पटना। बिहार के मोकामा क्षेत्र में हाथीदह और मरांची के बीच ई-रिक्शा (टोटो) चालकों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी है। चालकों का आरोप है कि उनसे स्टैंड शुल्क (वेरियल) के नाम पर मनमानी वसूली की जा रही है, जिससे परिवहन व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चालकों के अनुसार, रसीद पर निर्धारित शुल्क 40 रुपये है, लेकिन ठेकेदार के कर्मचारी 80 रुपये वसूल रहे हैं। इसके अलावा, अब उनसे 190 रुपये की मांग की जा रही है, जो उनकी दैनिक आमदनी के हिसाब से असंभव है। उन्होंने यह भी कहा कि रिजर्व सवारी पर कर्मचारियों की तरफ से 30% अतिरिक्त शुल्क वसूला जाता है, जिसका कोई कानूनी आधार नहीं है।

बेरियल ठेकेदार चंदन कुमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने स्टैंड का ठेका लाखों रुपये की बोली लगाकर लिया है, लेकिन चालक शुल्क देने से बच रहे हैं और झूठे आरोप लगा रहे हैं।

इस विवाद की गंभीरता को देखते हुए मरांची के मुखिया गौरव कुमार ने भी चालकों का समर्थन किया और एनएच पर उतर आए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मरांची पुलिस बल तैनात किया गया है।

हाथीदह थाना प्रभारी अवध कुमार ने इस गतिरोध को समाप्त करने के लिए पहल की और टोटो चालकों तथा ठेकेदारों की एक संयुक्त बैठक थाने में बुलाई। प्रशासन का कहना है कि दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ही उचित और न्यायपूर्ण समाधान निकाला जाएगा।