दुर्ग। महापौर अलका बाघमार मंगलवार को अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगी. बजट पेश करने के पहले उन्होंने सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के सभी पार्षदों से विचार मंथन किया. महापौर ने शहर हित के कार्यों को लेकर पार्षदों से राय मशविरा की.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : MP के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का छत्तीसगढ़ दौरा… विधानसभा में धर्म स्वातंत्र्य बिल होगा पेश… सचिन पायलट आएंगे रायपुर… कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव, शंकर नगर रोड 9 घंटे रहेगी बंद…

इस बार करीब 5 लाख 20 हजार लाभ का बजट पेश होगा. मोतीलाल वोरा सभागार में 17 मार्च को सुबह 11 बजे शुरू होने वाली ब को लेकर महापौर ने शहर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों से चर्चा की है. इन सभी के द्वारा दिए गए शहर हित के सुझावों को बजट में शामिल करने कहा गया. महत्वपूर्ण तथ्य है कि बेहतर सुझावों का क्रियान्वयन महापौर किस स्तर पर करेंगी, यह आने वाला समय बताएगा. वहीं दूसरी ओर विपक्षी पार्षदों ने सत्ता पक्ष को घेरने रणनीति तैयार की है. इसमें भी वे कितना कामयाब होते हैं, वह बजट सभा में दिखेगा. बैठक की अध्यक्षता नगर निगम सभापति श्याम शर्मा करेंगे.

आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निगम की आय 580 करोड़ 12 लाख 30 हजार का अनुमान लगाया गया है . वही व्यय 580 करोड़ 7 लाख 10 हजार संभावित है. इस बजट में विभिन्न मदों से होने वाली राजस्व की आय 184 करोड़ 35 लाख 30 हजार तथा पूंजीगत आय 395 करोड़ 77 लाख रुपए है. वहीं व्यय की बात करें तो राजस्व में 184 करोड़ 32 लाख 60 हजार तथा पूंजीगत व्यय 395 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपए होने का अनुमान लगाया गया है. बजट के पहले पार्षदोंतो द्वारा लगाए गए प्रश्नों के उत्तर विभागीय मंत्री द्वारा दिया जाएंगे. अमूनन प्रश्नकाल में भी एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते पार्षद देखे गए हैं. इस वजह से प्रश्न काल भी दिलचस्प हो सकता है.

टैक्स का कोई नया प्रावधान नहीं: महापौर अलका बाघमार बताया कि इस बार टैक्स का कोई नया प्रावधान नहीं है. उन्होंने कहा कि बजट सभा के लिए विपक्षी पार्षदों से समन्वय बनाने बैठक हुई है, जो कि प्रचलित परंपरा है. महापौर ने कहा कि कॉलोनी डेवलप करने वालों को कचरा निष्पादन के लिए एसएलआरएम सेंटर बनाना होगा, ताकि उस कॉलोनी का कचरा संबंधित सेंटर में जमा होगा. फिर निगम द्वारा उसे डिस्पोज किया जाएगा.

बिजली पानी सहित अन्य प्रभावी मुद्दे : नगर निगम दुर्ग के नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले का कहना है कि बजट सभा में सत्ता पक्ष को विभिन्न मुद्दों पर घेरने उनकी टीम ने रणनीति तैयार कर ली है. संजय कोहले ने बताया कि बाजार विभाग में एडवर्टाइजिंग, सुलभ शौचालय, 15वें वित्त आयोग में राशि की बंदरबाट, गया नगर पानी टंकी, शिक्षक नगर पानी टंकी का मामला सहित विद्युत विभाग के कई मामलों को सदन में जोर शोर से उठाया जाएगा.

मधुमक्खियों के हमले में महिला की मौत, 5 घायल

भिलाईनगर। धमधा थाना अंतर्गत सोमवार को खेत में काम कर रहीं महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया. इस हमले में 40 वर्षीय दुर्गा साहू की मौत हो गई, जबकि चार से पांच अन्य महिलाएं घायल हो गईं. मामला धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रूहा का है.

जानकारी के अनुसार सोमवार को गांव की कुछ महिलाएं रोज की तरह खेत में काम कर रही थीं. इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड वहां पहुंचा और महिलाओं पर हमला कर दिया. मधुमक्खियों के अचानक हमले से महिलाएं घबरा गईं और इधर-उधर भागने लगीं, लेकिन तब तक कई महिलाओं को मधुमक्खियों ने बुरी तरह काट लिया. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें और अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गा साहू को मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य घायल महिलाओं का इलाज अस्पताल में किया गया. डॉक्टरों के अनुसार बाकी महिलाओं की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.

निगम का घेराव करने पहुंचीं रिसाली महापौर बेहोश होकर गिरीं

भिलाईनगर। नगर पालिका निगम रिसाली में सफाई टेंडर को लेकर महासंग्राम चल रहा है. सोमवार की सुबह लगभग ढाई सौ से अधिक सफाई मजदूर रिसाली महापौर शशि सिन्हा घर आ धमके. जिसका संचालन प्रेम साहू के द्वारा किया जा रहा था. महापौर ने सफाई कर्मचारियों को अपने घर चाय पिलाया. उसके बाद कांग्रेस नेताओं के साथ रिसाली निगम का घेराव करने अपने घर से पैदल रिसाली निगम आ गई. तीन घंटे तक निगम आयुक्त मोनिका वर्मा का उनके कार्यालय के बाहर घेराव किया गया. इस दौरान महापौर शशि सिन्हा निगम परिसर में ही बेहोश हो गई. उनका बीपी, शुगर लो हो गया था. उन्हें सेक्टर 9 हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है.

निलंबन के विरोध में कृषि अधिकारी लामबंद, आंदोलन की चेतावनी

दुर्ग। अफीम खेती मामले में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के निलंबन के विरोध में कृषि अधिकारी लामबंद हो गए हैं. उन्होंने 22 मार्च तक निलंबन वापसी की कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है. इस संबंध में छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ ने आज कलेक्टर व उप संचलक कृषि को ज्ञापन सौंपा. इसमें छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ, जिला दुर्ग ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के निलंबन को अनुचित बताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच कर निलंबन आदेश निरस्त करने मांग की है.

संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार वर्मा ने बताया कि किसानों की मांग के अनुरूप ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा फसल परिवर्तन संबंधी कार्य किया गया था. राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत किसानों को धान के स्थान पर मक्का फसल लगाने के लिए प्रेरित किया गया, लेकिन योजना के क्रियान्वयन में कई तकनीकी और विभागीय कठिनाइयां सामने आईं. किसानों को बीज खरीदकर बिल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, जबकि कई मामलों में विभाग द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए.

58 मामलों में जब्त 6.12 क्विंटल गांजा बीएसपी की धमन भट्ठी में खाक

भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की धमन भट्ठी में सोमवार को डीआईजी व दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल की मौजूदगी में 58 मामलों में जब्त 6.12 क्विंटल गांजा, ब्राउन शुगर सहित टेबलेट कैप्सूल को नष्टीकरण किया गया. वहीं नेवई क्षेत्र में जेसीबी से सिरप को कुचलकर नष्ट किया.

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ रायपुर के आदेशानुसार एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए जिला स्तर पर गठित ड्रग्स डिस्पोजल समिति ने आज जिला दुर्ग के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत जब्त मादक पदार्थों का वैधानिक नष्टीकरण किया गया. उक्त कार्रवाई के अंतर्गत कुल 58 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों एवं नशीली दवाइयों का नष्टीकरण किया गया.

इसमें 612.515 किलोग्राम गांजा, 06.550 ग्राम ब्राउन शुगर, 78,333 टेबलेट, 23, 200 कैप्सूल तथा 197 सिरप शामिल हैं. गांजा, ब्राउन शुगर, टेबलेट एवं कैप्सूल का नष्टीकरण भिलाई इस्पात संयंत्र में तथा सिरप का नष्टीकरण थाना नेवई क्षेत्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया. इस कार्रवाई में डीआईजी व दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल, एएसपी सुखनंदन राठौर, ड्रग्स डिस्पोजल समिति के सदस्यग, नोडल अधिकारी नष्टीकरण एवं भण्डारण, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाईनगर, डीसीआरबी शाखा के अधिकारी/ कर्मचारी शामिल थे.

पंचशील नगर मोहलाई के बीच खेत में जुआ फड़ पर दबिश, 13 आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि थाना सिटी कोतवाली दुर्ग को मुखबीर से सूचना मिली कि पंचशील नगर मोहलाई के बीच स्थित खेत कुछ व्यक्ति 52 पत्ती ताश के पत्तों पर में रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं. सूचना पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग एवं एसीसीयू टीम मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की, जहां 13 व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया.

आरोपियों के कब्जे से 03 गड्डी 52 पत्ती ताश, प्लास्टिक की ताल पतरी, कम्बल, चादर, विभिन्न कंपनियों के 18 मोबाइल कीमती लगभग 1,44,000 रुपये तथा नगद 1,53,000 रुपये जब्त किए गए. कुल जब्ती 2,97,000 रुपये की है. मामले में आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में धारा 3 ( 2 ) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं 112 (2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्रवाई की है.

31 तक संपत्तिकर जमा नहीं किया तो एक हजार जुर्माना लगेगा

कुम्हारी। नगर पालिका में राजस्व विभाग ने संपत्ति सहित अन्य करों की वसूली तेज कर दी है. वहीं बकाया करों का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है. बावजूद इसके अभी भी कई बकायादार करों के भुगतान को लेकर गंभीर नहीं हैं, लिहाजा 31 मार्च के बाद ऐसे बकायादारों को लेकर सख्ती बरतने की तैयारी में है.

एक अप्रैल से करों का भुगतान करने पर पालिका एक हजार रुपए जुर्माना और 6.25 प्रतिशत सरचार्ज वसूलेगा, टैक्स जमा करने के लिए सुबह 9 बजे शाम 6 बजे तक काउंटर खुले रखे जा रहे हैं. नगरपालिका कार्यालय साथ-साथ वार्ड के प्रमुख स्थानों में भी टैक्स की राशि जमा करने हेतु शिविर लगाए हैं, जहां करदाता कर जमा कर सकते हैं. इसके अलावा करदाताओं की सुविधा के लिए घर बैठे ऑनलाइन टैक्स जमा करने के लिए यूपीआई सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. पालिका प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि चेक के माध्यम से टैक्स का भुगतान केवल 18 मार्च तक ही स्वीकार किया जाएगा.

भारत माला सड़क निर्माण से हो रही समस्याओं पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

दुर्ग। भारत माला सड़क निर्माण के तहत आने वाली समस्याओं को लेकर बिफरे ग्रामीणों ने आज अंजोरा चौक में लगभग आध घंटा सांकेतिक रूप से चक्काजाम किया. उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर 28 मार्च को नेशनल हाईवे अंजोरा बायपास में चक्काजाम करने की चेतावनी दी.

ग्रामीणों का कहना है कि दो साल पूर्व से ग्राम- थनौद, अंजोरा, चंगोरी, बिरेझर के ग्राम वासियों द्वारा शासन प्रशासन को समस्या से अवगत कराया जा रहा है जिस पर अभी तक धरातल पर मांग पूरी नही हुई है जिसे लेकर ग्राम वासी द्वारा ग्राम थनौद निर्माण स्थल में 11 मार्च से अनिश्चित कालीन भारत माला काम रोको आंदोलन जारी है फिर भी इस ओर ध्यान नहीं दिए जाने पर आज सांकेतिक चक्का जाम का निर्णय लिया गया.

ग्रामीणों का कहना है कि भारत माला परियोजना के अंतर्गत बन रही सड़क और पुल निर्माण से उत्पन्न समस्याओं को लेकर ग्राम-थनौद, अंजोरा, चंगोरी, बिरेझर एवं आसपास के ग्रामीणों ने प्रशासन को मांग पत्र सौंपा है कि परियोजना के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों से किसानों की खेती, आवागमन तथा जल निकासी की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार प्रस्तावित ब्रिज की चौड़ाई और निर्माण की वर्तमान योजना से बरसात के समय बाढ़ की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है, जिससे लगभग 2500 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि प्रभावित होने की आशंका है.

किसानों का कहना है कि यदि ब्रिज और सड़क की ऊंचाई एवं लंबाई वर्तमान स्वरूप में ही रखी गई तो खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी पर नुकसान होगा और ग्रामीणों की आजीविका संकट खड़ा हो जाएगा. ग्रामीणों ने मांग की है कि शिवनाथ नदी एवं नाले के पास बनाए जा रहे ब्रिज की लंबाई बढ़ाई जाए ताकि बाढ़ का पानी आसानी से निकल सके. साथ ही नाले से लगभग 500 मीटर पहले से लेकर शिवनाथ नदी तक कॉलम पद्धति से रोड का निर्माण करने की मांग की गई है, जिससे जलभराव और बाढ़ की समस्या को कम किया जा सके.

इसके अलावा ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वर्तमान योजना के अनुसार बनाए जा रहे अंडरपास और ब्रिज की ऊंचाई कम होने से भविष्य में धान खरीदी केंद्र से किसानों की धान परिवहन व्यवस्था तथा बड़े कृषि यंत्रों के आवागमन में कठिनाई आएगी. इसलिए ग्रामीणों ने ब्रिज की ऊंचाई सड़क स्तर से कम से कम 6 मीटर तक बढ़ाने की मांग की है. वहीं खेतों में जलभराव की समस्या को देखते हुए सड़क के दोनों किनारों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा नाले के पास किसानों के लिए नाली निर्माण की भी मांग की है. साथ ही भारतमाला परियोजना के अंतर्गत बनने वाले टोल प्लाजा के पास स्थानीय ग्रामीणों के लिए सर्विस रोड की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई है.

जनगणना 2027 की तैयारी मकानों की हो रही नंबरिंग

राजनांदगांव। वर्ष 2011 के बाद जनगणना का कार्य शुरू होने वाला है. इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है. बहरहाल अभी मकानों के नंबरिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है. आगामी एक मई से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा .

आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ किया जाएगा. इसके अंतर्गत मकानों की जनगणना की जाएगी. विगत दिनों संभागायुक्त एसएन राठौर ने बैठक लेकर कहा था कि, जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और इसे पूरी शुद्धता तथा जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए. जनगणना कार्य के लिए आयोजित प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और पूरी जानकारी प्राप्त करें. उन्होंने कहा था कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश के विकास की रूपरेखा, विभिन्न योजनाओं के निर्माण तथा प्रशासनिक इकाइयों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इसलिए यह कार्य अत्यंत सावधानी और शुद्धता के साथ किया जाना आवश्यक है.

नंबरिंग के बाद शुरू होगी जनगणना : कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए सुपरवाइजर और संगणक की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है. इस कार्य में ऐसे अधिकारियों को नियुक्त किया गया है जो आगामी एक से डेढ़ वर्ष तक निरंतर इस कार्य को कर सकेंगे. उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रशिक्षण का द्वितीय चरण आयोजित किया जा रहा है तथा जनगणना के अंतर्गत मकानों की नंबरिंग का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है. मकानों की नंबरिंग पूर्ण होने के बाद जनगणना का कार्य शुरू किया जाएगा.

नाबालिग बालिका से दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है . उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

चिखली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च को प्रार्थिया द्वारा लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज करायी कि उसकी नाबालिग लड़की को भावेश समरित द्वारा जबरदस्ती दुष्कर्म किया है . रिपोर्ट पर धारा 65 (2) बीएनएस, 4, 5 (एम), 6 पाक्सो एक्ट का अपराध कायम कर जांच में लिया गया.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल चिखली चौकी प्रभारी द्वारा स्टाफ के साथ आरोपी का पतासाजी कर आरोपी भावेश कुमार समरित उर्फ कुक्कू पिता स्व. गणेश कुमार समरित उम्र 19 साल निवासी बजरंगपुर नवागांव वार्ड नं. 2 राजनांदगांव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

घर में छिपाकर रखा 24 कट्टा सरकारी चावल किया गया जब्त

राजनांदगांव। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सुचारू संचालन एवं राशन की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में आज छुरिया विकासखंड के ग्राम पाण्डेटोला में मां शीतला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर बड़ी मात्रा में चावल जप्ती की कार्रवाई की गई.

खाद्य विभाग की टीम द्वारा जनपद सदस्य, पंचों एवं ग्राम पटेल की उपस्थिति में ग्राम पाण्डेटोला के शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकान के विक्रेता वीरेन्द्र साहू द्वारा माह फरवरी 2026 का 28 कट्टा चावल अवैध रूप से ग्राम के ही टीकेश्वर साहू के घर में छिपाकर रखा गया था. जांच के दौरान का पाया गया कि नियमों उल्लंघन करते हुए विक्रेता वीरेन्द्र साहू द्वारा टीकेश्वर साहू के घर से 4 कट्टा चावल का वितरण किया गया है. साथ ही दुकान के भौतिक सत्यापन के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध स्टॉक में बड़ी मात्रा में अंतर पाया गया. ऑनलाइन रिकॉर्ड में 30 किलो चावल, 39 किलो शक्कर एवं 20 किलो नमक शेष दिख रहा था, जबकि मौके पर स्टॉक का मिलान करने पर विसंगती पाई गयी. इसके अतिरिक्त विक्रेता द्वारा संबंधित स्टॉक का डीओ भी जांच दल के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया. पंचों की उपस्थिति में टीकेश्वर साहू के घर से शेष बचे 24 कट्टा (11.70 क्विंटल) चावल को जप्त किया गया. इस गंभीर अनियमितता एवं राशन की हेराफेरी के प्रकरण में संबंधितों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

करोड़ों की ऑनलाइन ठगी पुलिस ने 85 लाख लौटाए

राजनांदगांव। जिले में ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म के माध्यम से हुई बड़ी साइबर ठगी के मामले में राजनांदगांव पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए ठगी गई राशि में से 85,00,031रुपये प्रार्थी को वापस कराए गए हैं. साइबर फ्रॉड के मामलों में जिले में पहली बार इतनी बड़ी राशि एक साथ वापस कराई गई है.

डोंगरगांव पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी विपिन कुमार गोस्वामी पिता विनोद गोस्वामी उम्र 45 वर्ष, निवासी संत रविदास गोस्वामी वार्ड नं. 1 डोंगरगांव द्वारा थाना में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि “पॉलीस फाइनेंस लिमिटेड” नामक ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म के प्रतिनिधियों द्वारा अधिक लाभ का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से धनराशि जमा कराई गई. इस प्रकार प्रार्थी से कुल 1,14,52,000 रुपये जमा कराकर धोखाधड़ी की गई.

प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 15/2026 धारा 318 (3), 318 (4) बीएनएस एवं 66 (घ) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की गहन जांच की. टीम द्वारा सीडीआर विश्लेषण, बैंक खातों के ट्रांजेक्शन का विस्तृत परीक्षण तथा तकनीकी विश्लेषण कर लगभग 397 बैंक खातों को साइबर पोर्टल के माध्यम से होल्ड कराया गया, जिनमें ठगी की राशि ट्रांसफर की गई थी.

आरोपी की पतासाजी हेतु पुलिस टीम को मुंबई भी रवाना किया गया तथा संबंधित कंपनी की गतिविधियों की निगरानी की गई. तकनीकी विश्लेषण एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप ठगी गई राशि 1,03,20,000 रुपये में से 85,00,031 रुपये की राशि को होल्ड / लीन कराकर न्यायालय के आदेश से प्रार्थी के खाते में वापस कराया गया.