . जप्त गाड़ियों को संबंधित थाने में रखा दिया गया है.

ज्ञात हो कि कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिज का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. खनिज अधिकारी ने बताया कि खनिज विभाग की टीम द्वारा आज ग्राम भर्रेगांव, खुटेरी, रवेली, कोटरासरार, अर्जुनी, भोथली, बाघमार सहित अन्य क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया.

निरीक्षण के दौरान खनिज अमला द्वारा खनिज मुरूव व मिट्टी एवं मुरूम व मिटटी का अवैध उत्खनन कर परिवहन करने वालों पर कार्रवाई की गई. जिसमें ग्राम खुटेरी निवासी गोविन्द साहू के स्वामित्व की हाईवा – सीजी 07 बीएम 2500 से वाहन चालक ग्राम सिकोला निवासी टोमन यादव द्वारा मुरूम व मिट्टी का अवैध परिवहन तथा ग्राम देवरी निवासी रूपेश साहू के स्वामित्व की जेसीबी- सीजी 24 यू 4031 से वाहन चालक ग्राम केंवट नवागांव निवासी मोहित कुमार द्वारा मुरूम व मिट्टी का अवैध उत्खनन करने पर कार्रवाई करते हुए थाना सोमनी को सुपुर्द किया गया. प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण के रोकथाम के लिए लगातार गस्त व निगरानी की जा रही है.

इस साल 84 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता की होगी तोड़ाई

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के वन क्षेत्र में इस वर्ष भी अधिक से अधिक तेंदूपत्ता की तोडाई सुनिश्चित कराने का प्रावधान किया जा रहा है. इस वर्ष भी 51 समितियां को जिम्मेदारी देने की तैयारी की जा रही है. जिले के वन क्षेत्रों में 700 से अधिक फड तैयार करने का प्रावधान रखा गया है.

ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिले में 60% अधिक क्षेत्र में अभी भी वन संपदा है. बाघनदी से लेकर बोरतालाव, अर्जुनी, छुरिया, चिचोला डोंगरगांव, डोंगरगढ़ मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी, औधी सहित अन्य क्षेत्रों में भी तेंदूपत्ता की तोड़ाई सुनिश्चित कराने का प्रावधान रखा गया है. जिसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है. वन विभाग के अधिकारियों की माने तो इस वर्ष भी 84 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण सुनिश्चित कराया जाएगा. इसके लिए 51 समितियां को जिम्मेदारी देने की तैयारी की जा रही है. वन क्षेत्र में 700 से अधिक स्थानों पर फड तैयार किए जाएंगे. इसके लिए भी स्थान का चिन्हांकन कर लिया गया है. इस वर्ष बारिश नहीं हुई तो अच्छी क्वालिटी का तेंदूपत्ता मिलने की संभावना भी जताई जा रही है. तेंदूपत्ता का संग्रहण कराने के लिए बाहर के ठेकेदार भी रुचि दिखा रहे हैं.

फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित कर 38 लाख की ठगी

राजनांदगांव। फर्जी मैरिज ब्यूरो का संचालन कर युवकों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मैरिज ब्यूरो के संचालक व डायरेक्टर को हिरासत में ले लिया है. आरोपियों द्वारा “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” का संचालन कर युवतियों के फर्जी फोटो डाउनलोड कर फर्जी आईडी बनाकर युवकों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाता था. इसके बाद रजिस्ट्रेशन, पैकेज व फैमिली मीटिंग के नाम पर अधिक से अधिक राशि लेकर धोखाधड़ी की जाती थी.

आरोपियों के कब्जे से 7 नग एंड्रॉइड मोबाइल, 14 नग की-पैड मोबाइल तथा 9 नग रजिस्टर, कॉपी पुलिस द्वारा जप्त किये गये हैं. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि इस मामले में एक महिला व एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है जिनके नाम नेहा पाठक, पिता शंकरनाथ पाठक उम्र 23 वर्ष निवासी लेबर कॉलोनी वार्ड नं. 17 थाना सिटी कोतवाली, राजनांदगांव तथा धर्मेन्द्र मानिकपुरी पिता स्व. कमल दास मानिकपुरी उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम जंगलपुर थाना पण्डातराई जिला कबीरधाम हाल निवास रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी राजनांदगांव बताया जाता है. एएसपी श्री राठौर ने बताया कि अज्ञात सूत्रों से पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा को सूचना प्राप्त हुई कि थाना बसंतपुर क्षेत्रांतर्गत सृष्टि कॉलोनी में “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से कार्यालय संचालित कर युवकों से ठगी की जा रही है.

प्रारंभिक जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन द्वारा की गई. जांच में अपराध पाए जाने पर थाना बसंतपुर में धारा 318 ( 4 ) 3 ( 5 ) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू द्वारा टीम के साथ कार्यवाही करते हुए मौके से 7 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल जप्त किए गए.

मोबाइल की जांच में कुल 2286 युवतियों के फोटो डाउनलोड पाए गए, जिनसे फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को भेजा जाता था. आरोपियों से पूछताछ में यह भी पाया गया कि रजिस्ट्रेशन, पैकेज एवं मीटिंग के नाम पर युवकों से 30 से 40 हजार रुपये तक की राशि ली जाती थी तथा बाद में किसी कारण का बहाना बनाकर संपर्क बंद कर दिया जाता था. इस प्रकार आरोपियों द्वारा सामूहिक रूप से ठगी करना पाए जाने पर उनके विरुद्ध धारा 318(4), 61(2), 112(2), 319, 336 (2), 3 (5) भारतीय न्याय संहिता एवं 66-D आईटी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया.