Fire In Rajasthan Chemical Factory : राजस्थान के भिवाड़ी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है. फैक्ट्री में लगी इस भीषण आग में 7 मजदूरों जिंदा जल गए हैं और उनकी मौत हो गई है. फैक्ट्री का प्लॉट नंबर G1/118B बताया जा रहा है, जहां आग अज्ञात कारणों से लगी और केमिकल्स की मौजूदगी के कारण तेजी से फैल गई.

बता दें कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 7 शव बरामद हुए हैं. इस घटना की जानकारी मिलते ही भिवाड़ी एसपी तिजारा, डीएसपी शिवराज सिंह और अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया था. इस घटना के वक्त फैक्ट्री में लगभग 20-25 मजदूर मौजूद थे.

प्रशासन ने बताया कि सोमवार सुबह-सुबह भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी. घटना की जानकारी मिलते ही कई दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया. इसके बाद कर्मचारियों के इनपुट के आधार पर भिवाड़ी, तिजारा और आसपास के इलाकों से कई और दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. जहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है. इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है, जहां 7 कर्मचारियों के शव बरामद किए गए हैं. 

घटना के वक्त मौजूद थे 20-25 मजदूर

जानकारी मिली है कि इस घटना के दौरान फैक्ट्री में लगभग 20-25 मजदूर काम कर रहे थे. जिनमें से कुछ मजदूर खुद बाहर निकल आए, लेकिन कई लोग अंदर फंस गए और आग की लपटों में झुलसकर उनकी मौत हो गई. फैक्ट्री के अंदर फंसे मजदूरों के परिजनों ने आक्रोश व्यक्त किया है, जिसको देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया है, ताकि कोई भी अप्रिय घटना न हो.

अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र ने पुष्टि की है कि मौतों की संख्या 7 तक पहुंच गई है. आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. हालांकि, उस कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.