भिलाईनगर। भिलाई निगम महापौर नीरजपाल और निगम आयुक्त राजीव पांडेय के बीच खींचतान बढ़ती ही जा रही है। महापौर नीरजपाल ने कलेक्टर और छत्तीसगढ़ शासन के आला अफसरों को निगम आयुक्त की कथित मनमानी की शिकायत कर दी है। इस बीच अब यह भी पता चला है कि महापौर के मांगने के बावजूद निगम आयुक्त उन्हें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट पुस्तिका नहीं दे रहे हैं। ऐसे में इस माह बजट पेश होना मुश्किल दिख रहा है।
मार्च के अंदर सामान्य सभा में निगम का काल्पनिक बजट पेश करने की परम्परा रही है। प्रक्रिया यह है कि बजट पुस्तिका को पहले निगम आयुक्त सभी विभागों के अधिकारियों से बात कर तैयार कराते हैं। इसके बाद बजट पुस्तिका को महापौर परिषद में प्रस्तुत किया जाता है। महापौर परिषद के सदस्य जरूरत होने पर इसमें आवश्यक संशोधन कराते हैं। संशोधन के बाद इसे सामान्य सभा में प्रस्तुत किया जाता है। सामान्य सभा में लंबी बहस के बाद पार्षदों की ओर से संशोधन का अनुरोध किया जाता है तो इसमें संशोधन कर इसे शासन को भेजा जाता है।

महापौर नीरजपाल ने नवभारत को बताया कि वे कई बार मौखिक रूप से महापौर से बजट पुस्तिका की मांग कर चुके हैं। 11 मार्च को उन्होंने लिखित में भी पत्र दिया। लेकिन इसके बाद भी अब तक बजट पुस्तिका आयुक्त ने नहीं दी है। महापौर परिषद में प्रस्तुत करने के लिए कम से कम तीन दिन का समय चाहिए होता है।
इसके बाद सामान्य सभा में प्रस्तुत करने के लिए कम से कम एक सप्ताह का समय चाहिए। इस माह कुछ त्यौहारों के कारण लगातार छुट्टी की स्थिति बन रही है। ऐसे में यह संभव नहीं लग रहा है कि मार्च माह में भिलाई निगम का बजट पेश हो पाएगा। यदि ऐसा होता है तो भिलाई निगम के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा ।
इसके पूर्व कभी नहीं हुआ कि मार्च माह के अंदर बजट पेश नहीं किया गया हो। महापौर नीरजपाल के द्वारा निगम आयुक्त के खिलाफ लिखित में गंभीर शिकायतें करने के बाद कलेक्टर दुर्ग और छत्तीसगढ़ शासन के आला अधिकारी निगम आयुक्त के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं इसे लेकर सत्ता पक्ष में उत्सुकता बनी हुई। यह पहली बार है कि किसी निगम आयुक्त के खिलाफ महापौर ने खुलकर इतनी गंभीर शिकायतें की है।
अफीम की खेती में खेला गया खसरे का खेल
दुर्ग। अफीम की अवैध खेती मामले में जांच के दौरान एक और नया खुलासा हुआ है। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ने जिस खसरे को मक्का के प्रदर्शन का प्लाट बताया। इसकी बजाय मक्के का प्रदर्शन अन्यत्र जगह पर लिया जा रहा था। मक्के के प्रदर्शन वाली खेत से कुछ ही दूरी पर अफीम की खेती हो रही थी। वहीं प्रदर्शन वाले प्लाट पर बोर्ड भी लगाया गया था। उक्त लापरवाही सामने आने के बाद ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को कलेक्टर ने निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है।
गौरतलब है अफीम खेती मामले कलेक्टर द्वारा पहले ही क्षेत्र की पटवारी अनिता साहू, सर्वेयर शशिकांत साहू एवं कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को नोटिस जारी किया गया था। मामले कृषि विस्तार अधिकारी की घोर लापारवाही सामने आने पर अब उन्हें निलंबित भी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार जांच में यह बात सामने आई कि भाजपा नेता के रिश्तेदार विमल ताम्रकार के जिस खसरे की जमीन को प्रदर्शन प्लाट बनाया गया है। इसकी बजाय अन्यत्र जगह पर मक्के की फसल ली गई है।
वहीं प्रदर्शन प्लाट में बोर्ड लगाना जरूरी होता वह भी नहीं लगाया गया है। वहीं प्रदर्शन के नाम दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि भी जारी कर दी गई। इससे विभाग में प्रदर्शन के नाम पर गड़बड़ी को भी बल मिलता है। वहीं जिस अन्यत्र जगह पर मक्के का प्रदर्शन लिया गया। इससे कुछ दूरी पर अफीम की खेती हो रही थी। जिससे भी प्रदर्शन का अवलोकन करने वाले अधिकारी भी बेखबर बने रहे। इसी प्रकार डिजिटल क्राप सर्वे व गिरदावरी में भी अफीम की फसल को छिपाया गया।
अवैध स्क्रैप कारोबार करने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। अवैध स्क्रैप कारोबार करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध स्क्रैप कारोबारियों से 60 टन लोहे का स्क्रैप एवं कई वाहन जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि अवैध कबाड़, स्क्रैप कारोबार संचालित करने वालों के विरुद्ध दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत एसीसीयु क्राइम ब्रांच दुर्ग तथा थाना जामुल, सुपेला, कुम्हारी की संयुक्त टीम का गठन का विभिन्न स्थानों पर एक साथ दबिश की कार्रवाई की गई। जामुल क्षेत्र के अंतर्गत संचालित एक परिसर में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से लोहे के कबाड़ संग्रहण एवं कटिंग कर विक्रय किए जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी थी।
मौके पर बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पाईप, चैनल, दरवाजे, राड, भारी लोहे के कलपुर्जे तथा लगभग 200 किलोग्राम तांबा, गैस कटर, गैस सिलेंडर आदि बरामद किए गए हैं। अन्य स्थानों पर भी पुलिस ने संचालित कबाड़ खानों में जांच की। जांच से बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पुराने दो पहिया वाहन तथा अन्य धातु सामग्री बरामद की गई है। इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 60 टन लोहे का स्क्रैप जिसकी कीमत लगभग 18 लाख रुपए है, कई ट्रक, छोटा हाथी वाहन, बड़ी मात्रा में पुराने दो पहिया वाहन, धातु कटिंग उपकरण जब्त किए गए हैं।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी हीरामन साहू निवासी आर्य नगर कोहका थाना सुपेला, राकेश मिश्रा निवासी कोहका रोड सुपेला, शमसुद्दीन निवासी कैलाश नगर कुम्हारी, श्रीमती राधिका साहू निवासी दक्षिण गंगोत्री सुपेला, सितारे उर्फ मोहम्मद इमरान निवासी दक्षिण गंगोत्री सुपेला, मनोज गुप्ता पावर हाउस रोड भिलाई, श्रवण कुमार देवांगन निवासी कृष्णा नगर सुपेला, अजमत हुसैन निवासी गुरुद्वारा के पास सुपेला, धीरज चंद्राकर निवासी लोहार पारा सुपेला को गिरफ्तार किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दुर्ग निगम को 247 बीएलसी आवासों की स्वीकृति
दुर्ग। भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत नगर पालिक निगम दुर्ग को बड़ी सौगात मिली है। निगम क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुल 247 बीएलसी आवासों की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
नगर निगम दुर्ग क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान करने के लिए राज्य शासन द्वारा स्वीकृति जारी की गई है, जिससे अब लाभार्थियों को अपने घर के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। नगर निगम दुर्ग द्वारा योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ मिल सके।
योजना के अनुसार हितग्राही 30 से 45 वर्ग मीटर कारपेट क्षेत्रफल तक का आवास निर्माण कर सकेंगे। नगर निगम द्वारा जारी भवन अनुज्ञा में प्रस्तावित आवास का कारपेट क्षेत्रफल दर्ज किया जाएगा और उसी के अनुरूप निर्माण करना अनिवार्य होगा। साथ ही मिशन की मार्गदर्शिका अनुसार हितग्राहियों का जातिगत आधार पर वर्गीकरण ( अजजा, अजा, अपित्र एवं सामान्य) किया जाना भी सुनिश्चित किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की अनुदान राशि (केंद्रांश 1.50 लाख एवं राज्यांश 1.00 लाख) चार किश्तों में प्रदान की जाएगी। इसमें फाउंडेशन स्तर पर 63 हजार रुपये, लिंटल स्तर पर 87 हजार रुपये, रूफ स्तर पर 65 हजार रुपये तथा पूर्ण स्तर पर 35 हजार रुपये जारी किए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत जो हितग्राही निर्धारित 18 माह की अवधि में अपना आवास निर्माण पूर्ण कर गृह प्रवेश करेंगे, उन्हें अतिरिक्त 32,850 रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे खाते में दी जाएगी।
5वीं व व 8वीं परीक्षा की बंटी गोपनीय सामग्रियां
दुर्ग। सत्र 2025-26 में छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केन्द्रीकृत परीक्षा आयोजित की जाएगी। पांचवी की परीक्षा 16 मार्च ( सुबह 9 से 11 बजे ) तथा आठवीं की परीक्षा 17 मार्च ( सुबह 9 से 12 बजे ) से शुरू होंगे। इन परीक्षाओं के लिए गोपनीय सामग्रियों का वितरण सेजस जेआरडी दुर्ग से किया गया। शुक्रवार को धमधा तथा पाटन ब्लॉक के विद्यालयों के संकुल प्राचार्यों को प्रश्न पत्र के सील बंद पैकेट वितरित किए गए।
संकुल प्राचार्यों ने पेटी में को गोपनीय सामग्रियों को रखकर सील किया, जिसे स्कूल बस के जरिए निकट के थाने में जमा कराया गया। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा द्वारा बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पांचवीं की परीक्षा में 23151 तथा आठवीं में 22700 विद्यार्थी शामिल होंगे। पांचवीं की परीक्षा के लिए 1077 तथा आठवीं के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए है। गोपनीय सामग्री वितरण के दौरान सहायक संचालक सीमा नायक व समृद्धि जोशी, एबीईओ संध्या ढीढी, आकांक्षा अग्रवाल व संगीता देवांगन तथा परीक्षा कक्ष प्रभारी नवनीत मौजूद थे।
पांचवी-आठवीं की समय सारणी इस प्रकार : पांचवी गणित 16 मार्च, अंग्रेजी 19 मार्च, हिंदी 23 मार्च, पर्यावरण 25 मार्च | आठवीं गणित 17 मार्च, हिंदी 20 मार्च, अंग्रेजी 24 मार्च, सामाजिक विज्ञान 30 मार्च, विज्ञान 2 अप्रैल तथा संस्कृत/ उर्दू 6 अप्रैल।
सीआईएसएफ जवानों की गुंडागर्दी से यार्ड कर्मचारियों में आक्रोश
भिलाईनगर। स्थानीय बीएसपी क्षेत्र स्थित पीपी यार्ड भिलाई में तैनात सीआईएसएफ और कर्मचारियों के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया है। ताजा घटनाक्रम में, पीपी यार्ड के एक कमर्चारी तरुण के साथ सीआईएसएफ गेट पर कथित तौर पर अभद्र व्यवहार, मारपीट की कोशिश और मानसिक उत्पीड़न का मामला सामने आया है। इससे कर्मचारियों में जबर्दस्त आक्रोश फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित कर्मचारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान सीआईएसएफ के हवलदार जे एस तोमर ने तरुण के साथ न केवल बदतमीजी की, बल्कि सरेआम उसका कॉलर पकड़कर उसे घसीटते हुए सीआईएसएफ ऑफिस तक ले गए। आरोप है कि इस दौरान जवानों ने कई बार उस पर हाथ उठाने का प्रयास किया और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
यार्ड के अन्य कर्मचारियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। सुरक्षा के नाम पर सीआईएसएफ जवानों द्वारा आए दिन कर्मचारियों को धमकाना और उनके साथ दुर्व्यवहार करना एक आम बात हो गई है। कर्मचारियों ने इसे सीधे तौर पर गुंडागर्दी करार देते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से मेहनतकश मजदूरों के मान-सम्मान को गहरी ठेस पहुँच रही है। यार्ड की घटना को लेकर समस्त कमर्चारियों में भारी रोष व्याप्त है।
कर्मचारियों का कहना है कि अब समय आ गया है जब इस तानाशाही के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाई जाए। उन्होंने प्रबंधन से मांग की है कि दोषी सुरक्षा कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और कार्यस्थल पर कर्मचारियों के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित की जाए । हालांकि सीआईएसएफ के आला अधिकारियों के पहुंचने के बाद सीसीटीवी देखा गया एवं जवान द्वारा कमर्चारियों से माफी मांगी गई।
घर बैठे जमा करें निगम शुल्क अदा, निगम ने जारी किया लिंक
दुर्ग। निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम माह मार्च में राजस्व वसूली को गति देने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। निगम प्रशासन ने करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी जोन कार्यालयों एवं मुख्य निगम कार्यालय में टैक्स काउंटर खोले हैं। साथ ही अवकाश के दिनों में भी नागरिकों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से काउंटर खुले रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि नागरिक बिना किसी असुविधा के अपना कर जमा कर सकें।
निगम अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि करदाता 31 मार्च 2026 से पहले चालू वित्तीय वर्ष का संपत्तिकर एवं अन्य कर बिना किसी अतिरिक्त अधिभार या जुर्माने के जमा कर सकते हैं। इसके लिए निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक भी वार्डों घर-घर पहुंचकर करदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें समय पर टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र के भवन एवं भूमि स्वामियों से अपील की गई है कि वे वित्तीय वर्ष 2025-26 का संपत्तिकर, यूजर चार्ज, जलकर, भू-भाटक तथा दुकान किराया 31 मार्च 2026 से पहले अनिवार्य रूप से जमा करें। समय सीमा के भीतर कर जमा करने से नागरिकों को अतिरिक्त अधिभार एवं दंड से बचने का लाभ मिलेगा।
जिन करदाताओं का पूर्व वर्षों का संपत्तिकर बकाया है, वे भी 31 मार्च से पहले भुगतान कर अधिभार से बच सकते हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए निगम ने लिंक जारी किया है, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ही अपने करों का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। निगम प्रशासन ने यह भी बताया कि प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को भी सभी जोन कार्यालयों तथा मुख्य कार्यालय में संपत्तिकर काउंटर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे, जिससे करदाता अवकाश के दिनों में भी आसानी से अपना कर जमा कर सकेंगे।
ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत
राजनांदगांव। रेलवे प्लेटफार्म के पास ट्रेन से गिरने के कारण एक रेल यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
जीआरपी चौकी राजनांदगांव से मिली जानकारी के अनुसार 13 मार्च को रेलवे स्टेशन राजनांदगांव में प्लेटफार्म नंबर 2 में अज्ञात पुरुष उम्र लगभग 70 वर्ष जो ट्रेन नंबर 12810 हावड़ा मुंबई मेल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में गेट के पास बैठकर आ रहा था। जैसे ही गाड़ी राजनांदगांव पहुंची तो अज्ञात वृद्ध गेट और पटरी के नीचे आ जाने से दाहिने हाथ के कोहनी के पास से कट जाने एवं शरीर के अन्य भाग पर खरोच आने से तत्काल वहां से रेलवे पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की सहायता से जीएमसी अस्पताल पेंड्री राजनांदगांव के शव शीतगृह में रखवाया गया है। वारिसानों का पता तलाश किया जा रहा है।
बस की चपेट में आकर चालक की मौत
राजनांदगांव। सड़क किनारे पत्थर के सहारे खड़ी बस पत्थर टूट जाने से वह सीधे सामने अचानक चल पड़ी। दीवार से जा टकराई। हादसे में बस के सामने खड़े ड्राइवर की दबने से मौत हो गई। दुर्घटना शुक्रवार की सुबह गंज चौक में हुई।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह लगभग 7.30 बजे गंज चौक में एक बस खड़ी थी। चालक ने बस के सामने पत्थर टिका रखा था। बताया जाता है कि बस के पहियों में जो पत्थर था, वह अचानक टूट गया । इसके चलते बस अचानक चल पड़ी और वह सीधे सामने दीवार से जा टकराई । प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार वह अचानक बस चल जाने से बस और दीवार के बीच जा फंसा। हादसे में गंभीर चोट लग जाने से उसकी मौत हो गई । मृतक का नाम भागीरथी साहू उम्र लगभग 27 वर्ष निवासी ग्राम सिंघोला बताया जाता है।
तेज आवाज में डीजे बजाने वाले के खिलाफ कार्रवाई
राजनांदगांव। तेज आवाज में देर रात तक डीजे बजाने वाले के खिलाफ बसंतपुर पुलिस ने कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू से मिली जानकारी के अनुसार अनावेदक का नाम आकाश साहू पिता अशोक साहू उम्र 21 वर्ष निवासी शिव मंदिर के पास बसंतपुर बताया जाता है। उन्होंने बताया कि 12 मार्च को सूचना प्राप्त हुई कि आर. के. नगर चौक भवन में शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा है, जहां डी.जे. संचालक द्वारा निर्धारित समयावधि के पश्चात भी अत्यधिक तेज आवाज में देर रात तक डी.जे. बजाया जा रहा है।
सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा डी.जे. संचालक को वैध अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया। डी.जे. संचालक आकाश साहू द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया तथा लिखित में अनुमति न होना बताया गया। जिस पर उसके कब्जे से 2 नग साउंड बॉक्स एवं 2 नग डी.जे. प्लेयर जप्त कर आकाश साहू के विरुद्ध धारा 15, 16 कोलाहल अधिनियम के तहत कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया गया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

