मनेंद्र पटेल, दुर्ग। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पाटन, उतई, अमलेश्वर, नंदनी और रानीतराई थाना क्षेत्रों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकद राशि सहित कुल 6 लाख 15 हजार 820 रुपये का मशरूका और वारदात में प्रयुक्त तीन दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में बीते कुछ महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। जिले के कई थानों में सूने घरों में चोरी की शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल था। लगातार हो रही वारदातें दुर्ग पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी थीं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसे ग्रामीण इलाकों में हो रही चोरियों पर पैनी नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर रायपुर के मठपुरैना क्षेत्र में रहने वाले मनीष अमोरिया, जितेंद्र गायकवाड़ और रवि साहू को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मठपुरैना में इडली-डोसा बेचने का काम करते हैं और खाली समय में सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर 2025 को वे ग्राम अछोटी पहुंचे थे, जहां एक सूने मकान से चांदी के सामान चोरी किए गए। इसके बाद दिसंबर 2025 में ग्राम औसर के एक सूने घर से सोने का गुलबंद, चांदी की बिछिया और पायल के अलावा 25 हजार रुपये नकद चोरी किए। वहीं उतई थाना क्षेत्र के गोडपेण्ड्री स्थित एक सूने मकान से सोने के दो लॉकेट, सोने का गेहूं दाना, चांदी की पायल और 3 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ किया गया।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी चिन्हित कर गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात, नकद रकम और तीन दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और संभावना है कि आने वाले दिनों में और चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर बंद करते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


