Bihar News: पटना विश्वविद्यालय में कल सीएम नीतीश के कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में विश्वविद्यालय अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत 6 छात्र नेताओं के खिलाफ पीरबहोर थाने में मामला दर्ज कर उन्हें आरोपी बनाया गया है। यह कार्रवाई पटना सदर के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी विरेन्द्र चौधरी के लिखित आवेदन पर हुई है। हंगामे के दौरान वे कार्यक्रम में तैनात थे।

अध्यक्ष समेत 6 के खिलाफ FIR दर्ज

पटना पुलिस ने इस मामले में पटना विश्वविद्यालय के अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत 6 छात्र नेताओं को नामजद आरोपी बनाया है। वहीं, इसके अलावा 30 से अधिक अज्ञात छात्रों को भी आरोपी बनाया है, जिन छात्र नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उनमें शांतनु शेखर (अध्यक्ष, पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ), हिमांशु कुमार (सहयोगी) , दीपू कुमार (सहयोगी) ,एहसानुल्लाह रजा (इकबाल छात्रावास) ,मुख्तार (इकबाल छात्रावास) और अनुराग (पटना कॉलेज) का नाम शामिल है।

बीजेपी नेताओं का विरोध

दरअसल कल सोमवार को सीएम नीतीश कुमार विश्वविद्यालय में बने नए शैक्षणिक भवन का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे थे। हालांकि उनके कार्यक्रम में पहुंचने से पहले छात्र नेताओं ने डिप्टी सीएम विजय सिन्हा औऱ शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, सीएम के पहुंचने पर भी उनके साथ मौजूद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का भी छात्रों के एक गुट ने विरोध किया और गो बैक के नारे लगाए। इस दौरन स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।

मजिस्ट्रेट के साथ धक्का-मुक्की

छात्रों का आरोप था कि छात्र संघ के प्रतिनिधियों और कुलपति को कार्यक्रम में बुलाया ही नहीं गया। शिलापट्ट पर नाम नहीं होने को लेकर भी नाराजगी थी। मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, छात्रों को समझाने की कोशिश हुई, लेकिन वे शांत नहीं हुए। इसी दौरान पुलिस और मजिस्ट्रेट के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस अफरातफरी में कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें भी आई हैं।

सब-इंस्पेक्टर विक्की कुमार करेंगे मामले की जांच

घटना की वीडियोग्राफी कराई गई है और उसी के आधार पर अन्य शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर विक्की कुमार को दी गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद अब मामले में आगे क्या कुछ होता है? यह देखने वाली बात होगी।

ये भी पढ़ें- ‘पिता जी की तरह….’, CM नीतीश के इस्तीफे पर बेटे निशांत की पहली प्रतिक्रिया आई सामने, कर दी ये बड़ी मांग