दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में जिला दुर्ग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है. राज्य कार्यालय द्वारा 19 मार्च को जारी रैंकिंग में दुर्ग में 93.3 प्रतिशत की स्वीकृति इनमें किस्त जारी 91.7 एवं आवास पूर्णता 80.9 है. वहीं मनरेगा मजदूरी के भुगतान में औसत 88.5% के साथ पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है.
कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बजरंग कुमार दुबे के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के बेहतर क्रियान्वयन हेतु प्रयास किए जा रहे हैं. दुबे ने बताया कि योजना अंतर्गत हितग्राहियों को लगातार आवास निर्माण हेतु राशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे हितग्राहियों द्वारा भी अधिक रुचि लेकर लगातार आवास पूर्ण किया जा रहा है. विगत 15 दिवसों में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में जनपद पंचायत धमधा में 77, दुर्ग में 39 एवं पाटन में 11 हितग्राहियों को द्वितीय किश्त की राशि हस्तांतरित की गई है.

इसी प्रकार जनपद पंचायत धमधा 95, दुर्ग में 65 एवं पाटन में 31 हितग्राहियों को तृतीय किस्त की राशि आवास निर्माण पूर्ण करने के उपरांत हस्तांतरित की गई है. जारी किए गए किस्त की कुल राशि 116 लाख रुपए से अधिक है. इसके अतिरिक्त निर्माणाधीन या पूर्ण हो चुके हितग्राहियों 586 हितग्राहियों का एफटीओ हस्तांतरण हेतु तैयार किया कर लिया गया है जिसकी कुल राशि 259 लाख रुपए से अधिक है जो आने वाले कुछ दिवसों में हितग्राहियों के खाते में पहुंच जाएगी.
जिले में आवास निर्माण का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है. प्रत्येक सप्ताह जिले में लगभग 80 से अधिक आवास प्रारंभ एवं 200 से अधिक आवास पूर्ण कराया जा रहे हैं. पूर्व में राज्य कार्यालय द्वारा दिए गए माह फरवरी में 831 आवास पूर्णता के लक्ष्य में से जिला द्वारा 852 आवास पूर्ण किया गया है. लगातार राशि हस्तांतरण से हितग्राहियों द्वारा स्वयं के आवास को शीघ्रता से पूर्ण किया जा रहा है.
भिलाई निगम का बजट आज
भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल अपने कार्यकाल का अंतिम बजट 25 मार्च को सुबह 11 बजे प्रस्तुत करेंगे. विपक्ष के पार्षद उनके 4 वर्ष के कार्यों के विकास कार्य, खर्च व भुगतान के मद का विवरण विषय में बैठक में मुद्दा उठने वाले हैं. इसको लेकर महापौर नीरज पाल ने मंगलवार को कांग्रेस पाषर्दों की एक गोपनीय बैठक बंद कमरे में ली है. विपक्ष की कोशिश होगी कि अब पूर्व की तरह कोई गलती न हो.
बैठक को लंबा चलाने की प्लानिंग की जा रही है . कोई भी पार्षद विषय के बाहर चर्चा नहीं करेगा. बजट की बैठक को बीजेपी के पाषर्दों ने दो दिन चलाने की मनसा जाहिर की है. बजट की पुस्तिका उन्हें बजट बैठक में दी जाएगी. जब तक बजट बैठक की पुस्तिका का अध्ययन नहीं कर लेंगे, तब तक इस मामले में विपक्ष के पार्षद खुलकर चर्चा नहीं कर पाएंगे. इसलिए इस बार दो दिनों तक बैठक संचालति की जानी है.
28 पार्षदों की बंद कमरे में हुई बैठक
34 कांग्रेस पाषर्दों में से बजट की गोपनीय बैठक में 28 पार्षद उपस्थित हुए हैं. भाजपा पार्षदों के सवालों से घिरने को लेकर एक दिन पूर्व कांग्रेस पाषर्दों ने अपनी रणनीति कांग्रेस पाषर्दों के साथ तैयार कर ली है. सदन में अधिकारियों को भी घेरने का प्रयास हो सकता है.
राजपूत क्षत्रिय महासभा का महाधिवेशन 28 से
दुर्ग। राजपूत क्षत्रिय महासभा का दो दिवसीय 62वां वार्षिक महा अधिवेशन 28 से 29 मार्च को जन सहयोग मैदान, मिनी स्टेडियम, डोंगरगांव में होगा. अधिवेशन स्थल में कार्यक्रम के दोनों दिवस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा.
राजपूत क्षत्रिय महासभा छत्तीसगढ़ के प्रचार सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि 28 मार्च को प्रातः 10 बजे महाराणा प्रताप ज्योति रथ यात्रा का स्वागत एवं ध्वजारोहण से अधिवेशन उद्घाटन 11.30 बजे जिसमें दोपहर 12 से 3 बजे के बीच केंद्रीय महिला मंडल द्वारा परिचय सम्मेलन, कैरियर काउंसलिंग एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित होगी. दोपहर 3 बजे विशाल शोभायात्रा अधिवेशन स्थल से नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेगी. तत्पश्चात केंद्रीय पदाधिकारियों का स्वागत, संयोजक का स्वागत भाषण, महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष ठाकुर बजरंग सिंह बैस का उद्बोधन होगा. महाराणा प्रताप साहित्य परिषद द्वारा प्रकाशित वार्षिक पत्रिका शौर्य 2026 का विमोचन होगा. प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा.
रात्रि 9 बजे के बाद महाराणा प्रताप सांस्कृतिक एवं कला परिषद द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा. 29 मार्च को प्रातः 9 बजे रंगोली, मेहंदी, पुष्प सज्जा, आरती की थाल सजाओ कार्यक्रम आयोजित होंगे. अधिवेशन स्थल में दो जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न होगा. महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष बजरंग सिंह बैस ने बताया कि अधिवेशन में छत्तीसगढ़ से लगभग 20,000 राजपूत एकत्र होंगे.
जिला अस्पताल में नवजात को मिली नई जिंदगी
दुर्ग। जिला अस्पताल दुर्ग में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने नवजात शिशु को नया जीवन प्रदान करने में एक बार फिर से बड़ी सफलता प्राप्त की. अंजोरा निवासी ममता जांगड़े पति शेखर के यहां 4 फरवरी 2026 को एक समयपूर्व नवजात शिशु का जन्म हुआ, जिसका वजन जन्म के समय मात्र 900 ग्राम था. शिशु की हालत बेहद गंभीर थी और उसे सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही थी. चिकित्सकीय जांच में नवजात को रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम से पीड़ित पाया गया. स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया.
नवजात शिशु देखभाल इकाई इंचार्ज पीडियाट्रिशियन डॉ. वाई. किरण कुमार के नेतृत्व में शिशु के फेफड़ों में सर्फेक्टेंट थेरेपी दी गई, जिसमें डीएनबी रेजिडेंट डॉ. हेमंत सिंह ने सहयोग किया. जिला अस्पताल से प्राप्त जानकारी अनुसार उपचार के दौरान शिशु को आवश्यकतानुसार पीआरबीसीएस (रक्त) चढ़ाया गया, आईव्ही एंटीबायोटिक्स सहित अन्य जरूरी दवाएं दी गईं. साथ ही नियमित आरओपी स्क्रीनिंग, पोषण प्रबंधन और निरंतर मॉनिटरिंग की गई. लगभग 50 दिनों तक चले गहन उपचार के बाद शिशु की स्थिति में लगातार सुधार हुआ. वर्तमान में शिशु पूरी तरह स्वस्थ है और उसका वजन बढ़कर 1.8 किलोग्राम हो गया है.
चिकित्सकों ने संतोष व्यक्त करते हुए शिशु को अस्पताल से छुट्टी दे दी है. इस सफलता में शिशु रोग विभाग के प्रमुख डॉ. आर. के. मल्होत्रा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमंत कुमार साहू, डॉ. वाई. किरण कुमार, नवजात शिशु देखभाल इकाई मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशीष साहू, डॉ. पूजा, डॉ. आलोक सहित नर्सिंग स्टाफ और सहयोगी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिन्ज ने इस उपलब्धि पर पूरी नवजात शिशु देखभाल इकाई टीम को बधाई दी.
60 वर्षों पुराने सार्वजनिक मार्ग को बंद करने को कांग्रेस ने किया विरोध
दुर्ग। मोहन नगर स्थित कांगला मांझी (आदिवासी समाज) कार्यालय, मंगल भवन एवं राइजिंग लाइन से जुड़े लगभग 60 वर्षों से उपयोग में रहे सार्वजनिक मार्ग को जल संसाधन विभाग द्वारा पक्की बाउंड्री एवं गेट लगाकर बंद किए जाने के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन विभाग को ज्ञापन सौंपा गया.
इस दौरान दुर्ग कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, संजय कोहले, रायसिंह ढिकोला, अजय शर्मा, अल्ताफ अहमद, अनूप वर्मा, प्रवक्ता सुशील भारद्वाज, ओमप्रकाश जोशी, सन्नी साहू, शंकर ठाकुर, प्रकाश जोशी, मनीष बघेल, गौरव उमरे, आयुष शर्मा, अली असगर, राकेश ठाकुर, मुकुंद देवेश पुरोहित, राजेश पुरोहित, अनिल कन्नौजिया, कुंदन सोनी, काला, रामचरण, नरेंद्र, भगत, निषाद सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे.
खाद्य विभाग ने पानी और जूस फैक्ट्रियों का किया औचक निरीक्षण
दुर्ग। भीषण गर्मी के आगमन को देखते हुए जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले की पानी फैक्ट्रियों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार खाद्य नियंत्रक एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया.
इस कार्यवाही के दौरान आर. एस. इंटरप्राइसेस जामुल और पाल एक्वा छावनी भिलाई से पानी की बोतलों के नमूने लिए गए. वहीं कुम्हारी स्थित आई. बी. सॉल्यूशन में नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 180 बोरी पानी पाऊच जब्त किए गए. इसके अतिरिक्त अमर बेवरेजेस कैलाश नगर भिलाई से पानी की बोतल और ज्योति इंडस्ट्रीज जेवरा सिरसा से लीची जूस के नमूने संकलित कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं.
जांच के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रिचा शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारद राम कोमरे ने फर्मों के संचालकों को कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और पानी की शुद्धता की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. साथ ही स्वच्छता बनाए रखने और कार्य के दौरान कर्मचारियों को हैंड ग्लव्स व हेड कैप अनिवार्य रूप से पहनने की हिदायत दी गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 (विनियम (2011) के तहत कड़ी कार्यवाही की जाएगी. निरीक्षण निरंतर जारी रहेगा.
पदयात्रियों से दुर्व्यवहार करने वाले बदमाशों पर कार्रवाई
डोंगरगढ़ . मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचने वाले पदयात्रियों से दुर्व्यवहार करने के वाले आरोपी पांच बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धारा के तहत कार्रवाई की है.
डोंगरगढ़ पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों के नाम संदीप कुमार वर्मा पिता सूरज भान वर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी पारागांव, थाना डोंगरगढ़, एकलव्य हठीले पिता संतोष हठीले उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम ग्राम डुंडेरा थाना डोंगरगढ़, सुनील साहू पिता हीरामन साहू, उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम डुंडेरा, आकाश कुमार कोषे पिता किशोर कोषे उम्र 23 वर्ष निवासी दतेश्वरी पारा, डोंगरगढ़ तथा श्रवण कुमार कंवर पिता बलेश्वर कंवर उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम मरकाकसा पुलिस चौकी जोब थाना छुरिया बताए जाते हैं.
थाना प्रभारी डोंगरगढ़ निरीक्षक संतोष जायसवाल से मिली जानकारी के अनुसार 24 मार्च को ग्राम कुरूभाट मेन रोड डोंगरगढ़ एवं होटल शुभारंभ लॉज डोंगरगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर आरोपी संदीप, एकलव्य, सुनील, आकाश एवं श्रवण द्वारा डोंगरगढ़ आने वाले यात्रियों के साथ वाद-विवाद, हल्ला-गुल्ला एवं मारपीट करने की स्थिति उत्पन्न करने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना पर डोंगरगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां आरोपी शांति भंग करते पाए गए. समझाने पर भी नहीं मानने के कारण शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पांचों आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135 (3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर एसडीएम न्यायालय डोंगरगढ़ में पेश किया गया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

