जुबैर अंसारी, सुपौल। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां किशनपुर ब्लॉक परिसर स्थित सभा भवन के एक अनुपयोगी बाथरूम में महिला कांस्टेबल ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मृतका की पहचान भोजपुर (आरा) जिले के पटखौली गांव की रहने वाली रितु कुमारी के रूप में हुई है। रितु वर्तमान में मुजफ्फरपुर जिला बल में तैनात थीं और इन दिनों सुपौल के भीमनगर स्थित बीएमपी (BMP) कैंप में ट्रेनिंग के लिए आई हुई थीं।

दुपट्टे से लटका मिला शव

घटना की जानकारी शनिवार रात उस समय हुई जब महिला कांस्टेबल रितु का शव एक ऐसे बाथरूम में दुपट्टे से लटका पाया गया, जो लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं था। बताया जा रहा है कि उस बाथरूम का उपयोग चुनाव से संबंधित सामान रखने के लिए किया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोसी रेंज के डीआईजी (DIG) कुमार आशीष, सुपौल के एसपी शरथ आर.एस. और किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

जांच के लिए पहुंची FSL की टीम

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने रितु की जेब से उसका मोबाइल फोन बरामद किया है। साथ ही मौके से कुछ लिखित नोट्स भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। हालांकि, उन नोट्स में क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया है।

पहले भी दो बार की थी जान देने की कोशिश

स्थानीय सूत्रों और सहकर्मियों के बीच चर्चा है कि मृतक महिला कांस्टेबल पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। अपुष्ट खबरों के मुताबिक, भीमनगर बीएमपी में ट्रेनिंग के दौरान भी उन्होंने दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन तब उनके साथियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उनकी जान बचा ली थी। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अब तक इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सभी पहलुओं की जांच कर रही है पुलिस

रितु की तैनाती हाल ही में रामनवमी और ईद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में भी की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि वे सभी पहलुओं, जैसे पारिवारिक विवाद, काम का दबाव या प्रेम प्रसंग, को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रहे हैं। डीआईजी कुमार आशीष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल के कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। महिला कांस्टेबल के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके पहुंचने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस घटना ने पुलिस महकमे में सुरक्षा और जवानों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ईद के मौके पर लगी थी ड्यूटी

मामले को लेकर सुपौल एसपी शरथ आरएस ने आज सुबह प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि, ईद पर्व-2026 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय द्वारा सुपौल जिले में विधि-व्यवस्था ड्यूटी हेतु प्रशिक्षणरत महिला सिपाहियों की तैनाती की गई थी। आवंटित बल को जिले के सभी थानों में प्रतिनियुक्त किया गया था। इसी क्रम में शनिवार की देर संध्या में किशनपुर थाना क्षेत्र के आवासन स्थल पर एक प्रशिक्षु महिला कांस्टेबल द्वारा फांसी लगाने की सूचना प्राप्त हुई।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष किशनपुर, एसडीपीओ सुपौल एवं बीडीओ किशनपुर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पाया गया कि बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिसकर्मियों द्वारा तोड़कर महिला सिपाही को बाहर निकाला गया। जिसके बाद वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए उन्हें सदर अस्पताल,सुपौल ले जाया गया। सदर अस्पताल, सुपौल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है।

मृतकों के परिजनों को दी गई सूचना

थानाध्यक्ष ने बताया कि, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृत प्रशिक्षु महिला कांस्टेबल के परिजनों को तत्काल सूचित कर दिया गया है, जो घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। घटनास्थल को सुरक्षित एवं संरक्षित रखा गया है तथा एफएसएल टीम की सहायता से साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। अन्य सभी आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- पटना सुसाइड मिस्ट्री, तेज आवाज में म्यूजिक और बंद कमरा, बॉयफ्रेंड ने सुनाई मौत से पहले की पूरी कहानी