महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मावल तालुका के एक कॉलेज कैंपस में पुल-अप्स करते समय बास्केटबॉल का एक पोल गिरने से 20 साल के एक मरीन इंजीनियरिंग स्टूडेंट की मौत हो गई। मृतक विशाल वर्मा बीटेक का सेकंड ईयर का स्टूडेंट था। वह रोजाना की तरह सुबह करीब 7:30 बजे दौड़ लगाने के बाद बास्केटबॉल कोर्ट पर रुका और बास्केट के मेटल के घेरे को पकड़कर पुल-अप्स करने लगा। इसी दौरान पोल गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय विशाल वर्मा के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी थे। विशाल इंजीनियरिंग संस्थान में द्वितीय वर्ष के छात्र थे।

कैसे हुआ हादसा?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विशाल रविवार तड़के एक्सरसाइज करने के लिए परिसर में रुका था। तभी वह पुल-अप्स करने के लिए बास्केटबॉल कोर्ट में पहुंचा और बोर्ड को पकड़कर लटकने लगा। इस बीच बास्केटबॉल का ढांचा टूटकर गिर गया और विशाल के गर्दन में बुरी तरह चोट लग गई। इसके बाद आनन फानन में उन्हें तलेगांव इलाके के पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनके गर्दन में फ्रैक्चर हुआ था।

एंबुलेंस भी देर से पहुंची

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि हादसे के बाद एंबुलेंस देर से पहुंची थी, जिससे विशाल को बचाया नहीं जा सका। हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि वह कॉलेज में हुई लापरवाही की जांच कर रहे हैं। तोलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल डॉ. संजीत कानूनगो ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि वह इस घटना की जांच करेंगे। छात्र के माता-पिता को सूचना दे दी गई है।

हरियाणा में भी हो चुका है ऐसा हादसा

पिछले साल हरियाणा के रोहतक और बहादुरगढ़ में भी ऐसा मामला सामने आया है। रोहतक में एक 16 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी कोर्ट में अभ्यास कर रहे थे। तभी खंभे का हुप पकड़ने पर वह नीचे आ गया था, जिसमें दबकर उनकी मौत हो गई थी। बहादुरगढ़ में 15 वर्षीय अमन की सरकारी स्कूल परिसर में स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में खंभा गिरने से मौत हो गई थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m