प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले के भभुआ थाना क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी के कर्मियों पर एक युवक से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना भभुआ थाने के समीप हुई, जहां कुछ देर तक अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बनी रही। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
24 किश्तों पर खरीदी थी बाइक
कुदरा थाना क्षेत्र के भेलमा गांव निवासी शुभम कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने भगवानपुर स्थित हनुमत एजेंसी से एक बाइक खरीदी थी। बाइक की कुल 24 किश्तें निर्धारित थीं। उनका कहना है कि वे नियमित रूप से किश्त जमा करते आ रहे हैं और चालू माह की किश्त की रसीद भी उनके पास सुरक्षित है।
जबरन वसूली का आरोप
पीड़ित के अनुसार, जब वे निजी काम से बाहर थे, तभी मनोज तिवारी (ग्राम उधाव, थाना चेनारी, जिला रोहतास) और अशोक पांडेय (ग्राम तिरोजपुर, थाना दुर्गावती) समेत अन्य लोग उनसे पैसे की मांग करने लगे। आरोप है कि उन्होंने किश्त फेल होने की बात कहकर दबाव बनाया। रसीद दिखाने के बावजूद उनकी बात नहीं मानी गई।
विरोध पर मारपीट का आरोप
शुभम सिंह का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ और उनके सहयोगी राकेश गुप्ता के साथ मारपीट की गई। घटना थाने के पास होने के कारण काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।
पुलिस जांच में जुटी
भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


