भिलाईनगर। निलंबित भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में मिले 8 करोड़ रुपए के अफीम पौधे मामले में पुलिस पूछताछ में आरोपी विकास बिश्नोई खुलासा मामले में डोड़ा और अफीम की बाजार तैयार करने वाले दो और आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने बेमेतरा से गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की) एवं 1,29,000 नगद जब्त की है. इस प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना जारी है.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : CM साय का दौरा कार्यक्रम… विधानसभा के बजट सत्र का आज 11वां दिन…हिंदी पेपर लीक मामले में NSUI का प्रदर्शन… रायपुर-रीवा फ्लाइट सेवा का कल शुभारंभ…

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा- सिरसा में दर्ज धारा 8, 18, 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत ग्राम समोदा में अवैध अफीम की खेती के प्रकरण में पूर्व में आरोपी विकास बिश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर एवं छोटू राम को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था.

पुलिस रिमाण्ड के दौरान आरोपी विकास बिश्नोई से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि अवैध रूप से की गई अफीम की खेती से उत्पादित डोडा (अफीम फल) को अन्य व्यक्तियों द्वारा खरीदकर अपने होटल/ ढाबा में रखकर विक्रय किया जाता था. साथ ही यह भी जानकारी सामने आई कि आगे उत्पादित होने वाले डोडा को भी खरीदने की योजना आरोपियों ने बनाई गई थी.

प्राप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्य एवं मेमोरण्डम कथन के आधार पर 15 मार्च को पुलिस टीम ने बेमेतरा-सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में श्री रामदेव होटल एवं राजस्थानी हाइवे ढाबा में एनडीपीएस एक्ट में निहित वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए रेड कार्रवाई की गई.

रेड कार्रवाई के दौरान राजस्थान निवासी आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत (50 वर्ष) के बेमेतरा जिला के ग्राम कठिया स्थित ढाबा से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की), 1,29,000 नगद राशि एवं एक मोबाइल बरामद किया गया. साथ ही दूसरे आरोपी सुनील देवासी (28 वर्ष) के पास से अफीम डोडा को चुक्की बनाने के लिए प्रयुक्त मिक्सी (जार सहित ) एवं एक मोबाइल जब्त किया गया है.

580 करोड़ का बजट पेश करेंगी महापौर, 5.20 लाख का फायदा

दुर्ग। महापौर अलका बाघमार मंगलवार को अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगी. इस बार 5 लाख 20 हजार रुपये फायदे का बजट पेश होगा. आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निगम की आय 1580 करोड़ 12 लाख 30 हजार का अनुमान लगाया गया है. वहीं व्यय 580 करोड़ 7 लाख 10 हजार संभावित है. इस बजट में विभिन्न मदों से होने वाली राजस्व की आय 184 करोड़ 35 लाख 30 हजार तथा पूंजीगत आय 395 करोड़ 77 लाख रुपए है. वहीं व्यय की बात करें तो राजस्व में 184 करोड़ 32 लाख 60 हजार तथा पूंजीगत व्यय 395 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपए होने का अनुमान लगाया गया है.

बजट पेश करने के पहले जिन एजेंडों पर चर्चा होगी. उनमें प्रमुख रूप से पूर्ववर्ती सम्मिलन के कार्यवृत्त की पुष्टि करना, यदि उसकी पुष्टि उस सम्मिलन में न हुई हो, शामिल है. इसके अलावा सामान्य सभा की बैठक 18 सितम्बर 2025 के कार्यवाही विवरण की पुष्टि . पार्षदों द्वारा पूछे गये प्रश्न तथा उत्तर पृथक से आमंत्रित की गई है, ग्राह्य प्रश्नों के विभाग से उत्तर प्राप्त होने पर छत्तीसगढ़ नगर पालिका (कामकाज के संचालन की प्रक्रिया) नियम, 2016 में उल्लेखित प्रावधानों के अनुसार कार्यवाही की जाएगी. महत्वपूर्ण पत्र व्यवहार के संबंध में जानकारी. कार्यसूची के शेष कामकाज जो पूर्ववर्ती सम्मिलन में संपादित न किए जा सके हो . समितियों या मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा प्रस्तुत सुझाव तथा प्रस्ताव .

ब्रह्मभट्ट ब्राह्मण समाज का परिचय सम्मेलन अप्रैल में

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ ब्रह्मभट्ट ब्राह्मण समाज के होली मिलन एवं प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक स्मृति नगर भिलाई में हुई. बैठक में सर्वसम्मति से अप्रैल माह में राजधानी रायपुर में समाज का युवक युवती परिचय सम्मेलन करने पर सहमति बनी. बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री नितिन शर्मा के प्रस्ताव पर समाज के अध्यक्ष राकेश भट्ट के अनुमोदन पर अप्रैल माह के प्रथम पखवाड़े में किसी दिन युवक युवती सम्मेलन बुलाने सहमति बनी. बैठक में श्रीमती आभा भट्ट, अशोक शर्मा, संजय. शर्मा, अमरेन्द्र नाथ शर्मा, जिलाध्यक्ष दुर्ग- मनु शर्मा, महेन्द्र राय, संजय शर्मा रिसाली रायपुर से प्रमोद ब्रह्मभट्ट, हिमांशु शर्मा, जिला अध्यक्ष- राजेश शर्मा, हेमलाल भट्ट तथा अन्य समाजिक जन उपस्थित थे.

निगम कर्मचारी के एनपीएस राशि का अब तक भुगतान नहीं

दुर्ग। छत्तीसगढ़ नगरीय प्रशासन विकास विभाग के पेंशन विभाग द्वारा दुर्ग निगम कर्मचारी अनिल मनहरे के वेतन से कटौती की गई एनपीएस राशि का भुगतान नहीं करवाया जा रहा है. छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विकास विभाग का पेंशन विभाग का कार्य छत्तीसगढ़ सरकार की छवि धूमिल कर रही है. अनिल मनहरे सेवानिवृत्ति कर्मचारी विगत दो वर्षों से छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रालय पेंशन विभाग का चक्कर लगा रहा है. पेंशन विभाग के उप संचालक जितेंद्र कुशवाहा से भी 8 से 10 बार मुलाकात कर भुगतान के लिए निवेदन करने के बाद भी अब तक राशि वापस नहीं लौटाई गई है. छत्तीसगढ़ शासन का रवैया कर्मचारियों के प्रति अच्छी नहीं हैं.

प्रत्येक जोन के 10 बड़े बकायादारों के नाम किए जाएंगे सार्वजनिक

दुर्ग। निगम द्वारा वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में संपत्तिकर एवं अन्य करों की वसूली को लेकर सख्त कदम उठाने की तैयारी की जा रही है. निगम प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिन करदाताओं द्वारा लंबे समय से कर राशि जमा नहीं की गई है, उनके विरुद्ध अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

नगर निगम द्वारा प्रत्येक जोन के 10 बड़े बकायादारों की सूची तैयार की जा रही है. इन बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे ताकि उन्हें शीघ्र कर भुगतान के लिए प्रेरित किया जा सके. इसके बावजूद यदि बकाया राशि जमा नहीं की जाती है तो ऐसे करदाताओं के विरुद्ध कुर्की, संपत्ति सीलबंदी सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने शहर के सभी नागरिकों और करदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि वे 31 मार्च से पहले अपना बकाया संपत्तिकर एवं अन्य करों का भुगतान कर दें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके. उन्होंने बताया कि 31 मार्च के बाद बकाया करों की वसूली 17 प्रतिशत अधिभार के साथ की जाएगी.

करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम परिसर में स्थित टैक्स काउंटर तथा सभी जोन कार्यालयों के काउंटर 31 मार्च तक शनिवार और रविवार को भी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे.

भक्त माता कर्मा जयंती 22 को

भिलाईनगर। शहर के एक निजी होटल में साहू मित्र सभा भिलाई तहसील प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू की अध्यक्षता में बैठक हुई. साहू ने कहा कि 15 मार्च को भक्त माता कर्मा की जयंती पूरे गांव से लेकर पूरे प्रदेश एवं राष्ट्र तक मनाने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने बताया कि भक्त माता कर्मा जयंती 22 मार्च साहू मित्र सभा भिलाई में, 29 मार्च को सरगुजा संभाग में भी आयोजित की जा रही है.

बी. फार्मेसी एवं एम. फार्मेसी के छात्र-छात्राएं 17 तक भर सकेंगे ऑनलाइन एग्जाम फार्म

भिलाईनगर। बी. फार्मेसी एवं एम. फार्मेसी प्रथम सेमेस्टर के छात्र- छात्राएं छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के डिजिवर्सिटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकेंगे.

नवम्बर-दिसम्बर 2025 सत्र की परीक्षा के फार्म भरने की प्रक्रिया 13 मार्च से प्रारंभ कर दी गई है. यह प्रक्रिया विश्वविद्यालय के डिजिवर्सिटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पूरी की जाएगी. बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 17 मार्च है. इसके बाद विद्यार्थियों को विलंब शुल्क के साथ फार्म भरने की सुविधा भी दी गई है. 22 मार्च तक 30 रुपये प्रतिदिन, 27 मार्च तक 120 रुपये प्रतिदिन तथा 1 अप्रैल तक 200 रुपये प्रतिदिन विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म जमा किए जा सकेंगे. परीक्षा का समय सारणी अलग से जारी किया जाएगा.

सभी विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म केवल ऑनलाइन माध्यम से ही भरना होगा. संस्थानों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने पोर्टल पर विद्यार्थियों के नामों का सत्यापन कर लें ताकि कोई पात्र विद्यार्थी परीक्षा से वंचित न रहे. इसके अलावा यदि किसी प्रकार की समस्या या शिकायत हो तो उसे केवल डिजिवर्सिटी पोर्टल के माध्यम से टिकट जनरेट कर ही दर्ज कराया जा सकेगा. विश्वविद्यालय ने यह भी निर्देश दिया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए एबीसी आईडी बनाना अनिवार्य है. यदि विद्यार्थी द्वारा एबीसी आईडी नहीं बनाई गई तो उनका प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा.

10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन आज से

राजनांदगांव। दसवी और बारहवी परीक्षा के निपटने के बाद आज से मूल्यांकन का दौर शुरू हो जाएगा. आज 16 मार्च से शहर के स्टेट हाई स्कूल को बनाए गए मूल्यांकन केन्द्र में साढ़े चार सौ शिक्षक दोनों कक्षाओं का करीब डेढ़ लाख कापियों की जांच करेंगे.

राजनांदगांव जिले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च से शुरू होगा. कॉपियों की जांच के लिए जिले के स्टेट हायर सेकंडरी स्कूल को एकमात्र मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी.

शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मूल्यांकन कार्य के लिए दो लॉट में उत्तर पुस्तिकाएं भेजी जाएगी. पहले लॉट में शुरूआती तीन पेपर की कॉपियां जिले में भेजी जा चुकी है. इन कॉपियों की जांच के बाद दूसरे लॉट में अंतिम तीन पेपर की कॉपियां जिले के लिए भेजी जाएगी. बताया गया कि जिले में करीबन डेढ़ लाख उत्तरपुस्तिकाएं जांची जाएगी.

10 दिन का टारगेट

स्टेट हायर सेकंडरी स्कूल प्रबंधन के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 450 से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी. इसके लिए अनुभवी शिक्षकों की सूची तैयार कर ली गई है. जिसके चलते मूल्यांकन कार्य समय पर और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके. उत्तरपुस्तिकाओं की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलतियों से बचने के लिए रोजाना जांची जाने वाली कॉपियों की संख्या भी तय कर दी गई है. पहले दिन जहां सभी शिक्षक केवल पांच उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे.

फीश एक्वेरियम में फूंके तीस लाख, निविदा बाद भी रूचि नहीं

राजनांदगांव। डीएमएम फंड से करीब तीस लाख रूपए फूंकने के बाद भी इसे शुरू नही किया गया है. करीब तीन बार इसके संचालन के लिए निविदा निकाली गई थी. जिसमें एक भी लोगों ने निविदा में भाग नही लिया है. जिसके चलते लाखो रूपए के खर्च पर सवाल भी उठने लगे है.

राजनांदगांव शहर के पुष्प वाटिका चौपाटी में जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ फंड के तहत 30 लाख रुपए की लागत से फिश एक्वेरियम भवन और गार्डन का निर्माण किया गया था. निर्माण कार्य 10 मार्च 2024 को पूरा हो गया था, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी यह एक्वेरियम चालू नहीं हो पाया है. फीश एक्वेरियम खुलने की जानकारी मिलने के बाद लोग बड़ी उत्सुकता के साथ यहां पहुच रहे है, लेकिन इसमे ताला बंद देखकर वापस लौट रहे है. जिला प्रशासन द्वारा लाखों रूपए के एक्वेरियम को दो साल बाद भी शुरू नही कराया गया.

असामाजिक गतिविधियां और लगाया दिया ताला : लोगों ने बताया कि फिश एक्वेरियम भवन के बाहर लगे सामानों में तोड़फोड़ हो चुकी है, वहीं भवन के अंदर और बाहर दरारें भी दिखाई देने लगी हैं. रखरखाव के अभाव में गार्डन और भवन की स्थिति दिनों दिन बिगड़ती जा रही है. इस मामले में मत्स्य विभाग के सहायक संचालक एसके साहू का कहना है कि, निविदा मंगाई गई है. प्रक्रिया चल रही हैं.

जनगणना 2027 का प्रथम चरण 1 मई से होगा प्रारंभ

राजनांदगांव। आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ किया जाएगा. इसके अंतर्गत मकानों की जनगणना की जाएगी. उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और इसे पूरी शुद्धता तथा जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए.

संभागायुक्त राठौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य के लिए आयोजित प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और पूरी जानकारी प्राप्त करें. उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश के विकास की रूपरेखा, विभिन्न योजनाओं के निर्माण तथा प्रशासनिक इकाइयों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इसलिए यह कार्य अत्यंत सावधानी और शुद्धता के साथ किया जाना आवश्यक है.
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए सुपरवाइजर और संगणक की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है.

महिला समूह से 9 लाख की धोखाधड़ी आरोपी महिला अध्यक्ष नागपुर से गिरफ्तार

डोंगरगांव। महिला समूह से लगभग 9 लाख रुपए की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी करने वाली महिला समूह की अध्यक्ष को नागपुर महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है. वह लगभग दो वर्षों से फरार थी.

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 2 जनवरी 2026 को प्रार्थिया श्रीमती पेमिन साहू पति दिनेष साहू उम्र 28 साल निवासी ग्राम करेठी थाना डोंगरगांव जिला राजनांदगांव ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई की प्रज्ञा महिला स्व सहायता समूह ग्राम करेठी के समूह की अध्यक्ष गणेशिया बाई द्वारा 9 जनवरी 2024 से प्रज्ञा समूह के सदस्यों को धोखे में रखकर समूह को बिना बताये प्रज्ञा समूह के नाम पर स्वयं निजी उपयोग हेतु कुल 8,85,000 रूपये लोन लेकर लोन की रकम को बैंक मे अभी तक जमा नही किया गया. रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.

राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस 16 मार्च को

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर तथा स्वास्थ्य मंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ में भी राज्य स्तर पर एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया है. उपरोक्त के तारतम्य में कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर 16 मार्च से एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण प्रारंभ किया जा रहा है.

जिला राजनांदगांव में आगामी समय में एचपीवी वैक्सीनेशन हेतु कुल 32 स्वास्थ्य केंद्रों को चिन्हित किया गया है. जिले में लाभार्थियों की अनुमानित संख्या 10500 है, जिनका टीकाकरण किया जायेगा.

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नेतराम नवरतन ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसर दूसरा सबसे बड़ा कैंसर है. National Cancer Registry Programme (NCRP) 2022 के अनुसा,र प्रतिवर्ष नये केस 11 6 लाख महिलाओं में पाया जाता है.

यह टीकाकरण के बाद होने वाले प्रतिकूल प्रभाव में समान्यतः दर्द, सूजन, ललिमा व बुखार हो सकता है जो स्वतः 2 से 3 दिन में पैरासिटमाल की दवाई से ठीक हो जाता है. तदउपरांत टीकाकरण पश्चात 30 मिनट तक ऑब्जरवेशन रूम में रखा जायेगा ताकि प्रतिकूल प्रभाव का प्रबंधन हो सके. एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण हेतु किशोरियों जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है. किंतु 15 वा जन्मदिन नहीं मनाया है.