भिलाईनगर। निलंबित भाजपा नेता विनायक ताम्रकर के समोदा गांव के 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में 8 करोड़ कीमत के अफीम के पौधे जब्त मामले में कई नए खुलासे हो रहे हैं. अब ग्रामीण अलग-अलग तरह के आरोप लगा रहे हैं. गांव की महिलाएं बताती है कि विनायक का इतना दहशत है कि गांव में अगर किसी की मौत हो जाती है तो श्मशान ले जाने के लिए भी दाऊजी (विनायक ताम्रकर) की परमिशन लेनी पड़ती है. जब तक वे नहीं कहते, तब तक लाश को अंतिम संस्कार के लिए नहीं ले जाया जाता. यहां तक कि गांव के सरकारी शौचालय पर भी उनका कब्जा है, बिना उनकी मर्जी के हम वहां तक नहीं जा सकते.
निलंबित भाजपा नेता विनायक ताम्रकार पिछले 5 वर्षों से अफीम की खेती कर रहे थे. लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी. एक दिन गांव के बच्चों के हाथ अजीब सा कुछ पौधा लगा. गूगल में सर्च करने पर पता चला कि यह अफीम है. बस फिर यही से पूरे गांव में हल्ला मच गया और 6 मार्च को मामला सामने आया. बताते हैं कि फार्म हाउस के चारों ओर गेट लगाए गए थे, जिससे आम लोगों का अंदर जाना लगभग असंभव था.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और करीब 8 करोड़ कीमत के पौधे जब्त किए हैं. इसके बाद गांव का माहौल पूरी तरह बदला हुआ था. महिलाएं समूह बनाकर विनायक ताम्रकर के खिलाफ नारे लगाते हुए विरोध के लिए निकल पड़ी थी. ग्रामीणों का आरोप है कि सिर्फ कुआं ही नहीं, बल्कि आसपास के तालाब और वहां तक जाने वाली सड़क पर भी ताम्रकार का दबदबा रहा. गांव वालों का कहना है कि इन जगहों का इस्तेमाल करने में भी उन्हें धमकाकर रोक दिया जाता था.
वहीं दूसरा दिलचस्प मामला यह है कि अफीम के पौधों की सिंचाई के लिए शिवनाथ नदी से पानी चोरी करने की बात सामने आई है. मौके पर निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम को शिवनाथ नदी पर मोटर पंप लगाए जाने का प्रमाण मिला है. जिस जगह पर पंप लगाया गया है, वहां विनायक ताम्रकार के खेत तक पाइप लाइन का विस्तार किया गया है . इसके लिए किसी तरह की अनुमति नहीं लिए जाने की बात सामने आ रही है. लिहाजा इसे पानी की चोरी करार दिया जा रहा है.
नाबालिग ने दोस्तों संग रची थी खुद के अपहरण की साजिश
भिलाईनगर। नाबालिग ने दोस्तों के साथ मिलकर खुद के अपहरण की झूठी कहानी बनाकर परिजनों से पैसे मांगे. जब पुलिस ने झारखंड और ओडिशा से पकड़कर सकुशल बरामद किया तो म्यूल खाता सौदों के नेटवर्क का खुलासा हुआ. इस पूरे मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि थाना पुरानी भिलाई में 5 मार्च को मामले में धारा 137 (2) बीएनएस के अंतर्गत अपहरण का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था. अपहृत बालक की तलाश के लिए पुलिस टीम को अन्य राज्यों झारसुगुड़ा (ओडिशा) एवं धनबाद (झारखंड) भेजा गया. जांच के दौरान बालक के संपर्क में पूछताछ आए व्यक्तियों के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई. पूछताछ में ज्ञात हुआ कि सभी आरोपी बैंक खातों / पासबुक को अवैध रूप से उपलब्ध कराकर साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से धन अर्जित करने का कार्य करते थे.
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि 1 मार्च को एकाउंट से संबंधित लेनदेन के विवाद के कारण बालक धनबाद गया था, जहां आरोपियों ने उससे पैसों की मांग की. बाद में बालक को छोड़ दिया तो पुलिस टीम ने 5 मार्च को धनबाद से सकुशल बरामद किया. विवेचना के दौरान आरोपियों ने साइबर धोखाधड़ी के उद्देश्य से बैंक खातों का उपयोग कर अवैध लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया जाना पाया.
इस पर थाना पुरानी भिलाई में धारा 318 (4), 62, 3 (5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी रितेश कुमार शर्मा (36 वर्ष) निवासी झारसुगुड़ा (ओडिशा) व आकाश कुमार रवानी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जिला धनबाद (झारखंड) से पकड़ा. इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
महिला से अवैध संबंध के शक में ठेकेदार की पीटकर हत्या
खैरागढ़। खैरागढ़ थाना क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम गाडाडीह में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है.
गांव के कुछ लोगों ने युवक को घेरकर गांव बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए लात-घूंसों से बुरी तरह पीट दिया जिससे उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है.
भवन निर्माण ठेके का काम करता था मृतक पुलिस के अनुसार मृतक तुलाराम पटेल (45) पिता कार्तिक राम पटेल निवासी किल्लापारा वार्ड क्रमांक 11 खैरागढ़ बिल्डिंग ठेकेदारी का कार्य करता था. उसके साथ ग्राम गाडाडीह की परदेशनीन बाई ( 40 ) पति स्वर्गीय शिवा यादव मजदूरी का काम करती थी.
बताया गया कि तुलाराम कभी-कभी शाम के समय उसे मोटर साइकिल से उसके घर छोड़ने जाया करता था. घटना के बाद गंभीर रूप से घायल तुलाराम को उपचार के लिए सिविल जिला अस्पताल खैरागढ़ लाया गया जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
नाबालिग बच्चों से करा रहे थे गांजा की बिक्री, दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। कुछ आरोपियों द्वारा नाबालिग बच्चों से गांजा बिक्री कराये जाने का मामला सामने आया है. मामला उजागर होने पर पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
कोतवाली पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च को मुखबीर की सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस द्वारा पुराना गौरी नगर रेल्वे फाटक के पास राजनांदगांव में घेराबंदी कर पवन तलकाई पिता उदय तलकाई उम्र 29 वर्ष निवासी 16 खोली स्टेशन पारा वार्ड नं. 12 एवं शक्ति नेताम पिता रामू नेताम उम्र 26 वर्ष निवासी गौरी नगर गली नं. 3 वार्ड नं. 13 सहित एक नाबालिग बालक को अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा बिक्री करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया.
आरोपियों के कब्जे से 11.08 ग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमत 600 रूपये, गांजा बिक्री के नगदी रकम 1610 रूपये एवं टच स्क्रीन मोबाईल जप्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (बी) (11) ए, 29, नारकोटिक्स एक्ट एवं 77 किशोर न्याय अधिनियम पंजीबद्ध कर मामलें 2 आरोपियों सहित एक नाबालिग बालक को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
लाखों की गड़बड़ी के आरोपी सीएमओ पर एफआईआर के आदेश !
खैरागढ़। कबीरधाम नगर पालिका में पदस्थ रहते हुए शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना में वित्तीय अनियमितता के आरोपों में घिरे तत्कालीन सीएमओ नरेश वर्मा के खिलाफ विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं. इससे पहले उन्हें निलंबित कर संयुक्त संचालक (जेडी) कार्यालय दुर्ग में अटैच किया गया था.
जानकारी के अनुसार, राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) ने जून 2025 में जांच के दौरान पाया कि सीएम शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत दवा खरीदी, वितरण और भुगतान प्रक्रिया में अनियमितता के कारण शासन को 20 लाख 80 हजार 380 रुपए की वित्तीय हानि हुई . इसके लिए वर्मा के वेतन से वसूली का पत्र भी जारी किया गया था. बाद में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा विशेषज्ञ टीम से कराई गई.
जांच में यह भी सामने आया कि एमएमयू संचालन एजेंसी पर निर्धारित पेनाल्टी नहीं लगाए जाने से शासन को लगभग 25 लाख 91 हजार 500 रुपए का अतिरिक्त नुकसान हुआ.
जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में तत्कालीन सीएमओ नरेश वर्मा को अधिक भुगतान के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई तथा एफआईआर दर्ज करने की अनुशंसा की थी. विभाग ने जांच समिति के प्रस्ताव को उचित मानते हुए पहले नरेश वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया और 24 फरवरी को कवर्धा नगर पालिका के सीएमओ को उनके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए.
सूडा ने पहले जारी किया था वसूली नोटिस
जांच में पाया गया कि योजना के क्रियान्वयन के दौरान दवा खरीदी, वितरण और भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव से 2 लाख 13 हजार 497 रुपए का अपव्यय हुआ वहीं थर्ड पार्टी ऑडिट एजेंसी और एरिया मैनेजर की रिपोर्ट में एमएमयू संचालन एजेंसी पर 17 लाख 7 हजार 880 रुपए और 6 लाख 500 रुपए की अनियमितता की पुष्टि हुई थी. कुल 23 लाख से अधिक की राशि में से मात्र 2 लाख 28 हजार रुपए ही अधिरोपित किए गए जबकि शेष राशि की वसूली नहीं की गई.
बियर कैन मामले में सेल्समैन को हटाने के बाद प्रबंधक को नोटिस जारी
राजनांदगांव। सोशल मीडिया में सुपर स्ट्रांग 7 हिल्स 500 एमएल बियर की कैन की वीडियो वायरल होने के संबंध में आबकारी उप निरीक्षण द्वारा प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान में संग्रहित मदिरा का भौतिक सत्यापन किया गया.
मदिरा दुकान के प्रभारी अधिकारी के प्रतिवेदन अनुसार सुपर स्ट्रांग 7 हिल्स 500 एमएल बियर की निर्मित तिथि 15 अक्टूबर 2025 है, तथा वैधता तिथि 13 अप्रैल 2026 है. मदिरा दुकान में उपस्थित कर्मचारियों से सुपर स्ट्रांग 7 हिल्स 500 एमएल बियर की कैन की बियर विक्रय नहीं करने के निर्देश दिये जाने के बावजूद विक्रय कर दिया गया. जिसके लिए मुख्य विक्रयकर्ता कैलाश देवांगन को सेवा से पृथक कर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा रही है.
प्रबंधक राजदीप इन्टरप्राईजेस को भी सुपर स्ट्रांग 7 हिल्स 500 एमएल बियर नहीं बेचने के संबंध में निर्देश किया गया था. उनके द्वारा निर्देशों का पालन नहीं करना घोर लापरवाही का द्योतक है. इस कारण उन्हें भी कारण बताओ सूचना पत्र कार्यालय से जारी किया गया है. राजदीप इन्टरप्राईजेस द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने पर उचित कार्रवाई के लिए उच्च विभाग को पत्राचार किया जाएगा.
प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि जिले के प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान राजनांदगांव में सुपर स्ट्रांग 7 हिल्स 500 एमएल बियर की कैन से लेबल व रेपर को हटाकर अन्य बियर गोल्डन प्राईड प्रीमियम लेजर बियर का लेवल प्रिंट होने के संबंध में स्टेट बेवरेजेस कार्पोरेशन लिमिटेड बिलासपुर तथा दुर्ग के गोदाम प्रबंधक एवं सहायक आयुक्त आबकारी रायगढ़, जिला आबकारी अधिकारी सूरजपुर द्वारा आबकारी आयुक्त को यह तथ्य ध्यान में लाया गया.
145 पदों पर भर्ती के लिए प्लेसमेंट कैम्प 12 मार्च को
दुर्ग। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र मालवीय नगर चौक दुर्ग में 12 मार्च को 10:30 बजे से प्लेसमेंट केम्प का आयोजन किया जाएगा. इस प्लेसमेंट कैम्प में निजी क्षेत्र के दो नियोजकों से प्राप्त इलेक्ट्रिक मीटर टेक्निशियन 125 पोस्ट एवं सेल्स प्रमोटर 20 पोस्ट कुल 145 रिक्त पदों हेतु भर्ती प्रक्रिया की जाएगी. उक्त सभी पदों हेतु वेतन 14000 से 20000 रुपए तक है, ई.पी.एफ., मेडिकल, इंसेंटिव एवं पेट्रोल इत्यादि की सुविधा दिया जाएगा.
10वीं, 12वीं, आई.टी.आई., डिप्लोमा एवं कोई भी स्नातक शैक्षणिक योग्यता धारी आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में सम्मिलित हो सकतें है. विस्तृत जानकारी रोजगार कार्यालय के सूचना पटल के माध्यम से प्राप्त कर सकते है .
स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र जिला रोजगार एवं दुर्ग के उपसंचालक से प्राप्त जानकारी अनुसार इच्छुक आवेदक समस्त शैक्षणिक मूल प्रमाण/ अंकसूची, पहचान पत्र ( मतदाता परिचय पत्र / आधार कार्ड / पेनकार्ड /ड्रायविंग लाइसेंस / राशन कार्ड), रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्रक, छ.ग. निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (छायाप्रति) के साथ समस्त दस्तावेजों की प्लेसमेंट रोजगार मेला में उपस्थित हो सकते हैं.
दुर्ग से रायपुर जाने वाला मार्ग आज से रहेगा बंद
भिलाईनगर। राजमार्ग – 53 स्थित कुम्हारी फ्लाईओवर में तकनीकी रूटीन मरम्मत कार्य के दौरान रायपुर-दुर्ग राष्ट्रीय 10 से 18 मार्च तक दुर्ग से रायपुर की ओर फ्लाईओवर का ऊपरी मार्ग अस्थायी रूप से बंद रहेगा. मरम्मत कार्य की अवधि में वाहनों का आवागमन फ्लाईओवर के नीचे स्थित सर्विस लेन से संचालित किया जाएगा. वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन कर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि रायपुर-दुर्ग राष्ट्रीय राजमार्ग 53 स्थित कुम्हारी फ्लाईओवर के नियमित तकनीकी निरीक्षण के दौरान फ्लाईओवर में रूटीन मरम्मत कार्य किए जाने की आवश्यकता पाई गई है. उक्त मरम्मत कार्य को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपादित करने हेतु 10 मार्च से 18 मार्च तक दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले कुम्हारी फ्लाईओवर के ऊपर के मार्ग को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा.
इस अवधि में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन फ्लाईओवर के नीचे स्थित सर्विस लेन के माध्यम से संचालित किया जाएगा. यातायात पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक यातायात व्यवस्था एवं मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाएगा. उक्त यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारी निरंतर तैनात रहकर यातायात संचालन एवं वाहन चालकों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे.
अधिवक्ता संघ चुनाव में निर्धारित कार्यक्रम निरस्त
दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ द्वारा चुनाव वर्ष 2026-28 के लिए निर्धारित कार्यक्रम मैं आंशिक संशोधन किया गया है. मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव पांडेय ने बताया कि संघ द्वारा जारी आवश्यक सूचना के अनुसार 9 मार्च को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना था, किंतु अधिवक्ता संघ दुर्ग के सदस्यों के मासिक सदस्यता शुल्क जमा किए जाने संबंधी जांच किए जाने के कारण उक्त तिथि पर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन संभव नहीं हो सका है.
इस संबंध में चुनाव समिति की आवश्यक बैठक आयोजित कर निर्णय लिया गया कि पात्र सदस्यों को मतदान से वंचित न होने देने के उद्देश्य से दावा-आपत्ति की समय-सीमा बढ़ाई जाए. बैठक के निर्णय अनुसार अधिवक्ता संघ के सदस्य 16 मार्च (सोमवार) तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे. निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा.
दावा-आपत्तियों के निराकरण के पश्चात अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 मार्च गुरुवार को शाम 5 बजे किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के कारण पूर्व में घोषित चुनाव कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया है तथा नए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा पृथक से की जाएगी.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

