प्रमोद कुमार/भभुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया केंद्रीय बजट मात्र एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण की मजबूत नींव है। यह बातें पूर्व मंत्री सह विधान पार्षद (MLC) संतोष कुमार सिंह ने शनिवार को भभुआ सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहीं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में भभुआ विधायक भारत बिंद और भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनेंगे युवा
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए संतोष सिंह ने रोजगार के मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने कहा बजट में छोटे उद्योगों और MSME सेक्टर को जो संजीवनी दी गई है, उससे देश का युवा ‘जॉब सीकर’ के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बनेगा।
स्वरोजगार की राह
140 करोड़ की आबादी वाले देश में सबको सरकारी नौकरी देना संभव नहीं, इसलिए सरकार ने ऐसी नीतियां बनाई हैं जिससे युवा आसानी से अपना उद्योग लगा सकें और दूसरों को भी काम दे सकें।
बिहार की नदियों में छिपी है तरक्की की लहर
बिहार के विकास पर चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री ने जलमार्गों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गंगा और अन्य नदियों को परिवहन से जोड़ने की पहल बिहार की अर्थव्यवस्था के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित होगी। इससे न केवल माल ढुलाई सस्ती होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक्स और परिवहन के क्षेत्र में हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
‘विजन की कमी से पैदा होती है शिकायत
बजट पर विपक्ष की नारेबाजी को संतोष सिंह ने ‘नकारात्मक राजनीति’ करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिनके पास विजन की कमी होती है, वे केवल शिकायतें करते हैं। इस बजट ने गरीब, मध्यम वर्ग और संपन्न वर्ग के बीच एक उत्कृष्ट संतुलन बिठाया है।
UCC और न्यायपालिका पर भरोसा
समान नागरिक संहिता (UCC) के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी और सरकार को सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है। न्यायपालिका का जो भी फैसला आएगा, वह राष्ट्रहित में सर्वोपरि होगा।
प्रेस वार्ता में प्रमुख उपस्थिति
बैठक में भाजपा के महामंत्री संतोष खरवार, रघुवंश राम, वरिष्ठ नेता दीनानाथ सिंह और कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में एमएलसी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बजट की जन-कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


