भिलाईनगर। जिले में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा बैठक में यातायात पुलिस के प्रस्तुत प्रमुख प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की.

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ का 25वां और अपना तीसरा बजट पेश करेंगे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, GYAN, GATI के बाद अब क्या होगी थीम?

बैठक जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई. इसमें सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक इंजीनियरिंग के आधार पर विस्तृत तकनीकी विश्लेषण प्रस्तुत किया गया. इससे स्मृति नगर झरोखा पैलेस से आरोग्यम हॉस्पिटल तक सर्विस रोड निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है और खुर्सीपार एवं सिरसा गेट क्षेत्र में फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण को प्रशासनिक सहमति भी मिली है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि यातायात पुलिस दुर्ग ने जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त सड़क सुरक्षा बैठक में सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक इंजीनियरिंग के दृष्टिकोण से विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया. बैठक में जिले के प्रमुख यातायात प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए स्थायी समाधान के लिए आवश्यक प्रस्ताव रखे गए. खुर्सीपार एवं सिरसा गेट क्षेत्र में निरंतर लगने वाले यातायात जाम की समस्या के निराकरण हेतु फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे स्वीकृति प्रदान की गई. फ्लाईओवर निर्माण से मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा तथा जाम की स्थिति में प्रभावी सुधार आएगा.

इसी प्रकार स्मृति नगर झरोखा पैलेस से आरोग्यम हॉस्पिटल तक सर्विस रोड उपलब्ध न होने के कारण उत्पन्न यातायात दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग एवं रॉन्ग साइड वाहन संचालन की समस्या के समाधान हेतु बोगदा पुलिया, कातुलबोड़ से आरोग्यम हॉस्पिटल तक नवीन सर्विस रोड निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिसे स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. सर्विस रोड निर्माण से मुख्य मार्ग पर वाहनों का भार कम होगा तथा दुर्घटनाओं की आशंकाओं में कमी आएगी. दोनों प्रस्तावों के क्रियान्वयन से वैकल्पिक मार्ग विकसित होंगे, यातायात प्रवाह नियंत्रित रहेगा तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं समयबद्ध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी.

197 कब्जों को निगम ने हटाया, 2 दिनों तक चलेगी कार्रवाई

भिलाईनगर। सीवरेज एवं चेम्बर निर्माण में लगभग 291 लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है. जिसमें लोगों ने दीवाल की बाउंड्रीवॉल तान दी थी. कुछ ने घर बना लिया था. इन सभी को बुलडोजर से धराशाही किया जा रहा है. पहले दिन लगभग 197 अतिक्रमण को खाली बुलडोजर चलाया गया. पुलिस प्रशासन एवं एसडीएम की उपस्थिति में यह कार्य किया जा रहा है.

जोन 4 शिवाजी नगर अंतर्गत अवैध कब्जा हटाने कार्रवाई के दौरान जोन 4 के जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे एवं राजस्व विभाग सहित तोड़फोड़ का दस्ता उपस्थित था. भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा स्थापित मुख्य सीवर लाइन निर्माण कार्य में बाधित क्रमशः वार्ड 49 के 49, वार्ड 45 के 40 एवं वार्ड 44 के 5 तथा वार्ड 49 के 3 मार्केट बैंक लाईन में स्थित 197, इस प्रकार 291 मुख्य सीवर लाईन तथा बैक लाईन से कब्जेधारियों पर कार्रवाई होनी है.

कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अंतिम सूचना भी दे दी गई नगर निगम भिलाई जोन-4 शिवाजी नगर क्षेत्रांतर्गत जोन-2 वार्ड 49 सुभाष मार्केट के. एल. सी. लाईन, के-3 मार्केट का बैकलाइन एवं वार्ड 45 बालाजी नगर सड़क 50 से सड़क 54 1/ ए तक वार्ड 44 लक्ष्मीनारायण नगर निगम स्वामित्व के मुख्य सीवर लाइन में मुख्य सीवर लाईन तथा वार्ड 49 के 3 मार्केट बैंक लाईन के कुल 197, सीवर लाईन संधारण एवं चेम्बर निर्माण कार्य में बाधित कब्जाधारियों को कब्जा हटाये जाने प्रथम एवं अंतिम सूचना पत्र तामिल किया गया था.

किसान की कुदाली मारकर हत्या का खुलासा, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

भिलाई / रानीतराई। थाना रानीतराई अंतर्गत ग्राम केसरा में हुए किसान की अंधे कत्ल की गुत्थी 12 घंटे से भी कम समय में पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुरानी रंजिश हत्या की मुख्य वजह बनी 2-3 साइकिल वालों से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण से पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुदाली जब्त कर लिया है.

रानीतराई थाना प्रभारी कमल सिंह सेंगर ने बताया कि मृतक किसान अपने खेत में कभी किसी दोस्त तो कभी पत्नी के साथ जाता था. घटना के दिन मोटर साइकिल से अकेला खेत चला गया था. इसी बात को मौका पाकर आरोपी मोहन लाल सिन्हा ( 48 वर्ष), निवासी ग्राम केसरा ने पीछा कर उसकी हत्या कर भाग गया. इसके बाद पुलिस ने दो-तीन साइकिल वालों, साक्ष्य संकलन, घटनास्थल निरीक्षण और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदेही मोहन लाल सिन्हा ( 48 वर्ष) निवासी ग्राम केसरा को हिरासत में लिया. पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के पास से एक धारदार हथियार भी जब्त किया गया है.

जमीन बिक्री के नाम पर 13 लाख की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। जमीन बिक्री के नाम पर 13 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी के कब्जे से पंजाब नेशनल बैंक के 05 नग चेक एवं दस्तावेज जब्त किया है.

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 23 फरवरी को प्रार्थी ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज करायी कि वर्ष 2024 में आरोपी ने ग्राम जंजगिरी स्थित भूमि को अपना बताते हुए विक्रय करने का सौदा किया . आरोपी द्वारा किश्तों में कुल 13 लाख रुपए प्राप्त कर भूमि की रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया गया, किन्तु बाद में भूमि अन्य व्यक्ति के नाम पंजीकृत होना पाया गया. आरोपी ने धोखाधड़ी कर राशि का निजी उपयोग किया.

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस मामले में धारा 318 (4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन उपरांत आरोपी जगजीत उर्फकरण सिंह, (32 वर्ष) निवासी मंडल टाउन नेहरू नगर, थाना सुपेला को गिरफ्तार किया है.

जिले की चार रेत खदानों में एक भी शुरू नहीं

अंबागढ़ चौकी। जिले में रेत को लेकर जमकर मारामारी की स्थिति निर्मित है. जिले में आधा दर्जन से बड़े रेत खदान होने के बाद भी जिलेवासियों को इसका फूटी कौड़ी लाभ नहीं मिल रहा है. चार रेत खदानों की आनलाइन नीलामी हुए तीन माह का समय बीत चुका है. लेकिन पर्यावरण स्वीकृति नहीं मिलने की बात कहकर एक भी खदान शुरू नहीं कराए गए है. जिसके चलते रेत तस्कर मौज कर रहे है और एक हाईवा रेत बीस हजार रूपए से अधिक कीमत पर बेच रहे है.

जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग द्वारा आगामी तीन साल के लिए विगत 13 नवंबर को धीरी, कोटरासरार, भोथली और अर्जुनी रेत खदान की नीलामी की गई थी. नीलामी में भाग लेने वाले बोलीकर्ताओं को उम्मीद थी कि जल्द ही पर्यावरण स्वीकृति मिल जाएगी. लेकिन पूरे तीन माह देरी के बाद भी उन्हें स्वीकृति नहीं मिलने से वे निकाली नहीं कर पा रहे है. जबकि इसके में तस्करी बढ़ गई है. जिले के डोगरगांव से लेकर छुरिया तक जमकर रेत आड़ का अवैध खनन किया जा रहा है. खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार इन चार रेत खदान के आलावा आसरा रेत खदान की नीलामी की जाएगी, जिसकी तैयारी चल रही है.

सरकारी निर्माण कार्य और निजी कार्य प्रभावित : जिले में रेत की किल्लत का असर न सिर्फ निजी कार्यों बल्कि सरकारी निर्माण कार्यों में भी पड़ने लगी है. निजी उपयोग जिले में रेत खदान की अनुमति नहीं होने के कारण जहां रेत का धड़ल्ले के साथ रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है. उसके बाद भी कहीं कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. तो वही रेत की कमी की पूर्ति कराने के लिए बाहर से अधिक कीमत देकर रेत मंगनी पड़ रही है. स्थानीय स्तर पर रेत उपलब्ध नहीं होने से मकान बनाना भी महंगा होता जा रहा है.

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर डेढ़ करोड़ की ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार

अंबागढ़ चौकी। जिला मोहला मानपुर- अंबागढ़ चौकी पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये की अंतर्राज्यीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. मामले में नेपाल कनेक्शन भी सामने आया है. पुलिस ने उत्तराखंड और गुजरात से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

प्रार्थी कुनाल अग्रवाल, निवासी वार्ड क्रमांक 14 गंज लाइन अंबागढ़ चौकी ने 2 जनवरी 2026 को थाना अंबागढ़ चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर 2025 से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल नंबर 9866782961 एवं 7382164299 के माध्यम से शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक खातों से कुल 1,49,50,000 रुपये की ठगी की. रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत धारा 318 ( 4 ) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई.

तकनीकी विश्लेषण एवं आईसी पोर्टल से प्राप्त जानकारी में संबंधित खातों के विरुद्ध एक से अधिक शिकायतें मिलने पर धारा 317 (4) बीएनएस भी जोड़ी गई. जांच में पता चला कि आरोपियों ने प्राथी से पांच अलग-अलग खातों में राशि जमा कराई और बाद में रकम को अन्य खातों में ट्रांसफर कर चेक तथा एटीएम के माध्यम से निकासी की लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस टीमों ने रुद्रपुर ( जिला उधमसिंह नगर, उत्तराखंड), अहमदाबाद, राजकोट और सूरत (गुजरात) में दबिश दी.

कार्रवाई के दौरान मनोज कुमारजी (27) निवासी कोडप्पा लेआउट जिला बैंगलोर कर्नाटक, सनातन मंडल ( 32 ) निवासी ग्राम रजपुरा नंबर 02 थाना गदरपुर जिला उधमसिंह नगर उत्तराखंड, योगेंद्र सिंह (25) निवासी दिनेशपुर जिला उधमसिंह नगर उत्तराखंड, युसुफ संधवानी (21) निवासी जिला राजकोट गुजरात, राहुल गुप्ता (26) निवासी ग्राम माधोपुरा जिला अहमदाबाद गुजरात तथा गौतम भाई बागड़ा (20) निवासी हरिदर्शन सोसाइटी श्रमरेज जिला सूरत गुजरात को गिरफ्तार किया गया.

सर्विस लेन पर फिर ट्रकों का कब्जा

राजनांदगांव। राम दरबार चौक के समीप सर्विस लेन में फिर से ट्रकों का कब्जा हो गया है. सर्विस लेन में अधिक से अधिक चावल से भरे ट्रक खड़े होने के कारण न केवल लोगों को आने जाने में देखते हो रही है बल्कि दुर्घटनाएं होने की संभावनाएं भी बढ़ गई है. स्थानीय स्तर पर शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद भी यातायात विभाग द्वारा अभी तक कहीं कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में काफी नाराजगी बढ़ रही है.

ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिले में भी कस्टम मीलिंग शुरू हो जाने के बाद से एफसीआई गोदाम में ट्रकों की लंबी कतार देखने को मिल रही है खास बात यही की ट्रकों के लिए एक निश्चित स्थान तय किया गया उसके बाद भी ट्रक चालक मनमाने तरीके से वाहन खड़ा कर रहे हैं. इससे दुर्घटनाएं भी बढ़ रही है.

वर्तमान में राम दरबार समीप की स्थिति सर्विस लेन में दोनों तरफ ट्रकों की लंबी कतार लग जाने से लोगों आने जाने में काफी दिक्कतें होने लगी है. बार-बार ध्यान दिलाए जाने के बाद भी यातायात विभाग द्वारा व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कहीं कोई पहल नहीं किया रही है, जिससे इस क्षेत्र में काफी नाराजगी देखने को मिल रही हैं. दो दिनों से राम दरबार से कुछ दूरी पर ही सर्विस लेन में एक दर्जन से अधिक ट्रक चावल से भर खड़े हुए हैं.