भिलाईनगर। संयुक्त ट्रेड यूनियन भिलाई ( इंटक, सीटू, एटक, ऐक्टू आदि) की एक महत्वपूर्ण बैठक 26 मार्च को इंटक कार्यालय, सेक्टर-3 में हुई. बैठक में केंद्र सरकार द्वारा 1 अप्रैल से चार श्रम संहिताओं ( लेबर कोड) को लागू करने के निर्णय का कड़ा विरोध किया गया. इस संबंध में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आव्हान पर भिलाई में भी विरोध स्वरूप काला दिवस मनाने का निर्णय लिया गया.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : सीएम साय जशपुर से पहुंचेंगे रायपुर, रामनवमी पर आज निकलेंगी भव्य झांकियां, पं. विजय शंकर मेहता देंगे व्याख्यान, कोरबा में ‘हनुमंत कथा’ सुनाएंगे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कांग्रेस पहली बार पंचायत स्तर पर बनाएगी समिति…समेत पढ़ें अन्य खबरें

निर्णय के अनुसार, 1 अप्रैल को शाम 6 बजे से 7 बजे तक सेल परिवार चौक, सेक्टर-6, में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा. बैठक में एफएसएनएल बचाओ संघर्ष समिति द्वारा श्रमिकों की छंटनी एवं निजीकरण के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन और हड़ताल का पूर्ण समर्थन व्यक्त किया गया.

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मजदूर वर्ग को अपने अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा. श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ एक सशक्त और व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा, ताकि इन हमलों को प्रभावी ढंग से रोका जा सके. संयुक्त ट्रेड

यूनियन भिलाई ने सभी श्रमिक साथियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आयोजित इस प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाएं.

एटीएम उखाड़कर चोरी करने वाला गिरोह उत्तरप्रदेश का निकला

भिलाईनगर। 4 माह पूर्व ग्राम ननकट्ठी बस स्टैंड के पास स्थापित हिताची कंपनी के एटीएम मशीन को तोड़फोड़ कर उखाड़कर चोरी करने का प्रयास करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह उत्तरप्रदेश का निकला. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है. उनका थाना माधवनगर, जिला कटनी (म.प्र.), थाना बावना, जिला मेरठ (उ.प्र.) जीआरपी थाना मेरठ (उ.प्र.) में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण और थाना दोघाट (उ.प्र.) में अपराध दर्ज है.

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 13 नवंबर 2025 की रात लगभग 2 बजे थाना नंदिनी नगर क्षेत्रांतर्गत ग्राम ननकट्ठी बस स्टैंड के पास स्थापित हिताची कंपनी के एटीएम मशीन को अज्ञात आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से तोड़फोड़ कर उखाड़कर चोरी करने का प्रयास किया गया. घटना की सूचना पर प्रार्थी विनय कुमार (36 वर्ष) निवासी राजीव नगर सुपेला की रिपोर्ट पर मामले में धारा 331(3), 305(T), 62, 324(4), 3 ( 5 ) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपीगण एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह के रूप में कार्य करते हुए विभिन्न राज्यों में एटीएम मशीनों को निशाना बनाते हैं. आरोपियों द्वारा घटना से पूर्व रायपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार रेकी कर सुनसान एवं हाइवे के समीप स्थित एटीएम का चयन किया जाता था. आरोपियों ने ग्राम गनियारी से मेटाडोर चोरी कर घटना को अंजाम देने के लिए उपयोग किया गया. रस्सी एवं अन्य उपकरणों की सहायता से एटीएम मशीन को वाहन से बांधकर खींचकर उखाड़ने का प्रयास किया गया. घटना के दौरान आसपास के लोगों के जागने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे.

खुले तार की चपेट में आने से तीन जानवरों की मौत

भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम के द्वारा सार्वजनिक बोर में केबल कटा होने से जानवर उसकी चपेट में आ गया. करंट से उसकी मौत हो गई है. इसकी शिकायत आम आदमी पार्टी ने पुलिस प्रशासन से भिलाई निगम के अधिकारियों के खिलाफ की है.

आम आदमी पार्टी के नेता जसप्रीत सिंग ने शिकायत में कहा कि वार्ड 50 खुर्सीपार के सड़क 38, क्वार्टर नं. 9 /एच में स्थापित बोर के पावर पैनल से निकले विद्युत केबल के बीच कट होने से 24 मार्च की रात चार कुत्तों के आने से करंट से मौत हो गई है . जसप्रीत सिंग ने बताया कि खुर्सीपार क्षेत्र में नगर निगम की लापरवाही के चलते जानवरों की दुखद मृत्यु को लेकर खुर्सीपार थाना प्रभारी से शिकायत की है. शिकायत करने वालों में मेहरबान सिंह, बलविंदर सिंह, जसप्रीत सिंह, अमजद अली, दीकेश्वर टंडन कृष्णा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

प्री-पॉलिटेक्निक टेस्ट का शेड्यूल जारी, 7 मई को होगी परीक्षा

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने प्री पॉलिटेक्निक टेस्ट (पीपीटी) – 2026 के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 17 अप्रैल शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है. अभ्यर्थी 18 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अपने आवेदन में त्रुटि सुधार कर सकेंगे.

प्री पॉलिटेक्निक टेस्ट (पीपीटी) 2026 का आयोजन 7 मई को सुबह 10 बजे से 11.15 बजे तक किया जाएगा. प्रवेश परीक्षा सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होगी, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके. व्यापमं द्वारा 27 अप्रैल को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे. वहीं परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा. राज्य के स्थानीय निवासियों के लिए शासन के नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किए जाने का प्रावधान भी रखा गया है, जो उसी बैंक खाते में लौटाया जाएगा, जिससे शुल्क जमा किया गया होगा .

दसवीं बोर्ड के सेकंड फेज की परीक्षाएं 5 से 20 मई के बीच

भिलाईनगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सेकंड फेज की परीक्षाएं 5 मई से 20 मई के बीच आयोजित की जा सकती है. परीक्षार्थियों को डेटशीट जारी होने का इंतजार है, जिसके बाद अंतिम कार्यक्रम स्पष्ट होगा. वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं का दूसरा चरण मई के पहले सप्ताह से शुरू होकर तीसरे सप्ताह तक चल सकता है. यह परीक्षाएं 5 मई से 20 मई के बीच आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, बोर्ड द्वारा आधिकारिक डेटशीट जारी होने के बाद ही तिथियों की पुष्टि होगी.

बताया जा रहा है कि पहले चरण की परीक्षाओं के बाद अब दूसरे फेज के लिए तैयारियां तेज कर दी गई है. छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे अपने विषयों की तैयारी अंतिम चरण में पूरी कर लें और बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें. परीक्षाओं के संपन्न होने के बाद जून 2026 में सेकंड फेज का रिजल्ट जारी किया जा सकता है. रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध होगा, जिसे छात्र – छात्राएं अपने रोल नंबर के जरिए देख सकेंगे. दो चरणों में परीक्षाएं कराने से छात्रों को बेहतर तैयारी का अवसर मिलता है और परीक्षा का दबाव भी कम होता है.

थार से स्टंट करने वाले युवक को थाने में कराया उठक-बैठक

भिलाईनगर। तेज रफ्तार थार से स्टंट करते एक युवक को गिरफ्तार किया गया. ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 21 मार्च को एक व्यक्ति ने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज करायी कि हॉस्पिटल सेक्टर सी-3 ग्राउंड के पास सड़क क्रमांक- 15 पर थार ड्राइवर तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा है. अचानक खतरनाक तरीके से कट मार रहा है. इससे सड़क पर दुर्घटना होने की आशंका बन गई और आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया. इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था.

शिकायत मिलने के बाद भिलाई नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और केस दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और वाहन की जानकारी जुटाई. इसके बाद कार और चालक की पहचान कर ली गई. भिलाईनगर पुलिस ने आरोपी वैभव सोनी (20 वर्ष) निवासी जयंती नगर मोहन नगर दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर थाने परिसर में रखा गया है. पुलिस ने आरोपी को थाने में लाकर उससे कान पकड़वाकर माफी मंगवाई और भविष्य में स्टंटबाजी नहीं करने की शपथ दिलाई.

गैस एजेंसी में ग्राहकों की पिटाई पर तीनों बाउंसरों पर कार्रवाई

भिलाईनगर। गैस एजेंसी में लाइन लगाने को लेकर विवाद एवं धक्का-मुक्की के चलते एजेंसी के बाइंसरों ने मारपीट की. खुर्सीपार पुलिस ने तीनों बाउंसरों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है.

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि थाना खुर्सीपार क्षेत्र अंतर्गत शताक्षी गैस एजेंसी खुर्सीपार में गैस सिलेंडर लेने आए ग्राहक संतोष कुमार बैठा (32 वर्ष) निवासी दुर्गा मंदिर खुर्सीपार ने आवेदन प्रस्तुत किया कि वह गैस लेने के लिए एजेंसी के सामने लाइन में खड़ा था. इसी दौरान लाइन में लगने की बात को लेकर एजेंसी के बाउंसरों ने वाद-विवाद, धक्का-मुक्की और मारपीट की. इस मामले में पुलिस ने जांच कर हरिओम चौधरी ( 23 वर्ष ) हथखोज, विकास निवासी सिंह (27 वर्ष) निवासी खुर्सीपार और विक्की विश्वकर्मा ( 30 वर्ष) निवासी कैंप 01 छावनी के विरुद्ध धारा 170/126, 135 (3) बीएनएस एक्ट के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की एवं उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी छावनी के समक्ष प्रस्तुत किया गया.

आरटीई पोर्टल में स्कूलों का नाम गायब होने से परिजन परेशान

राजनांदगांव। आरटीई पोर्टल में स्कूलों का नाम नही दिखाए जाने के कारण पालकगण परेशान हो रहे हैं. पिछले साल की तरह इस बार भी पोर्टल में खामी के चलते गरीब बच्चों के एडमिशन में परेशानी हो रही हैं. जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च है . इसके बाद भी पोर्टल में अब तक सुधार नही हुआ हैं.

डोंगरगढ़ से आए एक परिजनों ने बताया कि, कलेक्टोरेट के 116 नंबर में जानकारी मिलने की बात कही जा रही है, लेकिन वहां भी संतोषजनक जवाब नही दिया जा रहा हैं. निवास स्थान से तीन किमी तक ही स्कूल चुनने का नियम है. लेकिन उनके निवास से ऐसे एक भी स्कूल नही दिख रहे है. जिसके चलते वे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं. हालात यह है कि आरटीई के तहत निजी स्कूलों निःशुल्क प्रवेश की पंजीयन का पोर्टल पहले ही दिन से बंद होने जैसी हो गई है. इसकी वजह ऑनलाइन आवेदन में हुए कुछ त्रुटियों को बताया गया है.

अभिभावक बार-बार पोर्टल सर्च कर हैं, लेकिन आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं होन से अभिभावक परेशान हो रहे हैं. गरीब परिवार के बच्चों को निजी (प्राइवेट) विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा के लिए शिक्षा का अधिकार अंतर्गत प्रवेश पंजीयन के लिए शासन की ओर से शेड्यूल जारी किया गया था. अफसरों का कहना है कि, वर्ष 2025-26 में ऑनलाइन आवेदनों में हुए त्रुटियों को दृष्टिगत रखते हुए आरटीई पोर्टल में आवश्यक सुधार किया जा रहा है. पोर्टल में सुधार उपरांत ऑनलाइन आवेदन लिए जाने की बात कही जा रही है. इससे अभिभावक बार- बार पोर्टल पर पहुंच रहे हैं.

गौरतलब है कि शासन ने पहले जारी शेड्यूल के अनुसार 31 मार्च तक का समय दिया गया था. इसके बाद आवेदनों का सत्यापन और लॉटरी के माध्यम से सीटों के आबंटन की प्रकिया शुरू करने की बात कही गई थी.

चैत्र नवरात्रि में इस बार गिनती के पहुंचे पैदल दर्शनार्थी

राजनांदगांव। चैत्र नवरात्रि का पर्व होने के चलते जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष भी पदयातियों की सुविधा के लिए अंजोरा से लेकर राम दरबार मंदिर चौक तक नेशनल हाईवे को वन-वे कर दिया गया है. गर्मी शुरू हो जाने के चलते इस वर्ष गिनती के ही पैदल दर्शनार्थी देखने को मिले हैं. पूरा परिवर्तित मार्ग खाली नजर आ रहा है. पंचमी तिथि के दिन भी गिनती के पदयात्री नजर आए.

ज्ञात हो कि 19 मार्च से 27 मार्च के मध्य चैत्र नवरात्रि का पर्व होने के चलते देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब देखने को मिल रहा है. राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक मां शीतला मंदिर से लेकर मां पाताल भैरवी मंदिर, मां काली माई मंदिर, मां दुर्गा मंदिर, मां गायत्री मंदिर, सहित अन्य देवी मंदिरों में भी इन दिनों भक्तों का आना-जाना लगा हुआ है.

प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी जिला प्रशासन द्वारा पदयात्रियों की सुविधा के लिए नेशनल हाईवे से लगे अंजोरा से लेकर राम दरबार मंदिर चौक तक वन-वे की स्थिति तय की गई है. पूरे मार्ग में स्टापर से लेकर पुलिस जवानों की अधिक से अधिक ड्यूटी भी लगा दी गई है. ऐसे में पदयातियों को आने जाने की सुविधा तो है, लेकिन इस वर्ष परिवर्तित मार्ग में गिनती के ही पदयात्री देखने को मिले हैं. पंचमी तिथि के दिन भी 150 से 200 पदयात्री पहुंचे हैं. सेवा भावी पंडाल भी रहे

पूरी तरह से खाली

चैत्र नवरात्रि का मेला शुरू हो जाने के कारण पदयात्रियों की सुविधा के लिए इस बार भी जिला प्रशासन द्वारा समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से अधिक से अधिक सेवा भावी पंडाल लगाए गए थे जिसमें भ काफी कम पदयात्री पहुंचे हैं. पूरे पंडाल खाली रहे. श्री बागेश्वर टेस्ट समिति के प्रमुख पदाधिकारी पंकज गुप्ता ने बताय कि अन्य नवरात्रि की अपेक्षा इस वर्ष कम् पदयात्री पंडाल में पहुंचे हैं, फिर भी जं पदयात्री पहुंच रहे हैं, उनको भोजन आदि से लेकर ठहरने की भरपूर व्यवस्थ सुनिश्चित कराई जा रही है. कमोबेश यही स्थिति अन्य पंडालों में भी देखने को मिल है. पूरे सेवा भावी पंडाल खाली नजर आए हैं. और अभी भी खाली पड़े हुए हैं. गिनती के पदयात्री नजर आ रहे हैं.

27 मार्च तक नवरात्रि का मेला

चैत्र नवरात्रि मेला 27 मार्च तक होने के चलते देवी मंदिर में प्रतिदिन भक्त पहुंच रहे हैं. राजनांदगांव जिला मुख्यालय से लेकर डोगरगढ़ स्थित के मां बम्लेश्वर के दरबार में भी भक्तों का आना-जान लगा हुआ है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m