Bihar Crime: बिहार के समस्तीपुर में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना हलई थाना क्षेत्र के जोरपुरा गांव की है। घटना के बाद नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर आगजनी की। इस दौरान उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।

खेत देखने गए थे सुरेंद्र सहनी

मृतक की पहचान सुरेंद्र सहनी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार सुरेंद्र सहनी अपने खेत को देखने के लिए गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। सुरेंद्र के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

कोई गिरफ्तारी नहीं होने से भड़के परिजन

घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, जिसे लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। नाराज ग्रामीणों ने इस दौरान पटोरी-चकलालशाही रोड को जाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह परिजनों को शांत कराया गया और जाम को हटवाया।

10 इंच जमीन के लिए हुई हत्या

सुरेंद्र सहनी की बेटी रीता देवी ने बताया कि, उसके पिता की हत्या महज 10 इंच जमीन के छोटे से विवाद को लेकर की गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव के ही लाल सहनी, सीताराम सहनी, मनोहर सहनी और सियाराम सहनी ने इस घटना को अंजाम दिया है। रीता ने बताया कि, लगभग तीन महीने पहले भी इन्हीं लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पटोरी थाने में दर्ज कराई गई थी।

रीता देवी के अनुसार, जमीन को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई थी और मापी भी कराई गई थी। इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ और आरोपियों ने जबरन बाउंड्री वॉल बना ली थी। घटना वाले दिन जब सुरेंद्र सहनी अकेले खेत देखने गए, तो आरोपियों ने मौका देखकर उन्हें घेर लिया और पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।

पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी की कही बात

घटना के संबंध में पटोरी डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि, यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी हुई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- रोहतास में लकड़बग्घों का झुंड दिखने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू अभियान